Google Analytics —— Meta Pixel

मानसून में बढ़ा बीमारियों का खतरा, डेंगू से निमोनिया तक रहें सतर्क, समय पर पहचान और बचाव है सबसे बड़ा हथियार

Monsoon Related Disease: देशभर में मानसून ने दस्तक दे दी है और कई राज्यों में लगातार बारिश हो रही है। बारिश का मौसम जहां गर्मी से राहत देता है, वहीं अपने साथ कई तरह की संक्रामक और मौसमी बीमारियां भी लेकर आता है। जलभराव, गंदा पानी, बढ़ते मच्छर और संक्रमण फैलाने वाले कीट-पतंगे लोगों की सेहत के लिए बड़ा खतरा बन जाते हैं। ऐसे समय में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर बीमारी का कारण बन सकती है। विशेषज्ञों के मुताबिक भारत में हर साल मानसून के दौरान पानी और मच्छर जनित बीमारियों के लाखों मामले सामने आते हैं। डायरिया, हैजा और टाइफाइड जैसी जलजनित बीमारियों के हर साल औसतन 40 से 45 लाख मामले दर्ज किए जाते हैं।

यह भी पढ़ें:- भारत में पहली डेंगू वैक्सीन QDENGA को मिली मंजूरी, 4 से 60 साल तक के लोगों को लगेगी दो डोज, बिना जांच भी होगा टीकाकरण

वहीं डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसे मच्छर जनित रोग भी तेजी से फैलते हैं। इसके अलावा वायरल फीवर, फ्लू, हेपेटाइटिस-ए, गैस्ट्रोएंटेराइटिस, लेप्टोस्पायरोसिस और त्वचा संक्रमण के मरीजों की संख्या भी बारिश के मौसम में बढ़ जाती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इन बीमारियों में सबसे बड़ी चुनौती यह है कि लोग शुरुआती लक्षणों को सामान्य वायरल या सर्दी-जुकाम समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। कई मरीज तब तक डॉक्टर के पास नहीं पहुंचते, जब तक बीमारी गंभीर रूप नहीं ले लेती। ऐसे में समय पर पहचान और इलाज बेहद जरूरी है। (Monsoon Related Disease)

मानसून में होने वाली बीमारियां

  • मलेरिया
  • डेंगू
  • चिकनगुनिया
  • टाइफाइड
  • हैजा
  • हेपेटाइटिस-ए
  • वायरल फीवर और फ्लू
  • गैस्ट्रोएंटेराइटिस
  • लेप्टोस्पायरोसिस
  • त्वचा के संक्रमण
  • निमोनिया

बच्चों में निमोनिया का खतरा

बारिश के मौसम में छोटे बच्चों में निमोनिया का खतरा भी बढ़ जाता है। यह बीमारी समय पर इलाज नहीं मिलने पर जानलेवा साबित हो सकती है। इसलिए अभिभावकों को इसके शुरुआती संकेतों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। अगर बच्चा बहुत तेजी से सांस ले रहा हो, सांस लेते समय उसकी पसलियां अंदर धंस रही हों, नथुने फूल रहे हों, होंठ या नाखून नीले पड़ने लगें, दूध या खाना पीना-खाना छोड़ दे, बहुत ज्यादा सुस्त रहने लगे या बार-बार सोता रहे और लगातार तेज बुखार बना रहे तो इसे गंभीर संकेत माना जाता है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर घरेलू उपचार या लापरवाही करने के बजाय तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए, क्योंकि समय पर इलाज मिलने से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है। (Monsoon Related Disease)

निमोनिया किन कारणों से होता है ?

विशेषज्ञों के मुताबिक निमोनिया फेफड़ों का एक गंभीर संक्रमण है, जो मुख्य रूप से वायरस या बैक्टीरिया के कारण होता है, जबकि कुछ मामलों में फंगस भी इसकी वजह बन सकता है। अक्सर लोग निमोनिया को सामान्य सर्दी-खांसी समझने की गलती कर देते हैं, जबकि दोनों में स्पष्ट अंतर होता है। सामान्य सर्दी-खांसी में हल्का या बिल्कुल बुखार नहीं होता, नाक बहना और छींक आना प्रमुख लक्षण होते हैं। हल्की खांसी के साथ मरीज सामान्य गतिविधियां करता रहता है और कुछ दिनों में ठीक भी हो जाता है। वहीं निमोनिया में तेज बुखार, लगातार या गंभीर खांसी, सांस फूलना या तेजी से सांस लेना, बहुत ज्यादा कमजोरी, सुस्ती और सांस लेने में कठिनाई जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। अगर समय पर इलाज न मिले तो निमोनिया की स्थिति तेजी से गंभीर हो सकती है, इसलिए ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून में थोड़ी सावधानी बरतकर अधिकांश बीमारियों से बचा जा सकता है।

बचाव ही सबसे बड़ा उपाय

  • साफ और उबला या फिल्टर किया हुआ पानी पिएं।
  • बाहर का खुला और बासी भोजन खाने से बचें।
  • घर और आसपास पानी जमा न होने दें।
  • मच्छरदानी, फुल बाजू के कपड़े और मच्छररोधी उपाय अपनाएं।
  • हाथों की नियमित सफाई रखें।
  • बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखें।
  • तेज बुखार, लगातार उल्टी-दस्त, सांस लेने में परेशानी या कमजोरी होने पर तुरंत डॉक्टर से जांच कराएं।

समय पर पहचान से बच सकती है जान

विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून के दौरान होने वाली अधिकांश बीमारियों का समय रहते इलाज संभव है, लेकिन इसके लिए लक्षणों को पहचानना और इलाज में देरी न करना बेहद जरूरी है। डेंगू, मलेरिया, निमोनिया या पानी से फैलने वाली बीमारियों को सामान्य बुखार समझकर नजरअंदाज करना गंभीर परिणाम दे सकता है। इसलिए बारिश के मौसम में सतर्क रहें, स्वच्छता का पालन करें और किसी भी गंभीर लक्षण पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। मानसून का मौसम जितना सुहाना होता है, उतना ही संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ा देता है। ऐसे में सतर्क रहना, साफ-सफाई का ध्यान रखना, शुरुआती लक्षणों को पहचानना और समय पर डॉक्टर से सलाह लेना ही सबसे बड़ा बचाव है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों की विशेष देखभाल जरूरी है। याद रखें, थोड़ी सी जागरूकता और समय पर इलाज कई गंभीर बीमारियों से बचाकर जीवन की रक्षा कर सकता है।

Back to top button
error: Content is protected !!