कश्मीर आतंकी हमले पर राजनीति तेज, विपक्ष ने मोदी सरकार पर बोला हमला

Politics on Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के रियासी में आतंकवादियों के गोलीबारी के बाद बस के खाई में गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई है। इसे लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा कि मैं इस हमले की स्पष्ट रूप से निंदा करता हूं। यह देखना दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिन क्षेत्रों से पहले सभी आतंकवादियों को हटा दिया गया था, वहां आतंकवाद वापस आ गया है। मृतकों की आत्मा को शांति मिले और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। वहीं आतंकवादी हमले को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी NDA सरकार के शपथ ग्रहण समारोह और कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों के देश में आने के बीच तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पर हुए एक कायराना आतंकवादी हमले में कम से कम 10 भारतीयों की जान चली गई।
उन्होंने कहा कि हम अपने लोगों पर हुए इस जघन्य आतंकवादी हमले और हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जानबूझकर किए गए इस अपमान की स्पष्ट रूप से निंदा करते हैं। हम पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। सरकार और अधिकारियों को पीड़ितों को तत्काल सहायता और मुआवजा प्रदान करना चाहिए। अभी तीन हफ्ते पहले ही पहलगाम में पर्यटकों पर गोलीबारी की गई थी और जम्मू-कश्मीर में कई आतंकवादी घटनाएं लगातार जारी हैं। मोदी सरकार द्वारा शांति और सामान्य स्थिति लाने का सारा प्रचार खोखला साबित हो रहा है। भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है। (Politics on Terror Attack)
रियासी में हुए आतंकी हमले को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के शिवखोड़ी मंदिर से तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पर हुआ कायरतापूर्ण आतंकी हमला अत्यंत दुखद है। यह शर्मनाक घटना जम्मू-कश्मीर के चिंताजनक सुरक्षा हालातों की असली तस्वीर है। मैं सभी शोक संतप्त परिजनों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द से जल्द ठीक होने की आशा करता हूं। आतंकवाद के खिलाफ पूरा देश एकजुट खड़ा है। वहीं जम्मू-कश्मीर भाजपा नेता कविंदर गुप्ता ने कहा कि रियासी के शिवखोड़ी में जिस प्रकार से यात्रियों के बस पर हमला किया गया वह बहुत दुखद है। यह चिंता की बात है कि आतंकवादियों ने कश्मीर से राजौरी, पुंछ और रियासी की ओर अपना गेमप्लान चलाना शुरू कर दिया है। (Politics on Terror Attack)
कांग्रेस नेता ने कहा कि मुझे विश्वास है कि दोषियों को जल्द मार गिराया जाएगा। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। आतंकवादी हमले पर जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना ने कहा कि कायर पाकिस्तानी आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर के रियासी में यात्रियों पर कायराना हमला किया है… कायर पाकिस्तानी आतंकवादी, भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और हमारे अर्धसैनिक बलों का मुकाबला नहीं कर सकते… जिन आतंकवादियों ने ये दुस्साहस किया है उन्हें अपने इस गुनाह की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष विकार रसूल वानी ने कहा कि इस घटना का हमें बहुत दुख है, यह कायराना हमला है। 10 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है। मृतकों के परिवारों के प्रति हम अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं और हम सरकार से मांग करते हैं कि उन्हें मदद पहुंचाई जाए… सरकार को कोई कदम उठाने चाहिए जिससे आतंकवाद खत्म हो। (Politics on Terror Attack)



