Google Analytics —— Meta Pixel

UAE के रास्ते भारत लाई जा रही थी पाकिस्तानी खजूर, DRI ने जब्त किए 13 कंटेनर

Pakistani Dates in India: पाकिस्तान से भारत में सामान लाने पर लगे प्रतिबंध को दरकिनार करने की कोशिश का बड़ा मामला सामने आया है। राजस्व खुफिया निदेशालय यानी DRI ने ‘ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट’ के तहत कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान मूल की 362 मीट्रिक टन से ज्यादा सूखी खजूर जब्त की है। यह खेप संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रास्ते भारत लाई जा रही थी। DRI अधिकारियों को इस संबंध में विशेष खुफिया जानकारी मिली थी। इसके आधार पर अधिकारियों ने नासिक के सीएफएस अंबड में मुंबई की एक फर्म द्वारा आयात की गई सूखी खजूर के 13 कंटेनरों को जब्त किया। इन कंटेनरों को UAE के जेबेल अली बंदरगाह से भारत भेजा गया था। हालांकि आयात से जुड़े दस्तावेजों में माल का मूल देश संयुक्त अरब अमीरात बताया गया था।

पाकिस्तान से UAE और फिर भारत भेजी गई खेप

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान मूल के सामान की पहचान छिपाने के लिए एक सुनियोजित ट्रांसशिपमेंट व्यवस्था का इस्तेमाल किया गया। जांच के मुताबिक, सूखी खजूर को सबसे पहले पाकिस्तान के कराची बंदरगाह से UAE के जेबेल अली बंदरगाह तक भेजा गया। इसके बाद जेबेल अली में माल को एक कंटेनर से दूसरे कंटेनरों में स्थानांतरित किया गया। इसके बाद इसे दूसरे जहाज पर लोड कर भारत भेजा गया। जांच एजेंसी के मुताबिक, भारत भेजने की प्रक्रिया में पाकिस्तानी नागरिकों द्वारा संचालित संस्थाओं की भूमिका भी सामने आई है। इस पूरी प्रक्रिया के जरिए कथित तौर पर माल के वास्तविक मूल देश को छिपाने की कोशिश की गई, ताकि पाकिस्तान से भारत में आयात पर लगे प्रतिबंध से बचा जा सके। (Pakistani Dates in India)

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने लगाया था प्रतिबंध

दरअसल, पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने 2 मई 2025 से पाकिस्तान से आने वाले सामान पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था। विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने अधिसूचना संख्या 06/2025-26 जारी कर पाकिस्तान से उत्पन्न या वहां से निर्यात किए गए सभी सामान के प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष आयात या ट्रांजिट पर रोक लगा दी थी। इस प्रतिबंध के बाद पाकिस्तान से सीधे भारत सामान भेजना मुश्किल हो गया। ऐसे में जांच एजेंसियों को आशंका रही है कि कुछ कारोबारी नेटवर्क तीसरे देशों के रास्ते पाकिस्तान के सामान को भारत लाने की कोशिश कर सकते हैं। इसी तरह की कोशिशों पर नजर रखने के लिए DRI ने ‘ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट’ के तहत कार्रवाई तेज की है। इस ऑपरेशन के जरिए तीसरे देशों के माध्यम से भारत लाए जा रहे पाकिस्तान मूल के सामान की पहचान की जा रही है और संदिग्ध खेपों की जांच के बाद उन्हें जब्त किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:- महंगाई के दो चेहरे: एक आम ग्राहक की जेब पर डालता है असर, दूसरा बढ़ाता है कारोबार की लागत

362 मीट्रिक टन से ज्यादा सूखी खजूर की यह जब्ती भी इसी कार्रवाई का हिस्सा है। DRI अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरी आयात प्रक्रिया में कौन-कौन लोग और कंपनियां शामिल थीं और माल के मूल देश से जुड़े दस्तावेजों में किस स्तर पर हेरफेर किया गया। DRI के मुताबिक इस तरह के मामलों में सामान के वास्तविक मूल देश को छिपाने के लिए गलत घोषणा, कंटेनर बदलने, ट्रांसशिपमेंट और दस्तावेजों में हेरफेर जैसे तरीकों का इस्तेमाल किया जा सकता है। नासिक में हुई इस कार्रवाई को भी इसी तरह की कोशिश को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। एजेंसी का कहना है कि वह ऐसे नेटवर्क की पहचान करने और उन्हें रोकने के लिए लगातार निगरानी कर रही है। इस कार्रवाई का उद्देश्य सिर्फ व्यापार प्रतिबंधों को लागू कराना ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और भारत की सप्लाई चेन की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। DRI अब जब्त की गई खेप से जुड़े दस्तावेजों और संबंधित कंपनियों की भूमिका की आगे जांच कर रही है। (Pakistani Dates in India)

Back to top button
error: Content is protected !!