6 सांसदों की बगावत के बाद मैदान में उतरे उद्धव, महाराष्ट्र की राजनीति में नई जंग, क्या संगठन बचाने की आखिरी लड़ाई लड़ रहे ठाकरे ?

Politics on Rebellion in Maharashtra: महाराष्ट्र की राजनीति में ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर घमासान तेज हो गया है। शिवसेना (UBT) के छह सांसदों के एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होने के बाद उद्धव ठाकरे खुद उन्हीं संसदीय क्षेत्रों में मैदान में उतर गए हैं। नागपुर से शुरू हुए उनके दौरे में वे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। दूसरी ओर शिंदे गुट और भाजपा इसे उद्धव के नेतृत्व की विफलता बता रहे हैं, जबकि उद्धव और संजय राउत इसे ‘गद्दारी’ करार देकर पलटवार कर रहे हैं। वहीं समाजवादी पार्टी ने दल-बदल की राजनीति पर सवाल उठाते हुए इस्तीफा देकर दोबारा जनता के बीच जाने की मांग की है। महाराष्ट्र की सियासत में अब ‘गद्दार बनाम वफादार’ की लड़ाई नए दौर में प्रवेश करती नजर आ रही है।
यह भी पढ़ें:- भारत आएंगी जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकइची, 16वें शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल, भारत-जापान रिश्तों को मिलेगी नई रफ्तार
बता दें कि उद्धव ठाकरे यवतमाल, वाशिम, हिंगोली और परभणी का दौरा करेंगे। इसे लेकर उन्होंने कहा कि आज भी हमारे विरोधी सच्चाई को समझ नहीं पा रहे हैं। उन्हें लगता है कि गद्दारों को अपने साथ मिलाकर वे शिवसेना को खत्म कर सकते हैं। ऐसे कई गद्दार पहले ही जा चुके हैं और जब तक आप जैसे पक्के और वफादार शिवसैनिक मेरे साथ खड़े हैं, तब तक शिवसेना को खत्म नहीं किया जा सकता। आपके इसी प्यार की वजह से शिवसेना टिकी हुई है और आगे भी टिकी रहेगी। शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने कहा कि वे बागी नहीं है, वे गद्दार हैं। बागी किसे कहते हैं? जब कोई देश के लिए क्रांति करता है तो उसे बागी कहते हैं। ये लोग अपने आपको बागी मानते हैं, ये कौन से बागी हैं। 50-50 करोड़ में कोई बागी होता है क्या ? आपने अपने लोगों से गद्दारी की है तो आपको गद्दार ही तो कहेंगे। (Politics on Rebellion in Maharashtra)

शिवसेना (UBT) के सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि उद्धव साहब ठाकरे के प्रति जो भरोसा जताया गया था, उसी भरोसे का अपमान उस मौजूदा सांसद ने किया, जिसने वह बात कही थी। उद्धवजी ने खुद कोशिशें कीं, प्रचार किया, शिव सैनिकों ने दिन-रात मेहनत की और उन नीच, गद्दार और धोखेबाज लोगों ने खुद को बेच दिया। यह बात सिर्फ महाराष्ट्र तक ही सीमित नहीं है। भारतीय जनता पार्टी ने पूरे देश में ऐसा बाजार बना रखा है। असल में एक नया कानून ऐसा ही होना चाहिए। आप कहीं भी जाएं, चाहे जाकर कहीं भी गंदगी खाएं, लेकिन पहले इस्तीफा तो दें, जिस सांसद को आपने चुना, उन्होंने गाय का गोबर खाया और अब आप उसी सांसद को दफनाना चाहते हैं। अगर आज देश में कोई पार्टी धोखे भरी साजिशें रच रही है, तो वह बीजेपी ही है। आप बीज बोते हैं, पानी डालते हैं, पेड़ को बड़ा करते हैं, ताकि उसमें फूल-फल आएं। जब फूल और फल आ जाते हैं, तो आप उस पेड़ को देखते हैं, और फिर वह पूरा का पूरा डरा हुआ पेड़ एक ही बार में अपने पत्ते गिरा देता है और बस गायब हो जाता है? सोचिए नेताओं को कितना दुख हो रहा होगा।

महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने ऑपरेशन टाइगर पर कहा कि ये गलत तरीका है, जो लोग चुनकर आए हैं, उनकी जवाबदेही वोटरों के प्रति भी होनी चाहिए जिन्होंने उन्हें वोट दिया। यह कानून भी बदलना चाहिए। यह चीजें खत्म होनी चाहिए, जो लोग छोड़कर गए हैं उन्हें इस्तीफा देना चाहिए और फिर से जनता के बीच जाएं और जिस विचारधारा में जाना चाहते हैं उस आधार पर जीतें। शिवसेना नेता संजय निरुपम ने कहा कि हमारी तरफ से कोई ऑपरेशन नहीं चल रहा है। शिवसेना (UBT) के पूरे कैडर में असंतोष है और वो अपने नेतृत्व से नाराज है और इसी नाराजगी का एक प्रतिफल आपको दिखा, जब उनके 6 सांसद हमारे पास आए। अब उनके बहुत सारे विधायक भी पार्टी छोड़ने के लिए तैयार हैं। शिवसेना के प्रवक्ता राजू वाघमारे ने कहा कि मुझे लगता है कि शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे को बधाई दी जानी चाहिए, क्योंकि कम से कम अब उन्हें समझ आ गया है कि क्या करने की जरूरत है। हालांकि अब बहुत देर हो चुकी है। तब से अब तक बहुत कुछ बदल चुका है। अब दौरे करने से कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा। कुछ काम सही समय पर करने होते हैं, और हर काम का एक सही समय होता है। चुनावों के दौरान उद्धव ठाकरे घर पर ही रहे।

भाजपा नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि शिवसेना (UBT) नाम की पार्टी बची नहीं है और ना ही TMC बची है, क्योंकि सभी लोगों को लगता है कि देश का भविष्य प्रधानमंत्री मोदी के हाथों में सुरक्षित है इसलिए सभी लोग NDA, भाजपा से जुड़ना चाहते हैं। भाजपा नेता राम कदम ने कहा कि सब कुछ उजड़ जाने के बाद अगर उद्धव ठाकरे लोगों के बीच में जाएंगे तो ये केवल नौटंकी है इसके अलावा कुछ नहीं है। जीवन में उन्होंने चार्टर्ड प्लेन छोड़कर ऐसे इंडिगो जहाज से क्या यात्रा की है? ये सिर्फ नौटंकी है। भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि अब शिवसेना का कोई गुट नहीं है, अब अकेली एक शिवसेना है, जिसका नेतृत्व एकनाथ शिंदे कर रहे हैं और वे NDA के अंग हैं। बता दें कि 28 नवंबर 2019 को उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। करीब दो साल सात महीने तक उन्होंने राज्य की सरकार का नेतृत्व किया, लेकिन 20 जून 2022 को एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना में हुई बड़ी बगावत ने महाराष्ट्र की राजनीति की दिशा बदल दी थी। (Politics on Rebellion in Maharashtra)
विरासत बनाम सत्ता की राजनीति
पार्टी का बड़ा हिस्सा, कई विधायक और बाद में सांसद भी शिंदे के साथ चले गए। इसके बाद उद्धव ठाकरे के सामने सबसे बड़ी चुनौती पार्टी की पहचान बनाए रखने और जमीनी संगठन को बचाने की रही। अब छह सांसदों के जाने के बाद यह चुनौती और बड़ी हो गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि किसी भी दल की ताकत सिर्फ उसके सांसद या विधायक नहीं होते, बल्कि बूथ स्तर तक काम करने वाला संगठन और कार्यकर्ता होते हैं। ऐसे में उद्धव ठाकरे के दौरे इस बात की भी परीक्षा होंगे कि क्या शिवसेना (यूबीटी) का जमीनी आधार अब भी उनके साथ खड़ा है या फिर संगठन भी पूरी तरह शिंदे खेमे की ओर झुक चुका है। इन दौरों के जरिए उद्धव ठाकरे शिवसेना की मूल विचारधारा, बालासाहेब ठाकरे की विरासत, पार्टी के प्रति निष्ठा और भावनात्मक जुड़ाव जैसे मुद्दों को फिर से सामने लाने की कोशिश कर सकते हैं। दूसरी ओर एकनाथ शिंदे के पास सत्ता, संगठन और सरकार का समर्थन है। ऐसे में आने वाले समय में इन क्षेत्रों में विरासत और भावनात्मक राजनीति का मुकाबला सत्ता और संगठनात्मक मजबूती से देखने को मिल सकता है। (Politics on Rebellion in Maharashtra)
दोनों नेताओं के लिए अग्निपरीक्षा
यह दौरा सिर्फ उद्धव ठाकरे की परीक्षा नहीं है। एकनाथ शिंदे के लिए भी यह उतना ही अहम है, जिन सांसदों ने उनका साथ दिया है, उन क्षेत्रों में संगठन को मजबूत बनाए रखना और जनता का भरोसा कायम रखना उनके लिए भी चुनौती होगी। यदि उद्धव ठाकरे इन इलाकों में कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने में सफल रहते हैं, तो यह शिंदे गुट के लिए भी राजनीतिक संदेश होगा। 2022 के बाद से उद्धव ठाकरे पर संगठन को एकजुट नहीं रख पाने के आरोप लगते रहे हैं। वहीं उनके समर्थकों का कहना है कि कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने शिवसेना की मूल पहचान को बचाकर रखा। ऐसे में यह दौरा उनके नेतृत्व की स्वीकार्यता की भी परीक्षा माना जा रहा है। राजनीतिक रूप से देखें तो बड़ी सभाएं या भीड़ ही सफलता का पैमाना नहीं होंगी। असली चुनौती बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना, स्थानीय नेतृत्व को मजबूत करना और मतदाताओं से लगातार संवाद बनाए रखना होगा। यही तय करेगा कि शिवसेना (यूबीटी) आगामी चुनावों में खोई हुई जमीन वापस हासिल कर पाएगी या नहीं।
पश्चिम बंगाल में लव जिहाद को लेकर सियासत
फिलहाल इतना तय है कि उद्धव ठाकरे का यह दौरा सिर्फ छह लोकसभा सीटों का राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है। यह शिवसेना में पिछले चार सालों के भीतर हुए बड़े राजनीतिक बदलावों के बाद संगठन को फिर से खड़ा करने की एक अहम कोशिश है। इसकी सफलता या असफलता का वास्तविक आकलन आने वाले चुनावों में मतदाताओं के फैसले से ही होगा। इस बीच पश्चिम बंगाल में लव जिहाद को लेकर सियासत गरमा गई है। पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि लव जिहाद और लैंड जिहाद इसके लिए तो बंगाल खुला मैदान था। इस प्रकार सामाजिक अपराध को सामाजिक सरकार क्षमा नहीं करेगी। इसके खिलाफ सख्त कानून होगा और सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस पर TMC सांसद सौगत रॉय ने कहा कि लव जिहाद सांप्रदायिक नारा है ये भाजपा चलाते हैं। कानून तो कानून ही है लव जिहाद के लिए अलग कानून क्या होगा? शादी का जो कानून है वही इस पर चलना चाहिए। ये सब सांप्रदायिक नारा है इससे वे हिंदू और मुसलमान में मतभेद पैदा करना चाहते हैं। टीएमसी विधायक कुणाल घोष ने कहा कि कौन किसे प्यार या शादी करेगा ये उसका मुद्दा है इस पर लव जिहाद का मुद्दा नहीं हो सकता है। लव जिहाद में कानून बनाकर आप किसी से ये नहीं कह सकते कि आप उससे प्यार मत करिए या शादी न करिए, ऐसा ये हो नहीं सकता। तो वे बिल में क्या लाने वाले हैं जब बिल सामने आएगा तो हम अपना स्टैंड स्पष्ट करेंगे।




