Google Analytics —— Meta Pixel

मोदी कैबिनेट में बड़े फेरबदल की आहट! इन 6 मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी, शिक्षा से लेकर पेट्रोलियम मंत्रालय तक बदलाव की चर्चा

Modi Cabinet Reshuffle Possibility: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला बड़ा मंत्रिमंडलीय फेरबदल जल्द होने की चर्चा तेज हो गई है। सत्ता के शीर्ष स्तर पर कई दौर की बैठकों और संगठन के फीडबैक के बाद मंत्रिपरिषद में व्यापक बदलाव की तैयारी होने की बात सामने आ रही है। अगर यह फेरबदल होता है तो यह सिर्फ चेहरों का बदलाव नहीं होगा, बल्कि सरकार के प्रदर्शन, आगामी विधानसभा चुनावों और संगठनात्मक रणनीति को ध्यान में रखते हुए पूरी राजनीतिक इंजीनियरिंग का हिस्सा माना जाएगा। सूत्रों के मुताबिक इस संभावित फेरबदल में छह केंद्रीय मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है, जबकि करीब नौ नए चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा कई वरिष्ठ मंत्रियों के विभाग भी बदले जा सकते हैं। 

यह भी पढ़ें:- घूमने का शौक बना सकता है करियर, जानिए टूरिज्म इंडस्ट्री का भविष्य, युवाओं के लिए क्यों खास है यह सेक्टर ?

संभावित फेरबदल में सबसे चर्चित नाम केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का है। संघ और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की पृष्ठभूमि से आने वाले प्रधान लंबे समय से मोदी सरकार का अहम चेहरा रहे हैं। वे 2021 से शिक्षा मंत्रालय संभाल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक उनके कार्यकाल में लगातार सामने आए विवाद सरकार के लिए परेशानी का कारण बने। हाल के सालों में NEET और UGC-NET परीक्षा से जुड़े विवाद, पेपर लीक, CBSE मूल्यांकन व्यवस्था पर सवाल, नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन में देरी और विश्वविद्यालयों से जुड़े कई फैसलों को लेकर विपक्ष ने सरकार को लगातार घेरा। इन घटनाओं के बाद कई छात्र संगठनों ने प्रदर्शन भी किए और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सरकार शिक्षा क्षेत्र में नई शुरुआत का संदेश देना चाहती है, इसलिए इस मंत्रालय में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। (Modi Cabinet Reshuffle Possibility )

हरदीप सिंह पुरी को लेकर भी चर्चा

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम भी संभावित बदलाव की सूची में बताया जा रहा है। 1974 बैच के पूर्व भारतीय विदेश सेवा अधिकारी पुरी 2017 से मोदी सरकार का हिस्सा हैं। सूत्रों के मुताबिक उनके लंबे कार्यकाल, बढ़ती उम्र और हाल के महीनों में विपक्ष की ओर से एपस्टीन फाइल्स को लेकर लगाए गए आरोपों के बाद सरकार नए चेहरे को मौका देने पर विचार कर सकती है। रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। पंजाब विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी उन्हें संगठन में बड़ी जिम्मेदारी देकर राज्य की राजनीति में सक्रिय कर सकती है। हाल के बयानों में बिट्टू ने भी पंजाब लौटकर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बीजेपी पंजाब में मजबूत नेतृत्व तैयार करना चाहती है और इसी रणनीति के तहत उनकी भूमिका बदली जा सकती है।

‘एक व्यक्ति, एक पद’ नीति के कारण हट सकते हैं दो मंत्री

वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी और सहकारिता राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा को भी मंत्रिमंडल से बाहर किए जाने की चर्चा है। पंकज चौधरी फिलहाल उत्तर प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। वहीं हर्ष मल्होत्रा दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष बनाए जा चुके हैं। बीजेपी लंबे समय से ‘एक व्यक्ति, एक पद’ की नीति की बात करती रही है। ऐसे में संगठन और सरकार दोनों की जिम्मेदारी निभा रहे नेताओं को किसी एक भूमिका तक सीमित किया जा सकता है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए पार्टी चाहती है कि पंकज चौधरी पूरा समय संगठन को दें। इसी तरह दिल्ली में भी बीजेपी संगठन को मजबूत करने के लिए हर्ष मल्होत्रा पर पूरा फोकस करना चाहती है।अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन को लेकर भी बदलाव की चर्चा है। केरल की राजनीति और वहां पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए संगठन नए समीकरण बनाने की तैयारी में बताया जा रहा है।

क्यों हो रहा है फेरबदल ?

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि मोदी सरकार में कैबिनेट फेरबदल सिर्फ मंत्री बदलने तक सीमित नहीं रहता। इसके पीछे कई बड़े राजनीतिक और प्रशासनिक कारण होते हैं। इनमें सबसे पहला कारण मंत्रियों का प्रदर्शन माना जाता है, जिन मंत्रालयों में सरकार को अपेक्षित परिणाम नहीं मिलते या जहां विवाद लगातार बने रहते हैं, वहां बदलाव किए जाते हैं। दूसरा कारण आगामी विधानसभा चुनाव होते हैं। अगले कुछ सालों में उत्तर प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और कई अन्य राज्यों में चुनाव होने हैं। ऐसे में उन राज्यों के नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल कर राजनीतिक संदेश देने की रणनीति अपनाई जा सकती है। तीसरा कारण संगठन और सरकार के बीच संतुलन बनाना होता है। बीजेपी समय-समय पर नेताओं को सरकार से संगठन और संगठन से सरकार में भेजती रही है। (Modi Cabinet Reshuffle Possibility)

मोदी सरकार के फेरबदल का रिकॉर्ड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में अब तक कई बड़े कैबिनेट विस्तार और फेरबदल हो चुके हैं। 2014 में पहली बार 21 नए मंत्री शामिल किए गए। 2016 में 19 नए चेहरों को मौका मिला और पांच मंत्रियों को हटाया गया। 2017 में छह मंत्रियों के इस्तीफे लिए गए और नौ नए मंत्री शामिल हुए। 2021 में सबसे बड़ा फेरबदल हुआ, जिसमें 36 नए चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह मिली जबकि 12 वरिष्ठ मंत्रियों की विदाई हुई। इन सभी फेरबदल में एक समान पैटर्न देखने को मिला, जिसमें प्रदर्शन, चुनावी रणनीति, सामाजिक संतुलन और संगठनात्मक मजबूती शामिल हैं। फिलहाल मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कोई घोषणा नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं लगातार तेज हैं। अगर सूत्रों के दावे सही साबित होते हैं तो आने वाले दिनों में मोदी सरकार अपने तीसरे कार्यकाल का सबसे बड़ा कैबिनेट फेरबदल कर सकती है। इसमें कई वरिष्ठ मंत्रियों की विदाई, कई नए चेहरों की एंट्री और अहम मंत्रालयों के पुनर्वितरण के जरिए सरकार 2027 और उसके बाद के चुनावी समीकरणों को साधने की कोशिश करती दिखाई दे सकती है।

Back to top button
error: Content is protected !!