Google Analytics —— Meta Pixel

राजनाथ बोले- अराजकता फैलाकर सत्ता चाहती है कांग्रेस, कांग्रेस बोली- वोट चोरी के सबूत झुठला नहीं सकती बीजेपी

Politics on Rajnath Statement: दिल्ली में हाल ही में हुए घटनाक्रम और वोट चोरी के आरोपों को लेकर सियासत तेज हो गई है। लखनऊ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं को राजनीतिक टकराव की ओर धकेलकर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है। राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी को जनमत का सम्मान करने और टकराव की राजनीति छोड़ने की सलाह दी। वहीं कांग्रेस ने पलटवार करते हुए वोट चोरी के आरोपों को सही ठहराया और बीजेपी पर संवैधानिक संस्थाओं को प्रभावित करने का आरोप लगाया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दिल्ली में पिछले दिनों जो घटनाक्रम हुए, वो कई गंभीर सवाल खड़े करते हैं। ऐसा लगता है कि कांग्रेस और उनके राजनीतिक सहयोगी प्रत्यक्ष रूप से और अपने समर्थक संगठनों के माध्यम से युवाओं की उर्जा को रचनात्मक कार्यों और राष्ट्रनिर्माण की दिशा में लाने की जगह राजनीतिक टकराव और अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:- नवरात्रि का सातवां दिन आज: मां कालरात्रि की पूजा से दूर होंगे भय और बाधाएं, जानें पूजन विधि, मंत्र और भोग

उन्होंने कहा कि देश के नौजवानों को अराजकता की राजनीत का मोहरा बनाने की कोशिश की जा रही है। बांग्लादेश की तर्ज पर शासन बदलना चाहते हैं और एक प्रेस वार्ता में खुलकर कहते हैं कि उसने शासन बदलने की प्ररेणा बांग्लादेश से ली है। तो दूसरा डंके की चोट पर सरकार गिराने की बात करता है। यह साफ करता है कि इनका इकलौता एजेंडा लोकतांत्रिक संस्थाओं को ध्वस्त करना और देश में आग लगाना है। शासन बदलने जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है, इससे पता चलता है कि उनकी लड़ाई चुनाव सुधार, SIR, ज्ञानेश कुमार, देश के नौजवानों के उज्जवल भविष्य के लिए नहीं है। उनकी लड़ाई देश में अराजकता पैदा करके सत्ता हासिल करने की उनकी साजिश है। मैं कहना चाहूंगा कि राहुल गांधी और उनके सहयोगियों को यह समझना होगा कि लोकतंत्र अराजकता फैलाना, संवैधानिक संस्थाओं की साख पर चोट करने या भारत की विकास यात्रा में बाधा डालने का लाइसेंस नहीं है। सर्वोच्च न्यायालय के कल की टिप्पणी भी मैं समझता हूं कि इसी ओर एक संकेत है।

कानून का सम्मान करना भी आवश्यक: रक्षा मंत्री

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए कानून का सम्मान करना भी आवश्यक है। राहुल गांधी को लोकतंत्र की रक्षा के नाम पर व्यवधान की राजनीति करने के बजाय जनमत का सम्मान करते हुए अपनी राजनीतिक भूमिका पर आत्ममंथन करना चाहिए। यह मेरा राहुल गांधी को सलाह है। मैं मानता हूं कि कांग्रेस के संरक्षण और शासन काल में तीन सबसे बड़े अक्षम्य अपराध हुए हैं। उनका पहला अक्षम्य अपराध 1975 में इंदिरा गांधी की ओर से लगाया गया अपातकाल था। दूसरा अक्षम्य अपराध 1984 में कांग्रेस के संरक्षण में सिख भाई-बहनों का नरसंहार था। तीसरा अक्षम्य अपराध 1990 में राम भक्त कारसेवकों की खून की गंगा बहाने वाले लोगों को समर्थन देकर उनकी सरकार को बचाना था। चौथा- आज कांग्रेस द्वारा संविधान, संवैधानिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं को चोट पहुंचाकर किया जा रहा है। आपने देखा होगा कि राहुल गांधी ने वोट चोरी को हाइड्रोजन बम बताकर पूरे देश में शोर मचाया था, लेकिन सच्चाई यह है कि उनका यह तथाकथित हाइड्रोजन बम दिवाली का पटाखा भी साबित नहीं हुई। हमने कभी भी संवैधानिक संस्थाओं पर शक नहीं किया है। यह हमारा चरित्र है। (Politics on Rajnath Statement)

देश नफरत को पसंद नहीं करता: गौतम

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि जब कभी भी दुनिया के किसी देश में अराजकता जैसे हालात पैदा हो जाते हैं, उस देश की व्यवस्था पर लोगों को विश्वास समाप्त हो जाता है तो इस तरह के हालात हमेशा आते हैं। आज भी अपने लोकतंत्र और संवैधानिक अधिकारों को बचाने के लिए जिस तरह का अविश्वास पूरे देश में फैल गया है, जाहिर है कि आज पूरा देश एक होकर अपने देश के लोकतांत्रिक व्यवस्था को और संविधान को बचाने की लड़ाई लड़ रहा है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि अगर राजनाथ सिंह यह कह रहे हैं कि कांग्रेस कहां है तो इस चुनाव में हम बताएंगे कि कांग्रेस कहां है। उत्तर प्रदेश की जनता बताएगी कि कांग्रेस कहां है। भारतीय जनता पार्टी की जहां से शुरुआत हुई थी, देश उन्हें वहीं पहुंचाएगा, क्योंकि देश नफरत को पसंद नहीं करता है, बल्कि देश मोहब्बत पसंद करता है। भाजपा का पूरा का पूरा आधार नफरत, हिंदू-मुस्लिम, आस्था पर है, लेकिन अब सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया जान गई है कि आस्था की बात करने वाले इन लोगों ने आस्था की हत्या की है।

राहुल जी ने जो सबूत दिए थे, वो झुठला नहीं सकते: मसूद

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि राजनाथ सिंह जी बहुत वरिष्ठ हैं। उनका बहुत सम्मान करता हूं, लेकिन राहुल जी ने जो सबूत दिए थे, वो सरेआम दिए थे, जिनको आप झुठला नहीं सकते। राहुल जी ने 25 नवंबर को जो प्रेस वार्ता की थी, उसमें उन्होंने तमाम सबूत दिए थे। एक-एक घर के अंदर पांच-पांच सौ वोट के सबूत दिए थे। चुनाव आयोग तो मान रहा है कि हमने गलती कर दी। यह असल में बौखला गए हैं। भाजपा और चुनाव आयोग का जो गठजोड़ हुआ था उसकी पोल खुल गई। अभी ये सुप्रीम कोर्ट के अंदर फंसेंगे। इनको जवाब देना मुश्किल हो रहा है। कागज पर की हुई गलती कभी छुपती नहीं है, वह पकड़ी जाती है, वह पकड़ी गई। छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी CM और कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने कहा कि देश में स्वतंत्र संवैधानिक इकाइयों पर कब्ज़ा करके वोट में भी जीतने के बाद भारतीय जनता पार्टी अपने आप को इतना असुरक्षित महसूस कर रही है। प्रशासनिक अमले पर कब्जा करके इस प्रकार के कार्य देश में कर रही है। संवैधानिक इकाइयों की अवमानना कांग्रेस पार्टी नहीं आप और आपकी पार्टी कर रही है। उनकी बेइज्जती उनका दुरुपयोग करके आप कर रहे हैं। 

देश को लूटने का काम भाजपा कर रही: हसन

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने आज जन समर्थन खो दिया है, जनता उनसे दुखी है, पीड़ित है और अपमानित हो रही है। अब जनता उनके साथ नहीं खड़ा होना चाहती है। अब हम देख रहे हैं कि जब कोई साजिश काम नहीं आ रही है तो उन्होंने फैसला ले लिया है वो SSR यानी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराने जा रहे हैं। हम उनकी साजिश को कामयाब नहीं होने देंगे और हर स्तर पर उनको रोकने का काम करेंगे। सपा सांसद इकरा हसन ने कहा कि देश को लूटने का काम भाजपा कर रही है। एक व्यक्ति को बचाने के लिए उन्होंने पूरे देश के युवाओं को क्यों परेशान कर रखा है? वो ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा दिला दें। यह उनको सोचना चाहिए कि देश की व्यवस्था कैसे चलनी चाहिए। विपक्ष का काम सही मुद्दों को उठाना है लेकिन सत्ता पक्ष अहंकार में डूबा हुआ है। (Politics on Rajnath Statement) 

राहुल गांधी जनमत का सम्मान नहीं कर रहे: शाहनवाज

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि राजनाथ सिंह ने जो कहा है, वो सही है कि बगैर समाजवादी पार्टी के राहुल गांधी का उत्तर प्रदेश चुनाव में खाता नहीं खुलेगा। अगर समाजवादी पार्टी के लिए भी राहुल गांधी नहीं रहेंगे तो उनकी भी हालत खराब हो जाएगी। उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि आज देश को अस्थिर करने का षड्यंत्र चल रहा है और सभी संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राजनाथ सिंह ने सही कहा है कि राहुल गांधी एक गलत रास्ते पर चल रहे हैं। उनको टकराव की जगह समाधान में विश्वास रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जनमत का सम्मान नहीं कर रहे हैं। देश की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी को जनमत दिया है, लेकिन राहुल गांधी और उनके सहयोगी जिस तरह रिजीम चेंज की बात कर रहे हैं, वो जनता को चुनौती दे रहे हैं।

देश की जनता का अपमान कर रहे: हुसैन 

उन्होंने कहा कि वो देश की जनता का अपमान कर रहे हैं। यह एजेंडा चल रहा है और इसके पीछे बहुत बड़ी ताकतें हैं, लेकिन देश की जनता इसको कहीं से भी स्वीकार नहीं करेगी। भाजपा नेता आर पी सिंह ने कहा कि रिजीम और चुनी हुई सरकार के बीच में फर्क होता है। 140 करोड़ लोगों ने चुनकर यह सरकार भेजी है। प्रशांत भूषण सिर्फ सत्ता बदलने की बात नहीं कर रहे, बल्कि खून-खराबे की भी बात कर रहे हैं तो देश समझ रहा है कि किस प्रकार से अराजक शक्तियां इकट्ठा हो रही हैं। वे जानते हैं कि लोकतांत्रिक तरीके से वो सत्ता परिवर्तन नहीं कर सकते। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर कहा कि योगी जी ने काम किया है और उसके बल पर हम 300 सीटें जीतेंगे। उन्होंने क्या काम किया है? उन्होंने बहू-बेटियों की इज्जत को सुरक्षित किया है, कानून व्यवस्था ठीक किया है।

अखिलेश परिवारवाद के प्रतीक हैं और योगी जी समाजवाद के प्रतीक: गिरिराज 

उन्होंने कहा कि व्यापारी एकदम डर विहीन होकर कारोबार करता है तो कारोबारी, बेटी और आम इंसान, सभी एकदम डर विहीन हैं। इसके अलावा विकास की गति को बढ़ाया है। आज पूरे उत्तर प्रदेश से कई लाख-करोड़ों के सामान निर्यात होते हैं। उत्तर प्रदेश में योगी जी के आने के बाद हर जिले में रोजगार का माहौल बना है और जनता इसीलिए वोट देगी। अखिलेश यादव परिवारवाद के प्रतीक हैं और योगी जी समाजवाद के प्रतीक हैं। गन्ना किसानों से अखिलेश यादव के वादों पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि अखिलेश यादव को अपने कामों की रिपोर्ट कार्ड भी गन्ना किसानों के सामने रखनी चाहिए। उन्हें उन अखबारों की कटिंग भी रखनी चाहिए, जिनमें कहा गया था कि सपा के राज में गन्ना किसान सबसे ज्यादा पीड़ित हैं। सपा ने अपने शासनकाल में गन्ना किसानों के लिए कोई काम नहीं किया। उत्तर प्रदेश का किसान सपा की असलियत जानता है।

2014 में कांग्रेस की सबसे शर्मनाक और बुरी पराजय हुई: लोया

इधर, मध्यप्रदेश भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया ने कहा कि 1952 और 1957 के चुनाव में परंपरा यह थी कि मतदाता के पास उसके घर बक्सा लेकर जाते थे, उसमें वह वोट डालता था, जिन मतपेटियों को आपके गुंडे उठाकर लूट ले जाया करते थे और एक साथ उसमें सारे वोट डाल दिया करते थे। ऐसे मतदान केंद्र भी हैं, जहां के मतदाताओं ने कभी अपने मताधिकार का स्वयं प्रयोग भी नहीं किया है। अगर वे कह रहे हैं कि हम चोरी से जीते हैं तो कांग्रेस की सबसे शर्मनाक और बुरी पराजय तब हुई, जब 2014 में कांग्रेस स्वयं देश की सरकार में थी। 2014 में कांग्रेस पार्टी को मात्र 44 सीट मिली, विपक्ष का दर्जा भी नहीं मिला। पवन खेड़ा आप कांग्रेस में चौथे नंबर के नेता का नाम बताइए कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा और चौथे नंबर पर कौन ? यूपी सरकार के मंत्री संजय निषाद ने अखिलेश यादव की टिप्पणी पर कहा कि किसान देश की शान है। जितना खुशहाल किसान हमारे शासन काल में है उतना इतिहास में कभी नहीं रहा। उनके समय के सारे पेंडिंग भुगतान हमारे समय में हुए हैं। 

2027 में NDA गठबंधन यूपी में 350 सीटों पर जीत दर्ज करेगा: दयाशंकर 

यूपी सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के समय गन्ना के भुगतान के लिए कितने आंदोलन चलते थे। आज योगी सरकार में गन्ने का भुगतान आज समय पर हो रहा है। चीनी मिल के मालिक यदि समय पर भुगतान नहीं कर रहे हैं, तो उन पर कार्रवाई भी होती है, उन पर मुकदमे भी होते हैं। उनकी कहीं पकड़ नहीं है। 2012 में नेताजी मुलायम सिंह यादव ने उनको मुख्यमंत्री बना दिए, उसके बाद वो लगातार हार रहे हैं। सनातन धर्म का अपमान किया। उनका वोट कहां पर है? एक वर्ग विशेष को खुश करने के लिए वो समाज के बहुसंख्यक वर्ग को नाराज कर चुके हैं। 2027 में NDA गठबंधन यूपी में 350 सीटों पर जीत दर्ज करेगा। कुल मिलाकर वोट चोरी के आरोपों से शुरू हुई सियासत अब अराजकता, संवैधानिक संस्थाओं और सत्ता परिवर्तन की बहस तक पहुंच गई है। राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया तो कांग्रेस ने बीजेपी और चुनाव आयोग के गठजोड़ पर सवाल उठाए। दोनों तरफ से तीखे हमलों के बीच अब नजर इस बात पर रहेगी कि आरोप-प्रत्यारोप की यह लड़ाई आगे क्या राजनीतिक मोड़ लेती है।

Back to top button
error: Content is protected !!