Google Analytics —— Meta Pixel

एग्जिट पोल में NDA की महाविजय का दावा, भाजपा बोली- बंगाल में तय है सत्ता परिवर्तन

NDA on Exit Poll: पांच राज्यों के चुनावों के एग्जिट पोल सामने आते ही भाजपा और NDA नेताओं के बयान तेज हो गए हैं। केंद्रीय मंत्रियों से लेकर राज्य के नेताओं तक सभी ने इन नतीजों को अपने पक्ष में बताते हुए बड़ी जीत का दावा किया है। खासकर पश्चिम बंगाल को लेकर भाजपा नेताओं का कहना है कि इस बार डबल इंजन सरकार बनना तय है, जबकि असम, पुडुचेरी समेत अन्य राज्यों में भी NDA की वापसी का भरोसा जताया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा, NDA की सभी राज्यों में महाविजय होने वाली है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पांचों राज्यों को लेकर हम आश्वस्त हैं कि असम में भाजपा की सरकार फिर एक बार बनेगी और पहली बार पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। वहां बहुत एंटी इनकंबेंसी है। लोगों को प्रधानमंत्री मोदी पर विश्वास है।

यह भी पढ़ें:- एग्जिट पोल पर विपक्ष का हमला, कांग्रेस ने उठाए सवाल, कहा- मिलीभगत से बनाया जा रहा माहौल 

केंद्रीय मंत्री प्रधान ने कहा कि हमें भरोसा है कि पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन होगा। पुडुचेरी में हम फिर से सत्ता में आएंगे, केरलम और तमिलनाडु में हमारी पार्टी, हमारा गठबंधन बेहतर प्रदर्शन करेगा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जिस प्रकार से बंगाल में वहां की सरकार की खिलाफ जन आक्रोश है, TMC और TMC सिंडीकेट के खिलाफ लोगों में परिवर्तन की लहर थी, यह एग्जिट पोल में भी नज़र आई है। जब मतगणना होगी तो वहां डबल इंजन की सरकार बनेगी। जहां भी चुनाव हो रहे हैं, हर राज्य में लोग डबल इंजन सरकारों को प्राथमिकता दे रहे हैं। बंगाल में भी डबल इंजन सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल अपनी जगह है, वहां लोगों में TMC के खिलाफ गुस्सा है। परिवर्तन की लहर है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि वहां डबल इंजन की सरकार बनेगी। वहां भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार बनेगी और बंगाल भी तेज गति से आगे बढ़ेगा। (NDA on Exit Poll)

उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में TMC और DMK को महिलाओं के गुस्से का सामना करना पड़ेगा। एग्जिट पोल में जो नंबर आ रहे हैं उन्हें देखकर लगता है कि पश्चिम बंगाल में और अच्छा बहुमत मिलेगा। असम में भाजपा तीसरी बार सरकार बना रही है। पश्चिम बंगाल में पहली बार कमल बहुत बड़े अंतर से खिल रहा है। ममता बनर्जी घबराई हुई हैं। तमिलनाडु में भाजपा-AIADMK गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। केरल में भी हम जोरदार प्रदर्शन करेंगे। पुडुचेरी में NDA सत्ता में वापस आएगी। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि पूर्ण बहुमत से पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने वाली है। यह चुनाव जनता बनाम ममता था। जनता पश्चिम बंगाल का विकास, बदलाव चाहती है। भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पश्चिम बंगाल से अच्छी खबर आ गई है, भारी बहुमत से भाजपा जीतने वाली है। TMC के गुंडों में निराशा आ गई है। उन्हें पता चल गया है कि भाजपा सरकार में आएगी तो उनकी खैर नहीं है। भाजपा सरकार बनते ही पश्चिम बंगाल का विकास तेजी से होगा।

भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने कहा कि लोग TMC की चोरी और कुशासन से मुक्ति पाना चाहते हैं और TMC जो सांप्रदायिकता का माहौल बनाकर बंगाल का संतुलन बिगाड़ना चाहती है, पश्चिम बंगाल को बांग्लादेश बनाना चाहती है वह लोगों को समझ आ गया। इसलिए परिवर्तन के लिए सबने वोट दिया। चुनाव आयोग, CRPF को हम बहुत धन्यवाद देते हैं कि चुनाव बहुत अच्छे से हुआ, TMC के गुंडे कुछ नहीं कर पाए इसलिए लोगों को मतदान करने में आसानी हुई। बंगाल में परिवर्तन होगा ही, TMC जाएगी और भाजपा आएगी। पश्चिम बंगाल भाजपा प्रभारी मंगल पांडे ने कहा कि जिस तरह से बंगाल की जनता, मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया वह साफ संदेश देता है कि अब पश्चिम बंगाल की जनता इस निर्मम सरकार को बर्दाश्त नहीं करेगी। एग्जिट पोल में भी स्पष्ट रूप से 4 मई को भाजपा का कमल खिलता दिख रहा है। बंगाल की जनता विकास चाहती है, उसी के लिए उन्होंने वोट किया है।

महाराष्ट्र के भाजपा विधायक प्रवीण दारकेकर ने कहा कि भाजपा को बहुत बड़ा जनाधार मिलने वाला है और 100% भाजपा की सरकार बनेगी, जिस प्रकार का मतदान प्रतिशत रहा है, लोगों ने बदलाव के लिए मतदान किया है। भाजपा की सरकार बनेगी। असम, पुडुचेरी, पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनेगी और तमिलनाडु और केरल में भी भाजपा की सीटें बढ़ेंगी। तमिलनाडु के एग्जिट पोल पर भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने कहा कि पोल सटीक नहीं होते। जब सटीक पोल आएंगे, तो हम कमेंट कर सकते हैं।मैं इस पर कमेंट नहीं करना चाहती। दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि एग्जिट पोल भी वैसे ही दिखाई दे रहे हैं, जैसा जमीन पर उत्साह दिखाई दे रहा था। 4 तारीख को यह उत्साह परिणाम में परिवर्तित होगा। JDU नेता श्रवण कुमार ने कहा कि जिन राज्यों में चुनाव हुए हैं, उससे जो खबरे आई हैं उसके अनुसार भाजपा की सरकार बनेगी। जिनकी कुर्सी जा रही है वे लोग हताश और निराश हैं और इसलिए हिंसा का सहारा लेते हैं। राजनीति में हिंसा का कोई स्थान नहीं है लेकिन जिन लोगों ने हिंसा की उसे जनता देखती है और उनका हिसाब भी करती है।

JDU नेता श्रवण कुमार ने कहा कि TMC के लोग हताश, निराश हैं। अपराधियों का वे सहारा ले रहे हैं। भाजपा के कार्यकर्ताओं को मारा जा रहा है, यही सही नहीं है। हताश, निराश लोगों को जनता ने सबक सिखाया है। LJP (रामविलास) प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि 4 राज्यों में NDA की सरकार बन रही है। बंगाल में तो जैसे कानून ध्वस्थ हो चुका है वहां भाजपा आनी चाहिए। JDU नेता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि असम में लगभग सभी एजेंसियों ने भाजपा की 2/3 से ज्यादा सीटों की जीत को पुष्ट किया है। जमीनी रिपोर्ट के मुताबिक वहां हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनना तय है। ज्यादातर एजेंसियां मानती हैं कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। तमिलनाडु में AIADMK और भाजपा की सरकार बनने की पूरी उम्मीद है। भाजपा की कोशिश है कि केरल में भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़े। असम के मंत्री और डिब्रूगढ़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार प्रशांत फुकन ने कहा कि यह असम के लिए बहुत अच्छा दिख रहा है, क्योंकि सभी एग्जिट पोल के मुताबिक असम में भाजपा की सरकार बन रही है। असम में हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी।

असम के सरूपथर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार बिस्वजीत फुकन ने कहा कि चुनाव के माहौल के हिसाब से असम में NDA को 100 सीट मिल रही हैं। 4 मई को मतगणना है और हमें उम्मीद है कि इस बार हम 100 सीट पार करके बड़ी बहुमत से सरकार बनाएंगे। असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि प्रदेश में भाजपा-NDA की जीत जरूर होगी। असम के मतदाताओं ने फिर एक बार भाजपा सरकार नारे को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा का साथ दिया। बहुत ऐतिहासिक जनादेश हमें 4 मई को मिलने वाला है। भाजपा-NDA निश्चित रूप से तीसरी बार असम में सरकार बनाने जा रही है। पश्चिम बंगाल में भी भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनना तय है। भाजपा नेता राम कृपाल यादव ने कहा कि असम में हमारी फिर से सरकार बनेगी और बंगाल में परिवर्तन होना तय है। कुछ ही दिन का मामला है। जनता के जनादेश का आदर किया जाएगा। ममता बनर्जी की सरकार नहीं बनेगी, भाजपा दो-तिहाई बहमत से जीतेगी और बंगाल में कमल खिलेगा। गोवा के मंत्री सुभाष फल देसाई ने पश्चिम बंगाल चुनाव पर कहा कि यह जो भारी मतदान हुआ है, उससे साफ है कि लोगों को परिवर्तन चाहिए और इसके लिए एकमात्र विकल्प भाजपा है। यहां भाजपा की सरकार अवश्य बनेगी। इतने सालों तक उन्होंने हिंदुओं पर जो अत्याचार किया है, उसका हिंदू बदला लेने वाला है और मुझे पूरा विश्वास है कि पश्चिम बंगाल में नए परिवर्तन की सरकार आएगी।

भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा कि 4 मई को चुनाव के नतीजे आएंगे। लोकतंत्र की जीत हुई है। पश्चिम बंगाल में हर चुनाव में हिंसा देखी जाती थी। पहले कई लोग अपनी जान गवा बैठते थे। इस बार जो चुनाव हुए हैं वे ज्यादातर शांतिपूर्ण तरीके से हुए हैं और घटनाएं न के बराबर हुई हैं। इसके लिए हमें चुनाव आयोग और केंद्रीय एजेंसियों को धन्यवाद देना चाहिए। एग्जिट पोल्स सही दिशा दिखा रहे हैं कि हर जगह NDA का कमल खिलता जा रहा है। हमारी असम में तीसरी बार वापसी हो रही है। हम तमिलनाडु में AIADMK के साथ गठबंधन में सत्ता में वापस आने वाले हैं। हम पुडुचेरी में लौटने वाले हैं और बंगाल में परिवर्तन निश्चित है। बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि पहली बार बंगाल में लगभग शांतिपूर्ण चुनाव हुआ है। मतदाताओं ने खुलकर शांतिपूर्वक तरीके से मतदान किया। एग्जिट पोल से नजर आता है कि वहां भाजपा सरकार बनने वाली है। भयमुक्त वातावरण में चुनाव हुआ, हिंसामुक्त चुनाव हुआ। साफ नजर आ रहा है कि हमारी सरकार आने वाली है। TMC वाले बूथ छापते थे लेकिन इस बार वे ऐसा नहीं कर पाए तभी उनमें डर है।

महाराष्ट्र के डिप्टी CM एकनाथ शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को सारा श्रेय जाता है, बंगाल में गृह मंत्री अमित शाह खुद ध्यान दे रहे हैं। मैं बस यही कहूंगा कि प्रधानमंत्री मोदी इस देश का विकास जिस तरह कर रहे हैं, देश को आगे बढ़ा रहे हैं, देश को आर्थिक महाशक्ति बना रहे हैं, अर्थव्यवस्था को 11वें से तीसरे स्थान पर लाने का जो संकल्प है, देश में जो विकास हुआ है उसमें प्रधानमंत्री मोदी का बहुत बड़ा योगदान है। यह जो एग्जिट पोल के नतीजे हैं वह एक विश्वास है जो असम, पश्चिम बंगाल के लोगों को प्रधानमंत्री पर है। भाजपा, NDA की जीत अवश्य होगी। पश्चिम बंगाल के आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि मुझे चुनाव आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल पर बहुत गर्व है कि उन्होंने 92%-94% वोटिंग के साथ ऐसा चुनाव करवाया। इतनी धमकियों और भय के माहौल के बावजूद भी बंगाल के लोग बाहर आए। हमें सच में यकीन नहीं था कि (अनुच्छेद)356 लगाए बिना इस तरह का चुनाव हो सकता है लेकिन ये हुआ। (NDA on Exit Poll)

उन्होंने कहा कि मुझे एग्जिट पोल पर ज़्यादा भरोसा नहीं है, लेकिन मुझे अपने ज़मीनी स्तर के लोगों पर भरोसा है, लोगों की नब्ज़ जो मैंने पिछले छह महीने में देखी है। निश्चित रूप से जिस तरह से बंगाल के लोग सुनामी की तरह आगे आए, वे एक उद्देश्य के साथ वोट कर रहे हैं, वे बदलाव के लिए वोट कर रहे हैं, मुझे उन पर भरोसा है। कैनिंग पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार प्रशांत बायन ने कहा कि पश्चिम बंगाल में जो दूसरे चरण का चुनाव हुआ, दूसरे चरण में भी भाजपा की स्थिति अच्छी है। भाजपा की सरकार बनेगी। भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि 5 राज्यों में चुनाव हुए तो सबसे खुशी की बात वोट प्रतिशत को लेकर रही थी, जिस तरह बंगाल और असम में वोट प्रतिशत बढ़ा है तो इसके लिए वहां के सभी लोगों को बहुत धन्यवाद। मुझे लगता है कि बंगाल में जो SIR हुआ है उससे भी यह वोट प्रतिशत बढ़ा है। एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक असम और बंगाल में भाजपा इस नंबर से भी ऊपर जाएगी। (NDA on Exit Poll)

Back to top button
error: Content is protected !!