नेपाल से निकला सैलाब गंगा के रास्ते बंगाल तक पहुंचा, बिहार के इन जिलों में बढ़ी बाढ़ की चिंता

Nepal Flood Water: नेपाल में 26 अगस्त को आई विनाशकारी फ्लैश फ्लड ने सिर्फ नेपाल को ही नहीं झकझोरा, बल्कि भारत में भी नदियों के जलस्तर को लेकर चिंता बढ़ा दी। नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में अचानक पानी बढ़ने के बाद गंडक नदी में तेज प्रवाह आया। बिहार ने खतरे को देखते हुए वाल्मीकिनगर गंडक बैराज के सभी 36 गेट खोलकर पानी को नियंत्रित तरीके से आगे भेजा। इसके बाद गंडक का पानी पश्चिम चंपारण से आगे बढ़ता हुआ गोपालगंज, सारण और वैशाली की ओर गया और हाजीपुर-सोनपुर के पास गंगा में मिल गया। यहीं से कहानी और बड़ी हो जाती है, क्योंकि गंगा का प्रवाह बिहार के कई जिलों से होते हुए आगे पश्चिम बंगाल और फिर बांग्लादेश की ओर जाता है।
यह भी पढ़ें:- नेपाल की तबाही का पानी पहुंचा बिहार, गंडक बैराज ने ऐसे टाली बड़ी आफत, समय पर अलर्ट नहीं मिलता तो बिगड़ सकते थे हालात
नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में भारी जलप्रवाह के बाद वहां की नदियों में अचानक उफान आया। इसका असर नारायणी/गंडकी नदी प्रणाली में पड़ा। यह जलप्रवाह भारत की सीमा की ओर बढ़ा और बिहार में गंडक नदी के रूप में आगे आया। बाढ़ का पानी नेपाल के हिमालयी क्षेत्र से नारायणी/गंडकी नदी तंत्र तक पहुंचा। इसके बाद भारत-नेपाल सीमा से होते हुए वाल्मीकिनगर गंडक बैराज में पहुंचा। फिर पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सारण, वैशाली और हाजीपुर/सोनपुर से होते हुए गंगा तक पहुंचा। नेपाल की फ्लैश फ्लड के बाद बिहार प्रशासन ने इसी कारण गंडक बेसिन के जिलों को अलर्ट किया था। गंडक बैराज पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर क्षेत्र में स्थित है। यहां से नदी बिहार के मैदानी इलाके में आगे बढ़ती है। इसके रास्ते में प्रमुख रूप से पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सारण और वैशाली के इलाके आते हैं। गंडक आगे चलकर हाजीपुर और सोनपुर के आसपास गंगा में मिल जाती है।
गंडक का पानी गंगा में मिला तो क्या हुआ ?
यानी नेपाल में हुई घटना का जल प्रभाव बिहार के एक सीमावर्ती जिले तक सीमित नहीं रहता, बल्कि नदी के पूरे डाउनस्ट्रीम नेटवर्क पर पड़ सकता है। सबसे महत्वपूर्ण स्थिति वैशाली के आसपास बनी, क्योंकि यहां गंडक गंगा में मिलती है। गंडक का अतिरिक्त पानी गंगा में पहुंचा, जबकि गंगा का जलस्तर भी कई जगह बढ़ा हुआ था। इस दोहरे दबाव के कारण नदी किनारे के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया। 27 अगस्त को खगड़िया में भी गंगा और गंडक के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई थी। जिला प्रशासन ने तटबंधों की निगरानी बढ़ाने के साथ अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी थीं। वैशाली में गंडक का पानी गंगा में मिलता है। इसलिए यहां दोनों नदियों के बढ़े जलस्तर का असर दिखाई दिया। जिले के कई प्रखंडों के निचले इलाकों में पानी घुसने की खबरें सामने आईं। राघोपुर के कई गांवों में बाढ़ का पानी फैल गया। (Nepal Flood Water)
बगहा में खाली कराए गए घर
चकसिंगार, वीरपुर, जुरावनपुर बरारी, जुरावनपुर करारी, फतेहपुर, रामपुर, जफराबाद, जहांगीरपुर और शिवनगर जैसे इलाकों में लोगों की मुश्किलें बढ़ीं। कुछ जगहों पर थाना परिसर और बाजार क्षेत्र तक पानी पहुंचने की बात सामने आई। नेपाल से आने वाले पानी का पहला बड़ा असर पश्चिम चंपारण के सीमावर्ती इलाकों में दिखा। बगहा में कई गांवों में गंडक का पानी पहुंचा। बगहा-2 में 500 से ज्यादा घरों को खाली कराया गया। लोगों को ऊंचे स्थानों पर पहुंचाया गया और कम्युनिटी किचन शुरू किए गए। गोपालगंज के कई प्रखंडों में खेतों में पानी पहुंचा। पूर्वी चंपारण यानी मोतिहारी के कुछ प्रखंड भी प्रभावित हुए। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की गई।
समस्तीपुर में राहत, लेकिन निगरानी जारी
समस्तीपुर में गंगा और बूढ़ी गंडक दोनों नदियों का प्रभाव है। जिले के कई हिस्से इन नदियों के बीच स्थित हैं। फिलहाल बड़े पैमाने पर आबादी वाले इलाकों में बाढ़ की स्थिति नहीं बनी, लेकिन नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई। बेगूसराय में भी गंगा का प्रभाव है। दियारा क्षेत्र का बड़ा हिस्सा नदी के फैलाव क्षेत्र में आता है। फिलहाल कई आबादी वाले इलाकों तक पानी नहीं पहुंचने से स्थिति अपेक्षाकृत नियंत्रित रही, लेकिन जलस्तर पर लगातार नजर रखी गई। लखीसराय जिले में गंगा दो प्रखंडों बड़हिया और पिपरिया से होकर गुजरती है। इन इलाकों के 10 से ज्यादा गांवों में पानी पहुंचने की जानकारी सामने आई। प्रभावित लोगों को माइकिंग के जरिए सावधान किया गया और NDRF की टीमें तैयार रखी गईं। (Nepal Flood Water)
खगड़िया में कई नदियों का संगम, बढ़ी चिंता
खगड़िया बिहार के सबसे जटिल नदी क्षेत्रों में से एक है। यहां गंगा के साथ बागमती और बूढ़ी गंडक जैसी नदियों का प्रभाव भी है।परबत्ता, गोगरी, खगड़िया सदर और मानसी जैसे प्रखंडों के तटीय इलाकों पर निगरानी बढ़ाई गई। 27 अगस्त को खगड़िया में गंगा और गंडक के जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई थी। प्रशासन ने कंट्रोल रूम बनाया और अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दीं। परबत्ता के कई गांवों के आसपास बाढ़ के पानी से स्थिति प्रभावित हुई और दियारा क्षेत्रों से लोगों और पशुओं के सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की खबरें आईं। मुंगेर में भी गंगा के बढ़ते जलस्तर का असर निचले इलाकों में दिखा। सदर मुंगेर, बरियारपुर, जमालपुर, धरहरा, हवेली खड़गपुर और असरगंज के निचले इलाकों में पानी पहुंचने की खबरें सामने आईं। कई स्थानों पर घर पानी से घिरे और खेतों में खड़ी फसल प्रभावित हुई।
गंगा के साथ आगे कहां जाता है पानी?
गंडक का पानी हाजीपुर-सोनपुर के पास गंगा में मिलने के बाद गंगा का हिस्सा बन जाता है। इसके बाद गंगा बिहार के कई जिलों से होकर आगे बढ़ती है। बिहार में गंगा का प्रमुख प्रवाह क्षेत्र मोटे तौर पर इस तरह समझा जा सकता है। बक्सर, भोजपुर, पटना, वैशाली/सारण क्षेत्र, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, खगड़िया से होकर भागलपुर पहुंचता है। फिर कटिहार से गंगा में मिल जाता है। इस दौरान रास्ते में कई सहायक नदियां भी मिलती हैं। सोन नदी पटना और भोजपुर क्षेत्र की ओर से आती है और गंगा में मिलती है। इसका जलप्रवाह भी गंगा के कुल डिस्चार्ज को प्रभावित करता है। बूढ़ी गंडक उत्तर बिहार से बहते हुए आगे गंगा तंत्र में शामिल होती है। समस्तीपुर और बेगूसराय जैसे जिलों में इसका प्रभाव महत्वपूर्ण है। उत्तर बिहार की नदियों का एक बड़ा नेटवर्क गंगा की सहायक धाराओं से जुड़ता है। बागमती और कमला जैसी नदियां भी इसी बड़े नदी तंत्र का हिस्सा हैं। कोसी नदी बिहार में बाढ़ के लिए लंबे समय से जानी जाती है। यह आगे चलकर गंगा में मिलती है और इसका असर खासकर उत्तर-पूर्वी बिहार के इलाकों में पड़ता है।
फिर कहां जाती है गंगा ?
पुनपुन नदी पटना क्षेत्र से होकर आगे बढ़ती है और फतुहा के पास गंगा में मिलती है। गंगा के पूर्वी हिस्से में महानंदा नदी भी इससे जुड़ती है। इसके बाद गंगा पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ती है। बिहार से निकलने के बाद गंगा पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ती है। बिहार से पानी पश्चिम बंगाल पहुंचता है। फिर फरक्का बैराज के जरिए बांग्लादेश पहुंच जाता है। बांग्लादेश में गंगा को मुख्य रूप से पद्मा के नाम से जाना जाता है। आगे चलकर यह विशाल नदी तंत्र बंगाल की खाड़ी में जाकर मिलता है। यानी नेपाल में पहाड़ों के बीच शुरू हुई एक फ्लैश फ्लड का पानी कई नदियों और जिलों से गुजरते हुए अंततः एक बहुत बड़े नदी तंत्र का हिस्सा बन जाता है। नेपाल की 26 अगस्त की फ्लैश फ्लड ने एक बार फिर दिखाया कि हिमालयी क्षेत्र में होने वाली आपदा का असर सीमाओं तक सीमित नहीं रहता।

नेपाल के पहाड़ों में अचानक आया पानी भारत में नदियों के जलस्तर को तेजी से प्रभावित कर सकता है। बिहार के लिए यह खतरा और गंभीर इसलिए है क्योंकि यहां गंडक, गंगा, कोसी, बागमती और बूढ़ी गंडक जैसी कई बड़ी नदियां आपस में जुड़े हुए नदी तंत्र का हिस्सा हैं। इसी वजह से समय पर सूचना, बैराज संचालन, तटबंधों की निगरानी, माइकिंग, NDRF-SDRF की तैनाती और समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना बाढ़ प्रबंधन में निर्णायक भूमिका निभाता है। नेपाल की घटना के बाद बिहार में यही रणनीति अपनाई गई और प्रशासन ने संभावित खतरे को कम करने के लिए तत्काल कदम उठाए। नेपाल से शुरू हुआ पानी का यह सफर बिहार की नदियों और जिलों से होता हुआ गंगा के विशाल नदी तंत्र में आगे बढ़ गया। यह घटना फिर चेतावनी देती है कि हिमालय में आने वाली आपदा का असर सीमाओं से कहीं आगे तक पहुंच सकता है। (Nepal Flood Water)



