एकतरफा प्यार में पागल शादीशुदा शख्स ने 15 साल की नाबालिग पर चाकू से किया हमला, मौके पर मौत, आरोपी ने भी खाया जहर

Minor Killed in Surajpur: सूरजपुर जिले के बंशीपुर गांव से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक शादीशुदा शख्स ने एकतरफा प्यार के चलते 15 साल की नाबालिग सब्जी काटने वाले चाकू से लगातार वार कर उसकी हत्या कर दी। वहीं घटना के तुरंत बाद आरोपी ने जहर खाकर आत्महत्या की भी कोशिश की। जानकारी के मुताबिक 32 साल के रामधारी बरगाह शादीशुदा और दो बच्चों के पिता है, जो लंबे समय से नाबालिग लड़की से संपर्क बनाने और छेड़खानी की कोशिश कर रहा था। नाबालिग ने कई बार उसका विरोध भी किया।
यह भी पढ़ें:- बलरामपुर में पटरी से उतरी मिड डे मील योजना, हरी सब्जियां गायब, दाल-अचार पर निर्भर बच्चे
घटना वाले दिन नाबालिग सुबह बकरियां चराने खेत की ओर गई थी। इसी बीच रामधारी अपने दो साथियों के साथ खेत में पहुंचा। उसने लड़की से बात करने और नजदीक आने की कोशिश की, लेकिन लड़की ने विरोध किया। इससे गुस्से में आकर रामधारी ने कमर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू को निकाला और उस पर लगातार हमला करना शुरू कर दिया। गले पर गहरा वार, दोनों हथेलियों पर कई कट, एक हथेली लगभग कट गई। लड़की बहुत ज्यादा खून बहने से वहीं गिर पड़ी। लड़की की चीखें सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जो जैसे-तैसे उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत अंबिकापुर मिशन अस्पताल रेफर किया, लेकिन इलाज के दौरान नाबालिग ने दम तोड़ दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया है।
आरोपी ने की आत्महत्या की कोशिश
घटना के बाद रामधारी और उसके साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस जब उसकी तलाश करते हुए कोरंधा पहुंची तो रामधारी ने खुद को घिरता देख कीटनाशक पी लिया। उसने चाकू और कीटनाशक की बोतल झाड़ियों में फेंककर भागने की कोशिश भी की, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। उसे तुरंत अंबिकापुर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना ने हाल में हुई एक और वारदात की याद ताजा कर दी है। करीब दो महीने पहले भी दशहरा के दिन एकतरफा प्यार के चलते एक युवक ने युवती पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। (Minor Killed in Surajpur)
लोगों ने घटना को लेकर जताई चिंता
पीड़िता के भाई की शिकायत पर आरोपी रामधारी बरगाह के खिलाफ कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी के दोनों साथियों की भी तलाश कर रही है। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले को एकतरफा प्यार से जुड़ा मानते हुए पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है, लेकिन लगातार हो रही ऐसी घटनाएं यह सवाल उठाती हैं कि क्या लड़कियों की सुरक्षा को लेकर मौजूदा व्यवस्था पर्याप्त है ? क्या ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सुरक्षा के लिए अतिरिक्त कदम नहीं उठाए जाने चाहिए ? इधर, बलरामपुर जिले के चौरा कांसदोहर गांव में एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। महिला पिछले 6 सालों से एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
घटना उस समय उजागर हुई जब ग्रामीणों ने घर से लगभग 600 मीटर दूर तालाब में महिला की लाश तैरती हुई देखी। सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीम मौके पर पहुंची। मृतिका के परिवार ने लिव-इन पार्टनर पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। महिला की मौत संदेहास्पद है। हत्या कर लाश को तालाब में फेंकने की आशंका है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है, जिसकी रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों का खुलासा हो सकता है। सूरजपुर की नाबालिग की हत्या और बलरामपुर की महिला की संदिग्ध मौत की घटना महिलाओं की सुरक्षा, एकतरफा प्रेम से जुड़े अपराध और लिव-इन रिलेशन में बढ़ती हिंसा पर गहरा सवाल उठाती हैं। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है।



