जब युवा सफल होते हैं तो राष्ट्र सफल होता है: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

PM on Employment Fair: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित रोजगार मेले में देशभर के 51 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे और उन्हें नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस साल का दिवाली पर्व युवाओं के जीवन में नई रोशनी लेकर आया है। त्योहारों के बीच स्थायी नौकरी का पत्र मिलना दोहरी खुशी का अवसर है। एक ओर उत्सव की उमंग, दूसरी ओर रोजगार की सफलता। प्रधानमंत्री ने कहा कि नवनियुक्त युवाओं का उत्साह, मेहनत और आत्मविश्वास जब राष्ट्रसेवा की भावना से जुड़ता है तो उनकी व्यक्तिगत सफलता देश की सफलता बन जाती है। उन्होंने कहा कि ये नियुक्तियां सिर्फ सरकारी नौकरियां नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का अवसर हैं। प्रधानमंत्री ने युवाओं से ‘नागरिक देवो भव’ के मंत्र को याद रखने और सेवा-समर्पण की भावना से काम करने की अपील की।
यह भी पढ़ें:- देश के जनसांख्यिकीय लाभांश के प्रभावी उपयोग के लिए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक: राष्ट्रपति
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 11 सालों में देश विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इस यात्रा में युवाओं की भूमिका सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवा सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रोजगार मेले अब युवाओं के सपनों को पूरा करने का सशक्त माध्यम बन गए हैं। हाल के समय में इन मेलों के माध्यम से 11 लाख से ज्यादा नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ के तहत साढ़े तीन करोड़ युवाओं को रोजगार देने के लक्ष्य पर काम कर रही है। PM मोदी ने कहा कि स्किल इंडिया मिशन जैसे कार्यक्रम युवाओं को प्रशिक्षण दे रहे हैं, जबकि नेशनल करियर सर्विस प्लेटफॉर्म उन्हें नए अवसरों से जोड़ रहा है। इस मंच के जरिए अब तक 7 करोड़ से ज्यादा नौकरियों की जानकारी साझा की जा चुकी है। (PM on Employment Fair)
‘प्रतिभा सेतु पोर्टल’ की घोषणा
प्रधानमंत्री ने युवाओं के लिए ‘प्रतिभा सेतु पोर्टल’ की भी घोषणा की, जो उन उम्मीदवारों को अवसर देगा जो यूपीएससी की अंतिम सूची तक पहुंचे लेकिन चयनित नहीं हुए। उन्होंने कहा कि निजी और सार्वजनिक संस्थान अब इस पोर्टल के जरिए इन प्रतिभाशाली युवाओं से जुड़ रहे हैं, जिससे देश की युवा क्षमता का ज्यादा से ज्यादा उपयोग संभव होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि जीएसटी बचत उत्सव ने त्योहारों के मौसम को समृद्ध बनाया है। जीएसटी दरों में कटौती जैसे सुधारों ने न सिर्फ उपभोक्ताओं की बचत बढ़ाई है, बल्कि रोजगार के अवसरों का भी विस्तार किया है। जब सामान सस्ते होते हैं तो मांग बढ़ती है, उत्पादन तेज होता है और नई नौकरियां पैदा होती हैं। (PM on Employment Fair)
रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे: PM मोदी
उन्होंने कहा कि धनतेरस और दिवाली पर हुई रिकॉर्ड बिक्री बताती है कि जीएसटी सुधारों ने देश की अर्थव्यवस्था को नई गति दी है। एमएसएमई और खुदरा क्षेत्र में भी इन सुधारों का सकारात्मक असर दिख रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे युवा देश है और युवाओं की शक्ति इसकी सबसे बड़ी संपत्ति है। उन्होंने बताया कि विदेश नीति में भी युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए नीतियां बनाई जा रही हैं। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की हाल की यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत और ब्रिटेन ने एआई, फिनटेक और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश बढ़ाने पर सहमति दी है। भारत-यूरोप, ब्राजील, सिंगापुर, कोरिया और कनाडा जैसे देशों के साथ हुए समझौते भी निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे।
आई-गॉट कर्मयोगी भारत प्लेटफॉर्म
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में नवनियुक्त युवाओं की भूमिका अहम होगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करने की जरूरत है और यह संकल्प आप जैसे युवा कर्मयोगियों के प्रयासों से ही पूरा होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस दिशा में ‘आई-गॉट कर्मयोगी भारत प्लेटफॉर्म’ युवाओं के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहा है। लगभग डेढ़ करोड़ सरकारी कर्मचारी इस मंच से जुड़कर निरंतर सीख रहे हैं और अपने कौशल को उन्नत बना रहे हैं। उन्होंने युवाओं से भी इस प्लेटफॉर्म से जुड़ने का आग्रह किया, ताकि नई कार्य संस्कृति और सुशासन की भावना विकसित हो सके। प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं के समर्पण और प्रयासों से ही भारत का भविष्य आकार लेगा और देशवासियों के सपने साकार होंगे। (PM on Employment Fair)



