राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 48 शिक्षकों को दिया नेशनल टीचर अवॉर्ड, 27 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेशों से चुने गए शिक्षक

National Teacher Award 2026: शिक्षक दिवस के मौके पर देशभर में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में 48 स्कूल शिक्षकों को नेशनल टीचर अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया। सम्मान पाने वाले शिक्षकों में केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल, एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल, पीएम श्री स्कूल समेत अलग-अलग संस्थानों के शिक्षक शामिल हैं। इस साल राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए 27 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेशों से 48 शिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें 26 पुरुष और 22 महिला शिक्षक शामिल हैं। राज्यवार देखें तो उत्तर प्रदेश से सबसे ज्यादा तीन शिक्षक चुने गए हैं, जबकि मध्य प्रदेश, बिहार और राजस्थान से दो-दो शिक्षकों को यह सम्मान मिला है।
यह भी पढे़ं:- AI के युग में शिक्षक बनें विद्यार्थियों के मार्गदर्शक, तकनीक के विवेकपूर्ण उपयोग की दें सीख : राज्यपाल डेका
नेशनल टीचर अवॉर्ड पाने वालों में महाराष्ट्र के लातूर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के गणित शिक्षक वैभव वसंतराव कुलकर्णी भी शामिल हैं। वैभव कुलकर्णी को तीन दशक से ज्यादा के शिक्षण अनुभव और गणित को आसान समेत रोचक तरीके से पढ़ाने के लिए सम्मानित किया गया है। उन्होंने स्टूडेंट्स के लिए कठिन गणितीय अवधारणाओं को सरल बनाने के लिए नए-नए शिक्षण तरीकों को अपनाया। इसके अलावा उन्होंने छात्रों की समझ बेहतर करने के लिए कम लागत वाले लर्निंग एड्स भी तैयार किए। पंजाब के शिक्षक दिनेश कुमार को भी राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने स्टूडेंट्स के लिए फिजिक्स को आसान और दिलचस्प बनाने के उद्देश्य से वर्चुअल फिजिक्स लैब तैयार की। इसके साथ ही उन्होंने 100 से ज्यादा जीरो-कॉस्ट मॉडल बनाए, जिनकी मदद से छात्र कठिन वैज्ञानिक अवधारणाओं को प्रयोग के जरिए समझ सकें।
अवॉर्डी शिक्षकों से मिले PM मोदी
पुरस्कार समारोह के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नेशनल टीचर अवॉर्ड पाने वाले शिक्षकों से मुलाकात कर उनसे बातचीत की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने शिक्षकों के अनुभव और उनके काम करने के तरीकों के बारे में जाना। बातचीत के दौरान PM मोदी ने एक महिला शिक्षक से पूछा कि अगर उन्हें एक अच्छा पब्लिक स्पीकर बनना हो तो इसके लिए क्या करना चाहिए। इस पर शिक्षक ने जवाब दिया कि अच्छा पब्लिक स्पीकर बनने के लिए सबसे पहले आत्मविश्वास जरूरी है। शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए शिक्षकों का चयन एक निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया गया। चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी हुई। इसमें पहले जिला स्तर, फिर राज्य स्तर और इसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षकों का मूल्यांकन किया गया। (National Teacher Award 2026)
इन राज्यों और संस्थानों से चुने गए शिक्षक
इस पुरस्कार के लिए ऐसे शिक्षकों का चयन किया जाता है, जिन्होंने अपने शिक्षण कार्य के जरिए स्टूडेंट्स के सीखने और उनके समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया हो। साथ ही ऐसे शिक्षकों को प्राथमिकता दी जाती है, जिन्होंने पढ़ाई के नए, प्रभावी और रचनात्मक तरीकों को अपनाया हो। इस साल पुरस्कार पाने वाले 48 शिक्षकों में अंडमान निकोबार से प्रकाश राव, लद्दाख से मुस्तफा कुमाल, आंध्र प्रदेश से राजेश कोलूरी, अरुणाचल प्रदेश से याकू तामे, असम से राजेश बरदोलोई, मध्य प्रदेश से अर्चना शुक्ला और शैलेंद्र प्रताप सिंह, महाराष्ट्र से कविता गिट्टे, कुंदा बाचव और नवोदय विद्यालय के वैभव कुलकर्णी शामिल हैं। बिहार से खुशबू कुमारी और पुष्पा प्रसाद, मणिपुर से वांगलेम्बम सिंह, मिजोरम से लालुनमावी, नगालैंड से आर. मेरू, चंडीगढ़ से रवि जायसवाल, छत्तीसगढ़ से सुनीता यादव, ओडिशा से पादराज नायक, दादरा-नगर हवेली से पटेल पूर्णिमा और पुडुचेरी से गणेशन एस. को सम्मानित किया गया।

पंजाब से दिनेश कुमार, दिल्ली से सुमन गोयल, राजस्थान से दिव्येंदु सेन और वर्तिका गुलाटी, गोवा से महादेव शिंदे, गुजरात से नितिन कुमार, हरियाणा से अनिल कौशिक, हिमाचल प्रदेश से मंजरी महाजन, जम्मू-कश्मीर से मो. अयाज रैना, झारखंड से मुनमुन भट्टाचार्जी, कर्नाटक से रत्नाकुमारी एस., सिक्किम से सुषमा तमांग और तमिलनाडु से थंगा राज एम. को भी राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार मिला। इसके अलावा तेलंगाना से भवानी बोम्पेल्ली, त्रिपुरा से रंजन देबनाथ, उत्तर प्रदेश से रेनू त्रिपाठी, इफ्तिखार खान और शालिनी कुशवाहा, उत्तराखंड से गबर सिंह समेत पश्चिम बंगाल से पलाश चौधरी और शांतनु पात्रा को सम्मानित किया गया। केंद्रीय विद्यालय, CBSE, CISCE, सैनिक स्कूल और एकलव्य स्कूलों से जुड़े शिक्षक भी इस सूची में शामिल हैं। (National Teacher Award 2026)
1958 में शुरू हुआ था राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार
नेशनल टीचर अवॉर्ड की शुरुआत साल 1958 में हुई थी। इसका उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट और समर्पित कार्य करने वाले शिक्षकों के योगदान को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करना है। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए ऐसे शिक्षकों का चयन किया जाता है, जिन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में उल्लेखनीय काम किया हो, स्टूडेंट्स के सीखने और विकास में योगदान दिया हो, पढ़ाई के नए और प्रभावी तरीके अपनाए हों और अपने कार्यों के जरिए दूसरे शिक्षकों के लिए उदाहरण पेश किया हो। शिक्षक दिवस के मौके पर दिए गए ये पुरस्कार देश के उन शिक्षकों के योगदान को सामने लाते हैं, जो पारंपरिक शिक्षण पद्धति से आगे बढ़कर नए प्रयोगों के जरिए स्टूडेंट्स की पढ़ाई को आसान, रोचक और प्रभावी बनाने में जुटे हैं।




