छत्तीसगढ़ विधानसभा में नक्सलवाद के खात्मे पर केंद्र सरकार को धन्यवाद प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित, मंत्री कश्यप और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह हुए भावुक

Naxal Free Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ विधानसभा में मंगलवार को नक्सलवाद के खात्मे को लेकर केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए लाया गया धन्यवाद प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हो गया। पूरे दिन चली चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों ने नक्सल हिंसा के दर्दनाक दौर को याद किया, शहीद जवानों, आम नागरिकों और नक्सल प्रभावित परिवारों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त रणनीति की सराहना की। चर्चा के दौरान कई सदस्य भावुक हो गए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी विस्तृत वक्तव्य दिया, जबकि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इसे छत्तीसगढ़ के इतिहास का ऐतिहासिक दिन बताया।
यह भी पढ़ें:- दशकों तक नक्सल हिंसा ने विकास, शिक्षा और जनजीवन को किया प्रभावित, अब शांति और विश्वास के नए दौर की ओर अग्रसर बस्तर: CM साय
धन्यवाद प्रस्ताव पेश करते हुए वन मंत्री और संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने नक्सल प्रभावित बस्तर की भयावह तस्वीर सदन के सामने रखी। अपने संबोधन के दौरान वे कई बार भावुक हुए और उनका गला भर आया। उन्होंने बताया कि हाल ही में वे गारपा और कभी नक्सलियों की राजधानी माने जाने वाले कुतुलनार गए थे। क्षेत्र के विधायक होने के बावजूद वे पहली बार गारपा पहुंच सके। उन्होंने कहा कि वहां के ग्रामीणों ने सालों तक नक्सल आतंक के खिलाफ संघर्ष किया। आश्चर्य की बात यह रही कि ग्रामीणों ने उनसे यह शिकायत तक नहीं की कि वे इतने सालों बाद क्यों पहुंचे। उन्हें मालूम था कि नक्सली आतंक के कारण वहां पहुंचना आसान नहीं था।कश्यप ने कहा कि ग्रामीणों के पास न तो सुरक्षा थी और न ही मूलभूत सुविधाएं, फिर भी उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रखी।

अपने राजनीतिक जीवन की एक घटना याद करते हुए उन्होंने बताया कि मर्दापाल बाजार में जब वे थाने के उद्घाटन के लिए रेस्ट हाउस में ठहरे थे, उसी दौरान स्कूल ड्रेस पहनकर आए नक्सलियों ने तीन लोगों की हत्या कर दी थी। उन्होंने कहा कि उस समय उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। घटना के बाद उनके सांसद पिता ने उनसे कहा था कि फिलहाल राजनीति छोड़ दो, जान रहेगी तभी आगे राजनीति कर पाओगे। उन्होंने रानी बोडली, झीरम घाटी और ताड़मेटला जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि वे दृश्य आज भी उनकी आंखों के सामने ताजा हैं। कश्यप ने कहा कि नक्सली सिर्फ हत्या ही नहीं करते थे, बल्कि आने वाली पीढ़ियों तक डर कायम रहे, इसके लिए अमानवीय अत्याचार करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया गया, परिजनों के सामने हत्याएं करवाई गईं और सुनियोजित तरीके से पूरे क्षेत्र में दहशत फैलाई गई। (Naxal Free Chhattisgarh)
गृहमंत्री विजय शर्मा ने रखे नक्सल हिंसा के आंकड़े
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों ने नक्सलवाद के खात्मे के लिए लगातार दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ काम किया। डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने चर्चा के दौरान नक्सल हिंसा में हुई जनहानि के आंकड़े सदन के सामने रखे। उन्होंने बताया कि दर्ज मामलों के मुताबिक नक्सलवाद के कारण अब तक 2040 आम नागरिकों की मौत हुई, 64 शासकीय अधिकारी-कर्मचारी मारे गए और 1429 सुरक्षाबल के जवान नक्सल विरोधी अभियान में शहीद हुए। उन्होंने सदन में कांग्रेस विधायकों की अनुपस्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि झीरम घाटी जैसी दुखद घटना झेलने के बावजूद कांग्रेस इस महत्वपूर्ण चर्चा में मौजूद नहीं है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि झीरम जैसी वारदात को अंजाम देने वाले नक्सलियों को उसका रोल मॉडल कैसे माना जा सकता है। शर्मा ने आरोप लगाया कि केंद्र से पर्याप्त फंड और सुरक्षाबल मिलने के बावजूद कांग्रेस ने नक्सलवाद के खात्मे पर सिर्फ बयानबाजी की, जबकि ठोस कार्रवाई नहीं की।
डबल इंजन की इच्छाशक्ति से खत्म हुआ नक्सलवाद: CM
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चर्चा के दौरान सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों के अदम्य साहस, बस्तर की जनता के सहयोग और केंद्र-राज्य सरकार की समन्वित रणनीति के कारण नक्सलवाद पर निर्णायक विजय मिली है। उन्होंने इस अवसर पर सभी शहीद जवानों और नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने अपने संसदीय जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि जब वे रायगढ़ से सांसद थे, तब जशपुर आने-जाने के दौरान भी नक्सल आतंक का भय बना रहता था। उन्होंने कहा कि पहले सरगुजा नक्सलमुक्त हुआ और अब बस्तर भी नक्सलमुक्त हो चुका है। CM साय ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र में कांग्रेस सरकार के समय पूर्ववर्ती भाजपा सरकारों को अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता में रहती है तो नक्सलियों के प्रति उसका रवैया नरम रहता है। झीरम घाटी जैसी घटना में उसके शीर्ष नेताओं की हत्या होने के बावजूद उसने कभी स्पष्ट रुख नहीं अपनाया।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी हुए भावुक
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से नक्सलवाद समाप्त करने की समय-सीमा तय किए जाने के बाद केंद्र ने हर स्तर पर सहयोग किया। उन्होंने कहा कि शुरुआत में लक्ष्य कठिन जरूर लगा, लेकिन विश्वास था कि मजबूत इच्छाशक्ति और रणनीति से यह संभव होगा। उन्होंने बताया कि अमित शाह कम से कम दस बार छत्तीसगढ़ आए, लगातार समीक्षा बैठकें कीं और सुरक्षाबलों का मनोबल बढ़ाया। वहीं स्वयं उन्होंने भी लगभग सौ बार बस्तर का दौरा किया और कई बार अचानक सुरक्षाबलों के बीच पहुंचकर उनका हौसला बढ़ाया। धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा पूरी होने के बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इसे छत्तीसगढ़ के इतिहास का अत्यंत महत्वपूर्ण दिन बताया। उन्होंने कहा कि एक लंबे और कठिन संघर्ष का अंत हुआ है। चर्चा के दौरान कई सदस्यों की आंखें नम थीं, क्योंकि कई लोगों ने अपने परिजनों को नक्सल हिंसा में खोया है। भावुक होते हुए स्पीकर ने कहा कि वे खुद इन घटनाओं के चश्मदीद रहे हैं और पांच सौ से ज्यादा लोगों को अंतिम विदाई दे चुके हैं। (Naxal Free Chhattisgarh)
सर्वसम्मति से पारित हुआ धन्यवाद प्रस्ताव
उन्होंने बस्तर के उन दिनों को याद किया जब नक्सली थाने लूट लेते थे, अबूझमाड़ में बिजली के टावर उड़ा दिए जाते थे और पूरा बस्तर कई दिनों तक अंधेरे में डूबा रहता था। उन्होंने कहा कि कभी बस्तर में अधिकारियों की पोस्टिंग होने पर उनके विवाह तक में कठिनाई आती थी क्योंकि लोग वहां जाने से डरते थे। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज दुनिया के सबसे लंबे और कठिन आंतरिक संघर्षों में से एक पर छत्तीसगढ़ ने जीत दर्ज की है और इसमें केंद्रीय गृह मंत्री, सुरक्षाबलों, राज्य सरकार तथा बस्तर की जनता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।दिनभर चली विस्तृत चर्चा के बाद नक्सलवाद के खात्मे पर केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करने वाला धन्यवाद प्रस्ताव सदन में सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इसके साथ ही विधानसभा में नक्सल हिंसा के सालों पुराने दौर, शहीदों के बलिदान और बस्तर में लौटती शांति को लेकर भावनात्मक माहौल देखने को मिला। (Naxal Free Chhattisgarh)



