PM Narendra Modi: खुली गाड़ी से मंच तक पहुंचे पीएम मोदी, बिहार को 7,196 करोड़ की सौगात

PM Narendra Modi : मोतिहारी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बिहार के मोतिहारी में आयोजित जनसभा में शामिल हुए। पीएम मोदी मंच तक पहुंचने के लिए खुली गाड़ी में सवार होकर लोगों का अभिवादन करते हुए पहुंचे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और दोनों उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहे।
पीएम मोदी का स्वागत बेहद भव्य तरीके से किया गया। रास्ते में उनकी गाड़ी पर फूलों की बारिश होती रही और भीड़ में मोदी-मोदी और भारत माता की जय के नारे लगातार गूंजते रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर बिहार को 7,196 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने चार अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पीएम ने कहा कि इन योजनाओं से बिहार के बुनियादी ढांचे और यात्री सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समय पूर्वी भारत का है। जिस तरह पश्चिम भारत में मुंबई और गुरुग्राम जैसे बड़े शहर हैं, वैसे ही पूर्व में भी अब मोतिहारी और गया जैसे शहर तेजी से विकसित होंगे। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि बिहार के युवाओं को अब अपने राज्य में ही रोजगार के अवसर मिलें।
प्रधानमंत्री (PM Narendra Modi) ने गरीबों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि अब तक 4 करोड़ से अधिक पक्के घर बनाए जा चुके हैं, जिनमें से 7 लाख से ज्यादा सिर्फ बिहार में हैं। मोतिहारी जिले में भी 3 लाख से अधिक परिवारों को पक्का घर मिल चुका है।
युवाओं के लिए पीएम मोदी (PM Narendra Modi) ने नई योजना की घोषणा करते हुए कहा कि पहली निजी नौकरी मिलने पर केंद्र सरकार द्वारा युवाओं को 15,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह योजना 1 अगस्त से लागू होगी।
प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार द्वारा वृद्ध, विधवा और दिव्यांगों की पेंशन राशि बढ़ाकर 1,100 रुपये करने की भी सराहना की।
यह वर्ष 2025 में प्रधानमंत्री मोदी (PM Narendra Modi) का पांचवां बिहार दौरा रहा। इससे पहले वे सीवान, भागलपुर, मधुबनी, पटना और शाहबाद में भी जनसभाओं को संबोधित कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें… नेहा बनकर रह रहा था बांग्लादेशी अब्दुल कलाम, फर्जी दस्तावेज के साथ गिरफ्तार



