छत्तीसगढ़ में 17 जनवरी तक 132 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा धान की खरीदी, किसानों को 31 जनवरी तक धान बेचने का मौका

Paddy Purchased in CG: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सिलसिला लगातार जारी है। प्रदेश में 17 जनवरी तक 132 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा धान की खरीदी हो चुकी है। धान खरीदी के एवज में 23.76  लाख किसानों को बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत 26 हजार 349 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है। धान खरीदी की शुरुआत 14 नवंबर 2024 से हुई थी, जो 31 जनवरी 2025 तक चलेगी। बता दें कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश के किसानों से सुगमता पूर्वक धान की खरीदी की जा रही है। वहीं वरिष्ठ अधिकारी धान खरीदी व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में पेंशनर्स का बढ़ा महंगाई भत्ता, रिटायर्ड कर्मचारियों को मिलेगा फायदा

छत्तीसगढ़ के सभी पंजीकृत किसानों को खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में धान बेचने के लिए टोकन की सुविधा ऑनलाइन एप (टोकन तुंहर हाथ) और उपार्जन केंद्र में 25 जनवरी 2025 तक के लिए उपलब्ध कराया गया है। किसान सुविधा अनुसार तिथि का चयन कर नियमानुसार धान विक्रय कर सकते हैं। धान खरीदी के साथ-साथ मिलर्स धान का उठाव भी तेजी से कर रहे हैं। धान उठाव के लिए लगभग 97 लाख मीट्रिक टन धान के लिए डीओ और टीओ जारी किया गया है, जिसके एवज में अब तक 72 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव कर लिया गया है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस खरीफ वर्ष के लिए 27 लाख 78 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है। इसमें 1 लाख 59 हजार नए किसान शामिल है। इस साल 2 हजार 739 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी अनुमानित है। (Paddy Purchased in CG)

महासमुंद जिले में 272 कट्टा अवैध धान जब्त

राज्य सरकार की ओर से समर्थन मूल्य में 17 जनवरी को 55 हजार 301 किसानों से 3.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। इसके लिए 67 हजार 055 टोकन जारी किए गए थे। वहीं महासमुंद जिले के बागबाहरा तहसील के ग्राम पंचायत कोमा और बरबसपुर में राजस्व ने खाद्य विभाग के साथ मंडी अधिनियम के उल्लंघन का मामला पकड़ा है। टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुल 272 कट्टा अवैध धान जब्त किया है। संयुक्त दल ने ग्राम पंचायत कोमा के मुंशीलाल सोनी के गोदाम और निवास स्थल पर दबिश देकर वहां अवैध रूप से भंडारित 172 कट्टा धान जब्त किया गया। टीम ने बताया कि यह धान मंडी अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए संग्रहित किया गया था। दूसरी कार्रवाई ग्राम पंचायत बरबसपुर के पद्मिनी सोनी समिति गबौद परिसर में की गई, जहां से 100 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया। (Paddy Purchased in CG)

Back to top button
error: Content is protected !!