न्यायधानी बिलासपुर में हत्या से सनसनी, पुरानी रंजिश में हिस्ट्रीशीटर की चाकू से गोदकर कत्ल

Murder in Bilaspur: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के शनिचरी बाजार स्थित हैप्पी स्ट्रीट रोड पर एक हिस्ट्रीशीटर की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक एक हफ्ते पहले ही जेल से बाहर आया था और पुराने जानलेवा हमले के मामले में समझौता करने के लिए दबाव बना रहा था। इसी रंजिश के चलते युवक और उसके साथियों ने मिलकर उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। वहीं आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सिटी कोतवाली थाने का घेराव कर दिया, जिससे कई घंटों तक तनाव की स्थिति बनी रही। हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
यह भी पढ़ें:- लव मैरिज, विवाद और फिर हत्या, जंगल किनारे मिला लापता महिला का शव, रिश्तों की कड़वाहट बनी जानलेवा !
मृतक की पहचान शानू उर्फ अमन हुसैन (25 साल) के रूप में हुई है, जो हटरी चौक स्थित लाइफ केयर अस्पताल के पास का रहने वाला था। शानू निगरानी बदमाश था और उस पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे। वह एक हफ्ते पहले ही जेल से रिहा हुआ था। बताया जा रहा है कि शानू, विकास तिवारी पर साल 2021 में हुए जानलेवा हमले के मामले में समझौता करने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। इसी विवाद ने आखिरकार हिंसक रूप ले लिया। दरअसल, शानू खान और विकास तिवारी के बीच बीते करीब 5 सालों से विवाद चला आ रहा था। दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार मारपीट की घटनाएं हो चुकी थी। 2021 में शानू ने विकास पर जानलेवा हमला किया था, जबकि 2022 में सतीश तिवारी हत्याकांड का मामला भी सामने आया था, जिससे विवाद और गहरा गया।
पचरी घाट बैराज में हुआ खूनी संघर्ष
एक अन्य युवक का नाम केस से हटवाने को लेकर दोनों के बीच तनातनी और बढ़ गई थी। शानू 2021 के हमले के मामले में समझौता कराना चाहता था और इसी उद्देश्य से उसने विकास को बातचीत के लिए बुलाया। शुक्रवार शाम करीब 7.30 बजे विकास तिवारी अपने दोस्तों के साथ पचरी घाट बैराज पहुंचा, जहां समझौते को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान विकास और उसके साथियों ने चाकू निकालकर शानू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल शानू खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़ा और मदद के लिए चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर चांटीडीह की ओर फरार हो चुके थे। (Murder in Bilaspur)
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद शानू को गंभीर हालत में इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। चाकूबाजी और हत्या की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रात के अंधेरे में मोबाइल और टॉर्च की रोशनी में घटनास्थल की जांच की। जांच के दौरान मौके से खून के धब्बे, गांजा पीने की चिलम और एक चश्मा बरामद किया गया है। पुलिस ने साक्ष्य जब्त कर फॉरेंसिक जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हत्या की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में सिटी कोतवाली थाना पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने का घेराव कर दिया। (Murder in Bilaspur)
दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शहर के अन्य थानों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। देर रात तक लोग थाने के सामने डटे रहे। पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर किसी तरह हालात को शांत कराया। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। बता दें कि नगर निगम की ओर से पचरी घाट के पास ‘हैप्पी स्ट्रीट’ विकसित की गई है, लेकिन बैराज और आसपास का इलाका नशेबाज युवकों का अड्डा बनता जा रहा है, जिससे आए दिन आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। (Murder in Bilaspur)




