राजधानी रायपुर में 24 घंटे के भीतर दो हत्याएं, आरोपियों के हौसले बुलंद, पढ़ें पूरी खबर

Murder in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सटे खरोरा और तिल्दा थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर हुई दो अलग-अलग हत्या की वारदातों से सनसनी फैल गई है। एक ही रात में दो युवकों की हत्या से कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। दोनों ही मामलों में अज्ञात आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। पहली घटना खरोरा थाना क्षेत्र की है। रायपुर-बलौदाबाजार मेन रोड पर बरौंडा गांव स्थित किंग ढाबा एंड रेस्टोरेंट के सामने बुधवार रात करीब 11:30 बजे यह वारदात हुई।
यह भी पढ़ें:- चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी पर सुनवाई जनवरी तक टली, सुप्रीम कोर्ट ने कहा-टुकड़ों में नहीं होगी सुनवाई
जानकारी के मुताबिक शिव कुमार साहू नाम का युवक अपने 11 साथियों के साथ ढाबे में खाना खाने आया था। सभी युवक सिलतरा स्थित आबकारी वेयरहाउस के कर्मचारी बताए जा रहे हैं, जो कोदवा सासा, पलारी के रहने वाले हैं। खाना खाने के दौरान शिव कुमार अपने दो दोस्तों के साथ ढाबे के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान बाइक सवार तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने पहले बलौदाबाजार जाने का रास्ता पूछकर बातचीत शुरू की, फिर अचानक मोबाइल लूटने की कोशिश की। जब शिव कुमार ने इसका विरोध किया तो एक बदमाश ने सीधे उसके सीने में चाकू से वार कर दिया। (Murder in Raipur)
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद शिव कुमार को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, एएसपी ग्रामीण, एएसपी क्राइम, एसीसीयू प्रभारी सचिन सिंह, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
रेत के ढेर में मिली युवक की खून से सनी लाश
दूसरी घटना तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 15 की है, जहां गुरुवार सुबह एक युवक की खून से लथपथ लाश रेत के ढेर पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ललित यादव के रूप में हुई है, जो नेवरा का रहने वाला था। सुबह जब स्थानीय लोग घरों से बाहर निकले तो रेत के ढेर पर शव देखकर दंग रह गए। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस जांच में मृतक के पेट और सीने पर चाकू के गहरे घाव पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात आरोपियों ने बेरहमी से उसकी हत्या की है। हत्या के बाद शव को रेत के ढेर में फेंक दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, क्राइम ब्रांच और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ शुरू कर दी गई है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। रायपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि दोनों ही मामलों में अज्ञात आरोपियों ने हत्या की है। खरोरा मामले में लूट के दौरान चाकू से वार किया गया, जबकि तिल्दा में हत्या कर शव को छिपाने की कोशिश की गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। 24 घंटे में राजधानी से सटे इलाकों में दो युवकों की हत्या ने आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। (Murder in Raipur)




