AAP छोड़ने के बाद सांसदों का हमला तेज, राघव चड्ढा समेत बीजेपी ज्वाइन करने वाले सांसदों ने खोला मोर्चा

MPs Attack on AAP: आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल होने वाले राज्यसभा सांसदों ने AAP के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राज्यसभा सांसद स्वाती मालिवाल ने कहा कि मैंने आम आदमी पार्टी छोड़ दी है और मैं भाजपा में शामिल हो गई हूं। 2006 से मैं अरविंद केजरीवाल के साथ काम कर रही थी, अपना घर छोड़ा, नौकरी छोड़ी, 7 साल झुग्गियों में रही और हर आंदोलन में उनका साथ दिया लेकिन अरविंद केजरीवाल ने अपने ही घर में मुझे एक गुंडे से पीटवाया। जब मैंने इसके खिलाफ आवाज उठाई तो मुझे डराया, धमकाया गया। इसके चलते 2 साल में मुझे एक बार भी पार्टी के समय से संसद में बोलने का मौका नहीं दिया गया। अरविंद केजरीवाल महिला विरोधी हैं, वे देश में झूठ, भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी के लिए जाने जाते हैं। वे पंजाब की सरकार को रिमोट कंट्रोल से चला रहे हैं और पंजाब को इन्होंने अपना निजी ATM बना दिया है।
यह भी पढ़ें:- सक्ती प्लांट हादसे को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान, मुख्य सचिव और DGP को नोटिस जारी
सांसद मालिवाल ने आगे कहा कि रेत खनन, नशीली दवाओं का उपयोग पंजाब में चरम पर है, सब कुछ इनकी शह के नीचे हो रहा है। मैं मानती हूं कि प्रधानमंत्री मोदी न सिर्फ देश में बल्कि विश्व में सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं चाहे वह ऑपरेशन सिंदूर हो, देश से नक्सलवाद पूरी तरह खत्म करना हो, या महिला आरक्षण बिल संसद में लाना हो। मैं किसी मजबूरी में भाजपा में शामिल नहीं हो रही, मैं इसलिए भाजपा में शामिल हो रही हूं क्योंकि मैं दिल से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्वास करती हूं। वहीं राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने कहा कि हमने यह फैसला पंजाब के संकट को देखते हुए लिया है। वहां ग्राउंड वाटर लेवल नीचे जा रहा है। पंजाब पर 4,50,000 करोड़ का कर्ज है। (MPs Attack on AAP)
पंजाब में नौकरियां नहीं: सांसद साहनी
सांसद साहनी ने कहा कि पंजाब में नौकरियां नहीं हैं। जब लोगों को नौकरियां नहीं मिलती तो युवा नशे की लत का शिकार हो जाते हैं। पंजाब ICU में है। उद्योग बाहर जा रहे हैं। वहां नेतृत्व की कमी है, जब तक केंद्र और राज्य का तालमेल न हो तब तक काम नहीं हो सकता है। हमने सोचा कि यह पंजाब और पंजाबियों के लिए लाभकारी निर्णय होगा। वहीं सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि जो व्यक्ति AAP से जुड़ा था, वह या तो AAP छोड़ चुका है या छोड़ रहा है। 7 सांसदों ने मिलकर AAP को छोड़ा है। AAP के नेता कह रहे हैं कि हम डर गए हैं, लेकिन हम डरके नहीं, बल्कि हताश होकर AAP से गए हैं। आज दिल्ली में शीश महल पार्ट 2 बनकर तैयार हुआ है, जिसकी कुछ तस्वीरे सामने आई हैं। दिल्ली चुनाव हारने का सबसे बड़ा कारण शीश महल था। AAP को इन सभी विषयों पर चिंतन करना चाहिए।


दरअसल, बीजेपी ने दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल के 95 लोधी एस्टेट के आवास की तस्वीरें जारी की हैं। मंत्री प्रवेश वर्मा ने आगे कहा कि अन्ना आंदोलन का सहारा लेकर, महात्मा गांधी, शहीद भगत सिंह की फोटो का सहारा लेकर, आम आदमी पार्टी की टोपी पहनकर, एक रुपए के स्टैंप पेपर पर हलफनामा देने वाला, बच्चों की झूठी कसम खाने वाला दिल्ली का रहमान डकैत के शीशमहल 2 को हम दिखाने जा रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ने पहले दिल्ली में शीशमहल बनाया वह हम सब जानते हैं। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली के धुरंधर मतदाताओं ने दिल्ली के रहमान डकैत को हरा दिया तो वे पंजाब चले गए तो भगवंत मान की मुश्किलें बढ़ गई, क्योंकि उन्हें घर के चारों तरफ जो 4 सरकारी बड़े घर हैं। (MPs Attack on AAP)

मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि सरकारी बड़े घरों में से एक पर अरविंद केजरीवाल, दूसरे पर सत्येंद्र जैन, तीसरे पर संजय सिंह और चौथे पर मनीश सिसोदिया ने कब्जा कर लिया। वहां उन्होंने दूसरा शीशमहल बनाया। दिल्ली में वे कई सालों से बंग्ले के लिए जाते रहे और जब उन्हें बंग्ला मिला, जहां कल वे 95 लोधी स्टेट में शिफ्ट हुए, उसकी तस्वीर से हम हैरान हो गए। कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल के मन में अभी भी ‘शीशमहल’ रहता है। प्रवेश वर्मा ने ने कहा कि केजरीवाल ने अपने सरकारी आवास को आलीशान बनाने के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए हैं। यह सरकारी घर है, लेकिन इस घर में जो पैसा लगा है वह सरकारी नहीं है। इस घर में लगा एक-एक पैसा निजी है, जो आदमी कहता था मैं बंग्ला, मकान नहीं लूंगा उसका अर्थ था कि मैं साधारण घर नहीं महल लूंगा। मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि जितना दिमाग उन्होंने एक-एक कमरों पर लगाया है, अगर उतना समय वे दिल्ली के कार्यों में लगाते तो शायद आज उनके कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी को छोड़कर नहीं जा रहे होते।

बीजेपी के आरोप पर दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और AAP नेता आतिशी ने कहा कि प्रवेश वर्मा की ओर से जारी कि गई सारी तस्वीरें फर्जी हैं। वे केजरीवाल जी के घर की तस्वीरें नहीं हैं। किसका घर कितना आलीशान है, इसका पता करने के लिए रेखा गुप्ता जी और LG साहिब अपना अपना घर खोल दें और केजरीवाल जी अपना घर खोल देंगे। जनता खुद तय कर लेगी। एक अन्य ट्वीट में कहा कि बीजेपी के मंत्री परवेश सिंह ने पूरी मीडिया को बुलाकर अरविंद केजरीवाल जी के तथाकथित नए घर की तस्वीरें दिखाई, लेकिन मजे की बात ये है कि ये तस्वीरें केजरीवाल जी के घर की नहीं, बल्कि ‘Pinterest’ से डाउनलोड की गई हैं। क्या दिन आ गए हैं इनके, जब केजरीवाल जी के खिलाफ कुछ मिलता नहीं तो इंटरनेट से उठाई गई तस्वीरों के दम पर झूठे दावे किए जा रहे हैं। परवेश वर्मा जी इससे बेहतर तो आप AI का इस्तेमाल कर लेते, चोरी इतनी जल्दी तो नहीं पकड़ी जाती।



