Google Analytics —— Meta Pixel

राज्यपाल ने प्रधानमंत्री से मांगा बस्तर-सरगुजा के विकास के लिए विशेष पैकेज, कहा- विशेष पैकेज से युवाओं को मिलेगा रोजगार और समुचित विकास

रायपुर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से गुरुवार को नई दिल्ली में राज्यपाल अनुसुईया उइके ने मुलाकात की। इस दौरान राज्य की वर्तमान स्थिति सहित प्रदेश के विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। इस दौरान राज्यपाल ने प्रधानमंत्री से बस्तर और सरगुजा संभाग में निवासरत जनजातियों के समुचित विकास के लिए विशेष पैकेज देने का भी अनुरोध किया है। उन्होंने कहा, विशेष पैकेज मिलने से इन क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का विस्तार होगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा और जनजातिय समुदाय का और बेहतर विकास हो सकेगा। राज्यपाल ने प्रधानमंत्री से पांचवी अनुसूची के अंतर्गत आने वाले नगरीय क्षेत्रों में मेसा कानून लागू करने का अनुरोध किया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पेसा कानून के संबंध में नियम बनाने को लेकर भी बातचीत की। चर्चा के दौरान राज्यपाल ने प्रधानमंत्री को जनजातियों के जाति नाम में मात्रात्मक त्रुटियों से अवगत कराते हुए कहा कि इससे पात्र व्यक्तियों को जाति प्रमाण पत्र प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रधानमंत्री को प्रतीक चिन्ह और शॉल भेंट किया।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की आवाज बनीं
राज्यपाल आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की आवाज बनकर प्रधानमंत्री के सामने उनकी समस्याओं को भी रखा। राज्यपाल ने देश के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शहरी सामाजिक कार्यकर्ताओं(ऊषा) और आशा कार्यकर्ताओं के संबंध में भी चर्चा करते हुए कहा कि ये कार्यकर्ता पूरी लगन से प्रदेश सहित देश के ग्रामीण क्षेत्रों में अपना कार्य कर रहे हैं। इनके मानदेय में वृद्धि के साथ ही उनके स्थायीकरण की दिशा में भी विचार करने किया जाना चाहिए।

कला व संस्कृति को संरक्षित करना जरूरी
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि आदिवासी बाहुल्य जिलों में स्थित विश्वविद्यालयों को केंद्रीय जनजाति विश्वविद्यालय के रूप में उन्नत किया जाए, जिससे यहां के जनजातीय समुदायों को लाभ मिल सके। राज्यपाल ने जनजातियों की कला व संस्कृति को भी संरक्षित करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि इन जनजातियों पर शोध कर उनका दस्तावेजीकरण किया जाए, जिससे इनकी संस्कृति की पहचान पूरे देश में हो सके।

केंद्रीय गृहमंत्री से नक्सलवाद पर की चर्चा
दिल्ली प्रवास के दौरान राज्यपाल ने केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री शाह से राज्य के नक्सल प्रभावित जिलों, वहां की समस्याओं और नक्सली गतिविधियों के संबंध में चर्चा की। इस दौरान राज्यपाल ने बताया, उनके द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा किया गया। उन्होंने राज्य के आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लेागों की समस्याओं और उनके समाधान के संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री को अवगत कराया। इसके साथ ही बस्तर और सरगुजा संभाग के लिए विशेष पैकेज के संबंध में भी चर्चा की।

Back to top button
error: Content is protected !!