SCO में शहबाज के सामने PM मोदी का सख्त संदेश, बोले- ‘टेरर फंडिंग और पूरा नेटवर्क खत्म करना होगा’

SCO Summit 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मंगलवार को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन (SCO Summit 2026 ) में आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश दिया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ समेत SCO के अन्य नेताओं की मौजूदगी में पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवाद के मुद्दे पर दोहरे मापदंड की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आतंकवाद की फंडिंग, भर्ती, कट्टरपंथ और आतंकियों के सुरक्षित ठिकानों के पूरे तंत्र को खत्म करने पर जोर दिया।
‘आतंकवाद किसी के लिए रणनीतिक संपत्ति नहीं’
पीएम मोदी ने कहा कि जो देश आतंकवाद को अपनी नीति के साधन के रूप में इस्तेमाल करते हैं और आतंकियों को पनाह या समर्थन देते हैं, उन्हें स्पष्ट संदेश दिया जाना चाहिए कि आतंकवाद किसी के लिए भी रणनीतिक संपत्ति नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि इस गंभीर चुनौती से निपटने के लिए सभी देशों को एकजुट होकर एक आवाज में बोलना होगा।
प्रधानमंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई को केवल आतंकियों तक सीमित रखने के बजाय उसके पूरे नेटवर्क को खत्म करने की जरूरत बताई। उन्होंने आतंकवाद की फंडिंग, आतंकियों की भर्ती, कट्टरपंथ और सुरक्षित ठिकानों के तंत्र को समाप्त करने पर जोर दिया।
भारत की SCO प्राथमिकताएं- सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अवसर
पीएम मोदी ने SCO के लिए भारत की तीन प्रमुख प्राथमिकताओं सुरक्षा, कनेक्टिविटी और अवसर को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि SCO महान सभ्यताओं, संस्कृतियों और विचारों का संगम है और इसके सहयोग का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचना चाहिए।
उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर, उद्यमियों के लिए नए बाजार और किसानों तक तकनीक का लाभ पहुंचाने की जरूरत पर भी जोर दिया।
पश्चिम एशिया संकट पर भी रखी भारत की बात
प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया समेत दुनिया के विभिन्न हिस्सों में जारी संघर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि युद्ध और संघर्षों का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संघर्ष का असर केवल संबंधित क्षेत्र तक सीमित नहीं रहता, बल्कि ऊर्जा सुरक्षा, समुद्री व्यापार और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर भी पड़ता है।
ड्रग्स तस्करी और संगठित अपराध पर सहयोग की जरूरत
पीएम मोदी ने नशीले पदार्थों की तस्करी को युवाओं और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने SCO के सुरक्षा तंत्र के माध्यम से संगठित अपराध, सूचना सुरक्षा और ड्रग्स तस्करी जैसे मामलों में व्यावहारिक सहयोग और समयबद्ध कार्रवाई को मजबूत करने की जरूरत बताई।
26वें SCO सम्मेलन में जुटे कई देशों के नेता
किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सदिर जापारोव की मेजबानी में हो रहे 26वें SCO शिखर सम्मेलन में भारत, चीन, रूस, पाकिस्तान, ईरान और मध्य एशियाई देशों समेत संगठन के सदस्य देशों के प्रमुख नेता हिस्सा ले रहे हैं। यह सम्मेलन SCO की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। भारत वर्ष 2017 से SCO का पूर्ण सदस्य है।
सम्मेलन में भारत ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, क्षेत्रीय सुरक्षा और सहयोग को प्रमुखता दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने SCO के अगले चरण में सुरक्षा के साथ कनेक्टिविटी और आम लोगों के लिए नए अवसरों को भी सहयोग का महत्वपूर्ण आधार बताया। (SCO Summit 2026)
यह भी पढ़े :- SCO समिट में PM मोदी बोले- आतंकवाद पर एक सुर में कार्रवाई जरूरी, युद्ध नहीं, बातचीत और कूटनीति से निकलेगा समाधान



