जंतर-मंतर विवाद पर बोले PM मोदी, कहा- मुझे और मेरी मां को गालियां दी गईं, लेकिन ये गुमराह बच्चे हैं, इन्हें माफ करना चाहता हूं

PM on Jantar Mantar Controversy: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जंतर-मंतर पर हुए विवाद को लेकर बड़ा बयान दिया है। शुक्रवार रात करीब 11 बजे इंस्टाग्राम पर जारी एक वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान कुछ युवाओं ने उन्हें और उनकी मां के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद उन्होंने नाराजगी जताने के बजाय युवाओं को गुमराह बच्चे बताते हुए उन्हें माफ करने की बात कही। यह पिछले 9 दिनों में प्रधानमंत्री मोदी का पांचवां वीडियो संदेश है। सोशल मीडिया पर जारी इस वीडियो को जारी होने के कुछ ही समय में बड़ी संख्या में लोगों ने देखा और प्रतिक्रिया दी। प्रधानमंत्री के लगातार वीडियो संदेशों को सोशल मीडिया पर व्यापक पहुंच मिल रही है।
यह भी पढ़ें:- 1 अगस्त 2026 से बदल गए ये बड़े नियम: जानिए आपकी जेब और जेब-खर्च पर क्या पड़ेगा असर
वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जंतर-मंतर पर जो कुछ हुआ, उसे पूरी दुनिया ने देखा। उन्होंने कहा कि कुछ शरारती बच्चों ने उन्हें और उनकी मां को भद्दी-भद्दी गालियां दी, लेकिन बचपन में गलतियां होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि बचपन गलतियों को सुधारने का भी अवसर देता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये गुमराह बच्चे हैं और अब समय उन्हें सही रास्ता दिखाने का है। उन्होंने कहा कि वह उन्हें सजा दिलाने की भावना से नहीं, बल्कि उन्हें माफ करने की भावना से देखना चाहते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जंतर-मंतर पर हुई घटना किसी भी सभ्य समाज के लिए शोभा देने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि वह समाज के भीतर मौजूद आक्रोश को समझते हैं, लेकिन जिस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।
उन्होंने कहा कि यह एक तरह का कल्चरल शॉक है कि देश की बेटियां भी इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ दंड देने से परिस्थितियां नहीं बदलेंगी, बल्कि सही मार्गदर्शन और सकारात्मक सोच से बदलाव आएगा। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में युवाओं से कहा कि उनका पूरा जीवन देश के लोगों और विशेष रूप से युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि युवा आगे बढ़ें और देश के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। प्रधानमंत्री मोदी पिछले कुछ दिनों से लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो संदेश जारी कर रहे हैं। यह सिलसिला 23 जुलाई से शुरू हुआ, जब देर रात को जारी वीडियो में प्रधानमंत्री ने पेपर लीक को लाखों छात्रों और उनके परिवारों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए परीक्षा प्रणाली में सुधार और नए कानून की दिशा में उठाए गए कदमों की जानकारी दी। (PM on Jantar Mantar Controversy)
लगातार वीडियो बना रहे प्रधानमंत्री मोदी
24 जुलाई को दूसरे वीडियो में उन्होंने पहले वीडियो पर मिले सकारात्मक सुझावों और प्रतिक्रियाओं के लिए लोगों का धन्यवाद किया और कहा कि जनता के सुझाव सरकार के लिए महत्वपूर्ण हैं। 26 जुलाई को तीसरे वीडियो में प्रधानमंत्री ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए हाई पावर टास्क फोर्स बनाई गई है, जिसकी अध्यक्षता इंफोसिस के सह-संस्थापक नंदन नीलेकणी करेंगे। उन्होंने पेपर लीक रोकने के लिए कठोर कानून लाने की भी बात कही। 30 जुलाई को चौथे वीडियो में उन्होंने कहा कि पेपर लीक की समस्या सिर्फ किसी एक राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि कई दशकों से लगभग हर राज्य और केंद्र सरकार इस चुनौती का सामना करती रही है। उन्होंने इसे छात्रों के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बताया। 31 जुलाई को जारी पांचवें वीडियो में उन्होंने पहली बार जंतर-मंतर विवाद पर विस्तार से अपनी प्रतिक्रिया दी और विवादित टिप्पणी करने वाले युवाओं को माफ करने की बात कही।
सोशल मीडिया पर जबरदस्त पहुंच
प्रधानमंत्री मोदी के हालिया वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा का विषय बने हुए हैं। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक 23 जुलाई को जारी पहले वीडियो को लगभग 40.8 करोड़, 24 जुलाई के दूसरे वीडियो को 28.4 करोड़, 26 जुलाई के तीसरे वीडियो को 18.3 करोड़ और 30 जुलाई को जारी चौथे वीडियो को करीब 8.3 करोड़ व्यूज मिले। यानी इन चारों वीडियो को मिलाकर 90 करोड़ से ज्यादा व्यूज दर्ज किए गए, जो सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री के संदेशों की बड़ी पहुंच और लोगों की दिलचस्पी को दर्शाता है। नया वीडियो भी जारी होने के तुरंत बाद तेजी से वायरल हुआ। पूरा मामला 23 जुलाई को जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान सामने आया था। प्रदर्शन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें रुचिका सिंह नाम की एक युवती प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करती दिखाई दी।
30 जुलाई को रुचिका सिंह के खिलाफ मामला दर्ज
गाजियाबाद की स्मृति सिंह की शिकायत पर नोएडा के एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने 30 जुलाई को रुचिका सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जानबूझकर अपमान करने, सार्वजनिक उपद्रव फैलाने और मानहानि से संबंधित आरोपों में एफआईआर दर्ज की। इधर, कॉकरोच जनता पार्टी ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा मुद्दा बताया। प्रधानमंत्री मोदी के ताजा वीडियो के बाद राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर नई बहस शुरू हो गई है। एक ओर समर्थक प्रधानमंत्री के संयम और क्षमाशीलता की सराहना कर रहे हैं, वहीं विपक्ष और कई सामाजिक संगठनों की ओर से भी इस पूरे घटनाक्रम पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल जंतर-मंतर विवाद, दर्ज FIR और प्रधानमंत्री का यह वीडियो देशभर में चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है। (PM on Jantar Mantar Controversy)



