Asian Games 2026- मीराबाई चानू ने एशियन गेम्स 2026 में जीता सिल्वर, 28 साल बाद भारत को वेटलिफ्टिंग में मेडल
मीराबाई चानू ने एशियन गेम्स 2026 में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। 198 किलो वजन उठाकर भारत को एशियाई खेलों की वेटलिफ्टिंग में पदक दिलाया।
Asian Games 2026 : भारत की स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने एशियाई खेलों में इतिहास रच दिया है। उन्होंने जापान में आयोजित 2026 एशियन गेम्स की वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। मीराबाई ने फाइनल में कुल 198 किलोग्राम वजन उठाया।
मीराबाई भले ही गोल्ड मेडल नहीं जीत सकीं, लेकिन उनका सिल्वर भारत के लिए बेहद खास है। एशियाई खेलों में वेटलिफ्टिंग में भारत ने 28 साल बाद पदक जीता है। इससे पहले भारत को इस खेल में 1998 के बैंकॉक एशियन गेम्स में पदक मिला था। वहीं, मीराबाई चानू का यह एशियाई खेलों में पहला व्यक्तिगत पदक है।
स्नैच में तीसरे स्थान पर रहीं मीराबाई
फाइनल के स्नैच राउंड में मीराबाई चानू ने 87 किलोग्राम वजन उठाया। इस प्रदर्शन के साथ वह तीसरे स्थान पर रहीं। उत्तर कोरिया की रि सोंग गम ने 94 किलोग्राम वजन उठाकर स्नैच में पहला स्थान हासिल किया। (Asian Games 2026)
इसके बाद क्लीन एंड जर्क में भी रि सोंग गम का दबदबा जारी रहा। उन्होंने 121 किलोग्राम वजन उठाया, जबकि मीराबाई चानू ने 111 किलोग्राम वजन उठाया।
दोनों राउंड के बाद रि सोंग गम का कुल स्कोर 215 किलोग्राम रहा, जबकि मीराबाई ने कुल 198 किलोग्राम वजन उठाकर सिल्वर मेडल हासिल किया।
28 साल बाद भारत को मिला वेटलिफ्टिंग मेडल
एशियाई खेलों में भारत ने आखिरी बार वेटलिफ्टिंग में 1998 में पदक जीता था। बैंकॉक एशियन गेम्स में कर्णम मल्लेश्वरी ने महिलाओं की 63 किलोग्राम स्पर्धा में सिल्वर मेडल हासिल किया था। इसके बाद 2026 तक भारत एशियाई खेलों में वेटलिफ्टिंग का पदक नहीं जीत सका था।
अब मीराबाई चानू ने 28 साल के इस इंतजार को खत्म कर दिया है। टोक्यो ओलंपिक 2020 की सिल्वर मेडलिस्ट मीराबाई ने इससे पहले कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भी गोल्ड मेडल जीता था।
भारत के खाते में 11 मेडल
2026 एशियन गेम्स में भारत के पदकों की संख्या अब 11 हो गई है। इनमें एक गोल्ड, पांच सिल्वर और पांच ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। मेडल टेबल में भारत 11 पदकों के साथ 11वें स्थान पर है। (Asian Games 2026)
यह भी पढ़े :- कांकेर में धर्मांतरण की आशंका से बवाल, ग्रामीणों ने घेरा घर; 3 दिन से पुलिस तैनात



