दिल्ली में पुतिन-जिनपिंग के संग दिखे PM मोदी, भारत की मजबूत कूटनीति के आगे ‘वीटो’ से रुकी पाकिस्तान की एंट्री

Pakistan on BRICS Summit: पूरी दुनिया की नजर इस समय भारत में आयोजित हो रहे भव्य BRICS समिट पर टिकी हुई है। भारत की मेजबानी में आज इस ऐतिहासिक सम्मेलन की औपचारिक शुरुआत हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम पहुंचकर दुनियाभर से आए नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया और सम्मेलन को संबोधित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत में आप सभी का स्वागत और अभिनंदन करते हुए मुझे अत्यंत खुशी हो रही है। भारत की BRICS अध्यक्षता ‘लोग-केंद्रित’ और ‘मानवता पहले’ दृष्टिकोण पर आधारित है। भारत ने BRICS सहयोग को आम लोगों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया है। PM मोदी ने जानकारी दी कि इसी सोच के तहत सम्मेलन से पहले 350 से ज्यादा बैठकों का आयोजन किया गया और देश के लगभग 30 अलग-अलग शहरों में अलग-अलग विदेशी प्रतिनिधिमंडलों का शानदार स्वागत किया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने BRICS अध्यक्षता को सफल बनाने में सभी सदस्य देशों के सहयोग और सक्रिय भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें:- BRICS के साझा बयान में पहलगाम हमले की कड़ी निंदा, आतंक की फंडिंग और पनाहगाहों पर कार्रवाई का लिया गया संकल्प
एक तरफ दिल्ली के भारत मंडपम में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत 11 देशों के शीर्ष नेता PM मोदी के साथ मंच साझा कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में सन्नाटा और बेचैनी छाई हुई है। दिल्ली से आ रही वैश्विक नेताओं के हाथ मिलाने और गले मिलने की तस्वीरें पाकिस्तान के हुक्मरानों को चिढ़ा रही हैं। शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख असीम मुनीर के लिए ये तस्वीरें किसी बड़े झटके से कम नहीं हैं। पाकिस्तान के सीने पर सांप लोट रहा है और उसे सबसे बड़ा मलाल इस बात का है कि आखिर वह इतने बड़े वैश्विक मंच BRICS का हिस्सा क्यों नहीं बन पा रहा है। BRICS के विस्तार के बाद कई देशों ने इसमें शामिल होने की इच्छा जताई थी, जिनमें पाकिस्तान और तुर्किये प्रमुख थे। (Pakistan on BRICS Summit)
पाकिस्तानी मीडिया में फैला मातम
पाकिस्तान ने साल 2023 में BRICS की सदस्यता के लिए औपचारिक आवेदन दिया था। पाकिस्तान को चीन और रूस का समर्थन भी हासिल था। BRICS के नियमों के मुताबिक किसी भी नए देश की सदस्यता के लिए सभी मौजूदा सदस्य देशों की आम सहमति अनिवार्य होती है। हालांकि आधिकारिक तौर पर भारत ने पाकिस्तान का नाम लेकर खुलकर कुछ नहीं कहा, लेकिन कूटनीतिक गलियारों में यह साफ है कि भारत कभी नहीं चाहेगा कि सीमा पार से प्रायोजित आतंकवाद फैलाने वाला मुल्क BRICS जैसे जिम्मेदार और शक्तिशाली मंच का हिस्सा बने। भारत के कड़े रुख के कारण पाकिस्तान की एंट्री पर अनौपचारिक वीटो लग गया, जिसका दर्द आज भी पाकिस्तान को सता रहा है। पाकिस्तानी मीडिया और रक्षा विशेषज्ञों के बीच इस वक्त सिर्फ और सिर्फ दिल्ली ब्रिक्स समिट की ही चर्चा है। (Pakistan on BRICS Summit)

पाकिस्तानी पत्रकार कमर चीमा ने इस पर अपनी भड़ास निकालते हुए कहा कि पाकिस्तान ने 2023 में अप्लाई किया था, लेकिन पाकिस्तान ब्रिक्स का पार्टनर मुल्क भी नहीं बन पाया। इसके पीछे सबसे बड़ी रुकावट इंडिया ही है। इंडिया BRICS में पाकिस्तान को नहीं आने देना चाहता है। भारत हमें राजनीतिक रूप से अलग-थलग करना चाहता है और आर्थिक रूप से कमजोर करना चाहता है।इसके साथ ही पाकिस्तानी विश्लेषक अब अपने सदाबहार दोस्त चीन पर भी सवाल उठाने लगे हैं। पाकिस्तानी पत्रकारों का कहना है कि जिस चीन को पाकिस्तान अपना सबसे बड़ा मददगार समझता है, वह भी BRICS में पाकिस्तान की एंट्री कराने में कोई प्रभावी भूमिका नहीं निभा सका, जिस वक्त चीन खुद SCO समिट के मंच से पाकिस्तान को अपनी हरकतों से बाज आने और आतंकवाद पर लगाम लगाने की चेतावनी दे चुका है, उस वक्त दिल्ली में BRICS के मंच से एक नया वर्ल्ड ऑर्डर तैयार हो रहा है।

भारत की प्रभावी और मजबूत कूटनीति ने पाकिस्तान को वैश्विक पटल पर काफी पीछे छोड़ दिया है। नतीजतन BRICS का हिस्सा बनने की पाकिस्तान की हसरत महज एक अधूरा ख्वाब बनकर रह गई है। BRICS के इस महामंच से भारत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह न सिर्फ दक्षिण एशिया, बल्कि पूरे वैश्विक परिदृश्य में एक मजबूत और केंद्रीय भूमिका निभा रहा है। PM नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मानवता सबसे पहले वाला दृष्टिकोण दुनियाभर के देशों को एक मंच पर ला रहा है। वहीं दूसरी ओर भारत की सख्त कूटनीतिक रणनीति ने यह भी साफ कर दिया है कि सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले मुल्कों के लिए ऐसे जिम्मेदार और शक्तिशाली मंचों पर कोई जगह नहीं है। BRICS में अपनी एंट्री की हसरत पाले बैठा पाकिस्तान आज वैश्विक पटल पर पूरी तरह अलग-थलग दिखाई दे रहा है।



