Naxal surrender Chhattisgarh: दंतेवाड़ा में चंद्रन्ना समेत 12 माओवादियों ने किया सरेंडर, लोन वर्राटू अभियान से अब तक 1005 ने छोड़ा नक्सलवाद

Naxal surrender Chhattisgarh : दंतेवाड़ा जिले में नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली डिवीजन में तीन दशकों से सक्रिय और 8 लाख रुपये के इनामी माओवादी चंद्रन्ना उर्फ बुरसू पुनेम समेत 12 नक्सलियों ने बुधवार को पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों में मोहला-मानपुर मुठभेड़ में शामिल रहे 8 लाख के इनामी माओवादी अमित उर्फ हिंगा बारसा और उसकी पत्नी अरुणा लेकाम भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें :- डीएमएफ में उत्कृष्ट कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ को मिला राष्ट्रीय सम्मान
चंद्रन्ना डीव्हीसीएम (वेस्ट बस्तर डिवीजन) और डीएकेएमएस अध्यक्ष के रूप में काम कर रहा था तथा कोरचोली, तारलागुड़ा और तिमेनार जैसी कई मुठभेड़ों में शामिल रहा है। वहीं हिंगा बारसा, डीव्हीसीएम कंपनी नंबर 10 में कार्यरत था, जबकि अरुणा संगठन में एसीएम/डीके मेडिकल टीम की सदस्य थी। अरुणा पर 5 लाख रुपये का इनाम था।
इनके साथ सरेंडर करने वालों में शामिल हैं:
- देवा कवासी (3 लाख का इनामी),
- राजेश मड़काम (2 लाख),
- पायके ओयाम,
- कोसा सोढ़ी,
- महेश लेकाम,
- राजू करटाम,
- हिड़मे कोवासी,
- जीबू उर्फ रोशन ओयाम,
- अनिल लेकाम।
एसपी गौरव राय ने बताया कि सरेंडर करने वाले सभी माओवादियों को घोषित इनाम की राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, उन्हें स्वरोजगार, प्रशिक्षण एवं पुनर्वास सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। सुरक्षा के दृष्टिकोण से उन्हें लोन वर्राटू हब में रहने की सुविधा दी जाती है, हालांकि वे अपने गांव में भी रह सकते हैं।
वर्ष 2020 में तत्कालीन एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव की पहल पर शुरू हुआ “लोन वर्राटू” (घर लौट आइए) अभियान अब तक माओवादियों के आत्मसमर्पण में मील का पत्थर साबित हुआ है। पुनर्वास नीति और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाए गए इस कार्यक्रम से प्रेरित होकर अब तक कुल 1005 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जिनमें 249 इनामी माओवादी शामिल हैं।
बुधवार को जब 1000 का आंकड़ा पार हुआ, तो इस मौके पर संगठन में 30 वर्षों तक सक्रिय रहे चंद्रन्ना के हाथों केक कटवाकर इस उपलब्धि को चिह्नित किया गया।
सरेंडर करने वाले चंद्रन्ना और हिंगा बारसा ने स्वीकार किया कि लगातार एनकाउंटर में वरिष्ठ नेताओं और कई माओवादियों के मारे जाने से संगठन में भय और असंतोष है। पुलिस के बढ़ते दबाव और सीमित संसाधनों के चलते अब माओवादी मुख्यधारा में लौटने को मजबूर हो रहे हैं।



