बापू बाजार: मदद ऐसी कि स्वाभिमान भी रहे बरकरार, आजमगढ़ में राष्ट्रीय सेवा योजना की पहल बनी सामाजिक बदलाव की मिसाल

National Service Scheme: किसी जरूरतमंद की मदद करना मानवीय संवेदना है, लेकिन मदद इस तरह की जाए कि उसकी आर्थिक विवशता उसके आत्मसम्मान पर बोझ न बने तो सेवा का अर्थ और व्यापक हो जाता है। उत्तर प्रदेश के महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में आयोजित बापू बाजार इसी विचार को व्यवहार में उतारने की एक सार्थक पहल है। यहां जरूरतमंद परिवारों को कपड़े और घरेलू उपयोग की वस्तुएं मुफ्त बांटने के बजाय पांच, दस, पंद्रह और बीस रुपये जैसी मामूली कीमत पर उपलब्ध कराई जाती हैं। लोग अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार सामान चुनते हैं, निर्धारित राशि चुकाते हैं और सम्मान के साथ घर लौटते हैं।
यह भी पढ़ें:- अजरबैजान के स्कूलों में हिजाब बैन पर उबाल, 96% मुस्लिम आबादी वाले देश में बदला ड्रेस कोड, तुर्किये तक पहुंचा विरोध
हम आज विज्ञान के सहारे चांद और मंगल पर तो जरूर पहुंच गए हैं, किंतु दीवार के उस पार बैठे पड़ोसी के पास नहीं पहुंच पा रहे हैं, जो बीमार है, भूखा है, वस्त्रहीन और अभावग्रस्त हैं। यह बापू बाजार उसी दीवार को गिराने और उस पड़ोसी तक पहुंचने की एक शानदार पहल है, जिसको हमारी सबसे ज्यादा जरूरत है। बापू बाजार वास्तव में समाज के अंतिम व्यक्ति जिसे कभी महात्मा गांधी ने दरिद्र नारायण कहा था, उन तक पहुंचने की एक सम्मान सहित कोशिश है। बापू बाजार का उद्देश्य केवल कम कीमत पर उपयोगी वस्तुएं उपलब्ध कराना नहीं है। यह समाज के वंचित वर्गों को राहत देने के साथ उनके स्वाभिमान की रक्षा करने, संसाधनों का सदुपयोग करने और युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का प्रयास भी है। (National Service Scheme)

आमतौर पर दान की व्यवस्था में वस्तु देने वाला और उसे प्राप्त करने वाला दो अलग-अलग भूमिकाओं में दिखाई देते हैं। कई बार अनजाने में यह स्थिति सहायता प्राप्त करने वाले व्यक्ति के मन में संकोच भी पैदा कर सकती है। बापू बाजार इस पारंपरिक सोच से आगे बढ़कर सहायता को सम्मानजनक सहभागिता का रूप देता है। यहां जरूरतमंद व्यक्ति अपनी पसंद से सामान चुनता है और अपनी सामर्थ्य के अनुरूप मामूली राशि देकर उसे प्राप्त करता है। इस बाजार में उपलब्ध वस्तुएं समाज के उन परिवारों के लिए उपयोगी साबित होती हैं, जिनके लिए कपड़े, बर्तन, किताबें और अन्य घरेलू जरूरतों की पूर्ति भी आर्थिक परिस्थितियों के कारण कठिन होती है। वहीं जिन परिवारों के पास उपयोग में न आने वाली अतिरिक्त वस्तुएं हैं, वे उन्हें जरूरतमंदों तक पहुंचाने में सहभागी बनते हैं। इस प्रकार एक ओर अनुपयोगी वस्तुओं का सार्थक इस्तेमाल होता है तो दूसरी ओर जरूरतमंद परिवारों को कम खर्च में उपयोगी सामान मिल जाता है।

बाजार से प्राप्त राशि बापू स्वाभिमान कोष में जमा की जाती है। इस व्यवस्था में सेवा, संसाधनों का पुनः उपयोग और स्वाभिमान-तीनों का समन्वय दिखाई देता है। बापू बाजार की अवधारणा को पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के पूर्व कुलपति स्वर्गीय प्रो. सुंदरलाल के मार्गदर्शन में आगे बढ़ाया गया। उस समय मैं पूर्वांचल विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना का कार्यक्रम समन्वयक था। इसी दौरान इस विचार को व्यवहार में लाने और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों समेत स्थानीय समाज को इससे जोड़ने का अवसर मिला। शुरुआत से ही बापू बाजार के आयोजन से जुड़कर मैंने अनुभव किया कि सामाजिक सरोकारों को शिक्षा का हिस्सा बनाने से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और समाज के प्रति उनके दृष्टिकोण में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। (National Service Scheme)
बापू बाजार को फिर सक्रिय करने का अवसर
समय के साथ यह आयोजन धीमा पड़ गया और इसकी नियमितता प्रभावित हुई, लेकिन किसी अच्छी पहल का महत्व समय बीतने के साथ कम नहीं होता। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ के कुलपति प्रो. संजीव कुमार की पहल ने बापू बाजार को फिर सक्रिय करने का अवसर दिया। उनके निर्देशानुसार मुझे विश्वविद्यालय में बापू बाजार के समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई। कुलसचिव अमृतलाल और विश्वविद्यालय परिवार, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों और संबंधित लोगों के सहयोग से इस पहल को फिर व्यवस्थित रूप दिया गया। 9 अक्टूबर 2026 को महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय परिसर में द्वितीय बापू बाजार का आयोजन गरिमापूर्ण ढंग से किया गया। इस आयोजन ने न सिर्फ जरूरतमंद परिवारों को उपयोगी वस्तुएं उपलब्ध कराने का अवसर दिया, बल्कि विश्वविद्यालय की सामाजिक प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।
48 महाविद्यालयों ने अपने संसाधनों के साथ की थी भागीदारी
इससे पहले आयोजित बापू बाजार में आजमगढ़ और मऊ जनपद के लगभग 48 महाविद्यालयों ने अपने संसाधनों के साथ भागीदारी की थी। बापू बाजार की सबसे महत्वपूर्ण विशेषताओं में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी शामिल है। राष्ट्रीय सेवा योजना का ध्येय वाक्य ‘मैं नहीं, आप’ (Not Me, But You) स्वयंसेवकों को व्यक्तिगत हित से ऊपर उठकर समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने की प्रेरणा देता है। बापू बाजार इसी भावना को व्यावहारिक अनुभव में बदलने का माध्यम है। पुस्तकीय शिक्षा विद्यार्थियों को ज्ञान देती है, लेकिन समाज के बीच काम करने का अनुभव उन्हें संवेदनशील नागरिक बनाता है। बापू बाजार में सहभागिता के दौरान विद्यार्थियों में सहयोग, समानता, श्रम के प्रति सम्मान, सामूहिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना जैसे मूल्य विकसित होते हैं। वे समझते हैं कि समाज की समस्याएं केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं हैं। उनके समाधान में नागरिकों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
बापू बाजार विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित
इस दृष्टि से बापू बाजार विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होने वाला एक कार्यक्रम भर नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के लिए सामाजिक जीवन की प्रयोगशाला है। यहां वे सेवा को केवल दया या दान के रूप में नहीं, बल्कि समानता, सहभागिता और मानवीय गरिमा के सम्मान के रूप में देखना सीखते हैं। आजमगढ़ में आयोजित द्वितीय बापू बाजार में जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया के कुलपति प्रो. एन.के. शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अभिनव प्रयोग को देखकर उन्होंने बलिया विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में भी बापू बाजार आयोजित करने की बात कही। यह इस पहल के विस्तार की दिशा में उत्साहजनक संकेत है। देश के अलग-अलगग विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाइयां विद्यार्थियों को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ रही हैं। (National Service Scheme)
विश्वविद्यालय परिवार के सहयोग से नई दिशा
अगर ये संस्थान अपने स्थानीय परिवेश और जरूरतों के अनुरूप बापू बाजार की अवधारणा अपनाएं तो ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद परिवारों को लाभ पहुंचाया जा सकता है। इसके साथ ही उच्च शिक्षण संस्थानों और स्थानीय समुदाय के बीच विश्वास, सहयोग और सहभागिता का संबंध भी मजबूत होगा। प्रत्येक विश्वविद्यालय अपने क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, पूर्व विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों को जोड़कर इस पहल को आगे बढ़ा सकता है। इसके लिए बड़े बजट या जटिल व्यवस्था की अनिवार्यता नहीं है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों में समाज के अंतिम व्यक्ति की चिंता और उसकी गरिमा का विशेष महत्व था। बापू बाजार इसी भावना को व्यवहार में उतारने का एक प्रयास है। सामाजिक बदलाव के लिए हमेशा बड़े अनुदान या व्यापक संसाधनों की जरूरत नहीं होती। संवेदनशील सोच, सामूहिक सहभागिता और सम्मानजनक व्यवस्था भी परिवर्तन की मजबूत आधारशिला बन सकती है। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में बापू बाजार का फिर आयोजन इसी विश्वास को मजबूत करता है। कुलपति प्रो. संजीव कुमार की पहल, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों की सक्रियता और विश्वविद्यालय परिवार के सहयोग से इस विचार को नई दिशा मिली है।



