संसद के भीतर हंगामा, बाहर पोस्टर वार, NDA और विपक्ष के बीच बढ़ा टकराव

Monsoon Session of Parliament: संसद के मानसून सत्र के अंतिम पड़ाव में भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी टकराव थमने का नाम नहीं ले रहा है। सत्र खत्म होने में महज कुछ दिन बाकी हैं, लेकिन सदन के भीतर लगातार हंगामा और नारेबाजी के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा है। मंगलवार को भी लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों के हंगामे और नारेबाजी के बीच सदन को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया। इसके बाद राज्यसभा की भी कार्यवाही नहीं हो सकी। संसद के भीतर जहां लाठीचार्ज और चंदा चोरी जैसे मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं, वहीं संसद परिसर के बाहर भी दोनों खेमों के सांसदों के बीच पोस्टरबाजी और नारेबाजी देखने को मिली। NDA और कांग्रेस सांसदों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर हमला बोला।
यह भी पढ़ें:- झीरम मामले में आज भी पूरी नहीं हो पाई सुनवाई, कल फिर बचाव और अभियोजन पक्ष रखेंगे दलील
मानसून सत्र अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है, लेकिन सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध खत्म नहीं हुआ है। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी। लगातार हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही को कल तक के लिए स्थगित करना पड़ा। संसद के भीतर और बाहर दोनों जगह राजनीतिक टकराव की तस्वीर साफ दिखाई दी। विपक्ष जहां सरकार से अलग-अलग मुद्दों पर जवाब मांग रहा है, वहीं सरकार विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने और चर्चा से भागने का आरोप लगा रही है। संसद परिसर में उस समय माहौल और गरमा गया, जब कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वहां पहुंची। इस दौरान BJP सांसदों ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। BJP सांसदों ने प्रियंका गांधी से सवाल किया कि राहुल गांधी झारखंड में प्रदर्शनकारी छात्रों से क्यों नहीं मिल रहे हैं। इस पर प्रियंका गांधी ने जवाब दिया राहुल गए हैं और छात्रों से मिल भी चुके हैं।

NDA का विरोध मार्च, विपक्ष ने भी किया प्रदर्शन
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई। संसद में NDA सांसदों ने विपक्ष के खिलाफ विरोध मार्च निकाला। इस दौरान विपक्षी सांसदों ने भी प्रदर्शन किया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और संसद परिसर में नारेबाजी शुरू हो गई। NDA सांसदों ने विपक्ष पर संसद में चर्चा से भागने का आरोप लगाया। वहीं कांग्रेस सांसदों ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई को मुद्दा बनाया और गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ प्रदर्शन किया। विपक्ष की मांग है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर गृहमंत्री अमित शाह सदन में जवाब दें। दूसरी ओर सरकार का कहना है कि गृहमंत्री अमित शाह सदन में हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्ष को सदन से वॉकआउट नहीं करना चाहिए। (Monsoon Session of Parliament)

बयानबाजी में भी तेज हुआ सियासी वार
संसद में जारी गतिरोध के बीच दोनों पक्षों के नेताओं के बीच जुबानी जंग भी तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि गृहमंत्री किसी वजह से डरे हुए हैं। इस पर BJP सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका भागने का पुराना रिकॉर्ड है। दोनों दलों के नेताओं के इन बयानों से साफ है कि संसद के भीतर का गतिरोध अब सड़क और राजनीतिक मंचों तक भी पहुंच चुका है। संसद में लगातार हो रहे हंगामे के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जनता के मुद्दों पर चर्चा कब होगी ? संसद देश की नीतियां बनाने और जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर बहस का सबसे बड़ा मंच है। ऐसे में लगातार स्थगन और हंगामे के कारण संसदीय कामकाज प्रभावित होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
100 करोड़ रुपए से ज्यादा के खर्च पर भी सवाल
संसद के संचालन पर होने वाले खर्च को लेकर भी चर्चा तेज है। जानकारी के मुताबिक संसद चलाने का खर्च करीब 2.5 लाख रुपए प्रति मिनट बताया जाता है। एक घंटे के हिसाब से यह खर्च करीब 1.5 करोड़ रुपए और एक दिन का खर्च करीब 10 से 12 करोड़ रुपए तक पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में अगर लगातार हंगामे और स्थगन के कारण सदन का कामकाज प्रभावित होता है तो जनता के टैक्स से होने वाले इस खर्च को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। 20 जुलाई से शुरू हुए मानसून सत्र के अंतिम दिनों में पहुंचने के बावजूद सदन में लगातार गतिरोध बना हुआ है। अब तक के कामकाज और स्थगन को देखते हुए संसद के संचालन पर 100 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि यह रकम संसद के पूरे संचालन से जुड़े अनुमानित खर्च के आधार पर देखी जानी चाहिए। (Monsoon Session of Parliament)
जनता के टैक्स के पैसे पर सियासी घमासान
सवाल यह है कि इतने बड़े खर्च के बावजूद अगर सदन में जनता से जुड़े मुद्दों पर पर्याप्त चर्चा नहीं हो पा रही है तो इसकी जवाबदेही किसकी है? संसद के भीतर सत्ता पक्ष और विपक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। कोई विपक्ष पर चर्चा से भागने का आरोप लगा रहा है तो कोई सरकार पर महत्वपूर्ण मुद्दों से बचने का आरोप लगा रहा है। नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप और विरोध प्रदर्शन लगातार जारी हैं, लेकिन इस पूरे सियासी संग्राम के बीच जनता के मुद्दे पीछे छूटते नजर आ रहे हैं। मानसून सत्र अब अंतिम दौर में है। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि बचे हुए दिनों में संसद में कामकाज होगा या सियासी टकराव और हंगामे का सिलसिला जारी रहेगा ? सवाल सिर्फ संसद के चलने का नहीं, बल्कि उस जनता के पैसे और उम्मीदों का भी है, जिसके टैक्स से देश की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक संस्था चलती है।



