प्रेम प्रसंग बना खूनी संघर्ष का कारण, युवक का सिर पत्थर से कुचलकर हत्या, महिला के पति, बेटे और देवर ने ली जान

Murder in Jashpur: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र से प्रेम प्रसंग के चलते हत्या का मामला सामने आया है। जामजूनवानी खारापारा गांव में 34 साल के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पहले युवक के साथ मारपीट की, फिर उसका सिर जमीन पर पटक दिया और बाद में पत्थर से सिर कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल पत्थर भी बरामद कर लिया गया है। मृतक की पहचान सुशील खलखो के रूप में हुई है।
यह भी पढे़ं:- रायगढ़ में लव जिहाद की कोशिश, पति पर जबरन धर्म परिवर्तन, मारपीट और बच्चों से पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगवाने का आरोप
जांच में सामने आया है कि सुशील खलखो और आरोपी जयलाल एक्का की पत्नी के बीच पिछले तीन साल से प्रेम संबंध थे। इसे लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते पहले भी मामला थाने तक पहुंचा था। महिला की शिकायत पर सुशील खलखो जेल भी गया था और करीब डेढ़ महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था। हालांकि जेल से रिहा होने के बाद भी मृतक और महिला के बीच संपर्क जारी रहा।
सामाजिक बैठक के बाद भी नहीं थमा विवाद
गांव में इस मामले को लेकर सामाजिक स्तर पर बैठक भी आयोजित की गई थी। बैठक में महिला ने सुशील खलखो के साथ रहने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद वह उसके साथ रहने लगी थी। इस फैसले से महिला का पति जयलाल एक्का और उसका परिवार लगातार नाराज था। यही नाराजगी बाद में खूनी वारदात में बदल गई। पुलिस के मुताबिक घटना 27 मई की रात करीब 11 बजे की है। गांव में शोर-शराबा सुनकर लोग घरों से बाहर निकले तो देखा कि जयलाल एक्का, जयमन एक्का और एक नाबालिग मिलकर सुशील खलखो के साथ मारपीट कर रहे थे। (Murder in Jashpur)

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने पहले युवक को जमीन पर पटक दिया और फिर पास में पड़े बड़े पत्थर से उसके सिर पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सरपंच की पत्नी जानकी लकड़ा की रिपोर्ट पर पत्थलगांव थाना में कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
![]()
पिता, बेटा और चाचा निकले आरोपी
जांच में आरोपियों की पहचान जयलाल एक्का (34), जयमन एक्का (36) और एक 17 साल के नाबालिग के रूप में हुई। तीनों आरोपी आपस में पिता, बेटा और चाचा बताए जा रहे हैं। पुलिस ने संदेह के आधार पर तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल पत्थर भी बरामद कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। (Murder in Jashpur)

गांव में दहशत का माहौल
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि प्रेम प्रसंग से उपजे विवाद के कारण युवक की हत्या की गई है। आगे की कार्रवाई जारी है। वहीं पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने कहा कि प्रेम संबंध को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। मामले की जांच जारी है। इस वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं प्रेम प्रसंग से जुड़े इस खूनी संघर्ष ने एक बार फिर सामाजिक विवादों के हिंसक रूप लेने पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



