Google Analytics —— Meta Pixel

प्रधानमंत्री आवास निर्माण राशि में गड़बड़ी, 6 लोगों के खिलाफ FIR, दो रोजगार सहायक बर्खास्त

PM Awas Yojana Rashi: प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि गबन करने के मामले में कोरबा जिले में 6 लोगों के खिलाफ FIR की कार्रवाई की गई है, जिसमें तीन ठेकेदार, दो पूर्व रोजगार सहायक और एक पूर्व आवास मित्र शामिल है। कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के चलते पूर्व रोजगार सहायक प्रकाश चौहान और किरण महंत को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। ठेकदार मेघनाथ विश्वकर्मा, राजाराम चौहान ग्राम सिमकेंदा, लखनलाल बैगा ग्राम श्यांग, रोजगार सहायक ग्राम श्यांग प्रकाश चौहान और ग्राम सोल्वा के किरण महंत, पूर्व आवास मित्र चंद्रशेखर मंझवार, ग्राम करूमौहा के खिलाफ पुलिस थाना श्यांग कोरबा में FIR दर्ज कराई गई है।

यह भी पढ़ें:- दर्शन के लिए भारतीय परिधान जरूरी, सिद्धिविनायक मंदिर में बदल गया ‘ड्रेस कोड’, जानें नए नियम

जिला प्रशासन को यह शिकायत मिली थी कि जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत ग्राम पंचायत श्यांग, सिमकेदा और सोल्वा में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 72 हितग्राहियों के आवास आधे अधूरे हैं। आवास बने ही नहीं और 86 लाख रुपए निकाल लिए गए। शिकायत के संबंध में जिला स्तरीय जांच समिति गठित कर जांच कराई गई थी। जांच रिपोर्ट के अनुसार तीनों गांवों में स्वीकृत 72 आवासों के लिए ठेकेदार राजाराम, मेघनाथ विश्वकर्मा, लखनलाल बैगा और तत्कालीन रोजगार सहायक प्रकाश चौहान, किरण महंत, तत्कालीन आवास मित्र चंद्रशेखर मंझवार ने आवास की राशि निकाल ली है, जिसके कारण आवास निर्माण का कार्य अधूरा है। तत्कालीन विकासखंड समन्वयक लम्बोदर कौशिक, कलेश्वर चौहान और तकनीकी सहायक नरेंद्र साहू ने भी बिना भौतिक सत्यापन के आवास पूर्ण होने का जिओ टैग कर पूर्ण भुगतान करा दिया। (PM Awas Yojana Rashi)

कड़ी कार्रवाई के निर्देश

जिला प्रशासन ने इसे कर्तव्य निर्वहन में घोर लापरवाही और वित्तीय अनियमितता का मामला मानते हुए संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिला पंचायत CEO ने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की जा रही है। जनपद पंचायत CEO देवानंद श्रीवास के पत्र के अनुसार विकासखंड समन्वयक प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण जनपद पंचायत कोरबा के द्वारा 6 लोगों पर पुलिस थाना श्यांग कोरबा में शासकीय राशि के गबन की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 409, 120-बी, 34 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। (PM Awas Yojana Rashi)

Back to top button
error: Content is protected !!