आतंकवाद के खिलाफ अगले 10 सालों की रणनीति पर मंथन, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बोले- कार्रवाई में नहीं होनी चाहिए देरी

Prahar CT Conference: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को नई दिल्ली में ‘प्रहार-CT (आतंकवाद-रोधी) नीति और रणनीति’ पर आयोजित सम्मेलन का उद्घाटन किया। सम्मेलन में देश की आतंकवाद-रोधी रणनीति को और मजबूत करने, आतंकवादी घटनाओं का लगातार विश्लेषण करने और आने वाले 10 सालों के लिए एक मजबूत और ठोस ‘प्रहार’ तंत्र विकसित करने पर जोर दिया गया। सम्मेलन में ‘प्रहार’ रणनीति के सात प्रमुख स्तंभों पर चर्चा हुई। इनमें आतंकवाद की रोकथाम, त्वरित प्रतिक्रिया, आंतरिक क्षमताओं को एकजुट करना, मानवाधिकार और कानून के शासन पर आधारित कार्रवाई, आतंकवाद को बढ़ावा देने वाली परिस्थितियों को कम करना, अंतरराष्ट्रीय प्रयासों में बेहतर तालमेल और Whole-of-Society अप्रोच के साथ रिकवरी और लचीलापन शामिल हैं।
यह भी पढ़ें:- सेवा संकल्प अभियान – औषधीय खस की खेती से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई है। उन्होंने कहा कि आतंकवादी घटनाओं का लगातार विश्लेषण कर उससे मिले अनुभवों के आधार पर अगले 10 सालों के लिए ‘प्रहार’ तंत्र को और मजबूत करने की जरूरत है। गृहमंत्री ने इस रणनीति को सिर्फ केंद्रीय स्तर तक सीमित रखने के बजाय थाना स्तर तक प्रभावी तरीके से लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रहार के प्रत्येक बिंदु पर सक्रिय और परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि आतंकवादी खतरों से निपटने के लिए प्रहार फ्रेमवर्क के हर स्तर पर स्वचालित आतंकवाद-रोधी प्रतिक्रिया प्रणाली को संस्थागत करने की जरूरत है। साथ ही कार्रवाई में किसी भी तरह की देरी रोकने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों और पक्षों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। (Prahar CT Conference)
36 देशों से 288 भगोड़े अपराधी भारत वापस
नई दिल्ली में आयोजित इस सम्मेलन में केंद्रीय गृह सचिव, विदेश सचिव, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) और केंद्रीय पुलिस संगठनों (CPOs) के प्रमुखों के अलावा 15 राज्यों के पुलिस महानिदेशक और सभी राज्यों समेत केंद्रशासित प्रदेशों के ATS प्रमुख शामिल हुए। अन्य राज्यों के पुलिस महानिदेशक और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वर्चुअल माध्यम से सम्मेलन से जुड़े। सम्मेलन का फोकस आतंकवाद से जुड़े खतरों की पहचान, रोकथाम, त्वरित प्रतिक्रिया, जांच और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को और मजबूत करने पर रहा। सम्मेलन के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विदेशों में मौजूद भगोड़े अपराधियों को भारत वापस लाने के प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2019 से 2026 के बीच 36 देशों से 288 भगोड़े अपराधियों को भारत वापस लाया गया है। इसी दिशा में गृहमंत्री ने एक नया प्रत्यर्पण पोर्टल भी लॉन्च किया। इसका उद्देश्य विदेशों में मौजूद भगोड़ों को भारत वापस लाने की प्रक्रिया में अलग-अलग एजेंसियों के बीच समन्वय बेहतर करना और कार्रवाई को तेज करना है।

गृहमंत्री अमित शाह ने राज्य पुलिसबलों से कहा कि वे विदेशों से भगोड़ों को वापस लाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर काम करने वाली समर्पित विशेष टीमों का गठन करें। गृहमंत्री ने एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के परिणामों का उदाहरण देते हुए शाहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ की गई कार्रवाई का भी जिक्र किया। जानकारी के मुताबिक सीमापार हथियारों, विस्फोटकों और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल इस नेटवर्क के 40 से ज्यादा मॉड्यूल को ध्वस्त किया गया, जबकि 15 राज्यों में 100 से ज्यादा FIR दर्ज कर 350 लोगों को गिरफ्तार किया गया। केंद्र सरकार ने शाहजाद भट्टी नेटवर्क को UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया है। भारत की राष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी नीति और रणनीति ‘PRAHAAR’ को फरवरी 2026 में व्यापक राष्ट्रीय CT नीति और रणनीति के रूप में पेश किया गया था। इसके सात प्रमुख स्तंभ आतंकवादी हमलों की रोकथाम, खतरे के अनुरूप तेज और प्रभावी प्रतिक्रिया, आंतरिक क्षमताओं को एकजुट कर समन्वित कार्रवाई, मानवाधिकार और Rule of Law आधारित प्रक्रिया, आतंकवाद और कट्टरपंथ को बढ़ावा देने वाली परिस्थितियों को कम करना, अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद-रोधी प्रयासों के साथ तालमेल और Whole-of-Society अप्रोच के जरिए रिकवरी और लचीलापन हैं।

सरकार का उद्देश्य इन सभी स्तंभों को आपस में जोड़कर आतंकवाद से निपटने के लिए Whole-of-Government और Whole-of-Society आधारित व्यवस्था को मजबूत करना है। शाह ने स्पष्ट किया कि आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई केवल एक एजेंसी की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए केंद्रीय एजेंसियों, राज्य पुलिस, ATS, CAPFs और अन्य संबंधित संस्थाओं के बीच लगातार समन्वय जरूरी है। उन्होंने प्रहार के प्रत्येक स्तंभ को परिणामोन्मुखी बनाने और कार्रवाई में देरी की गुंजाइश खत्म करने पर जोर दिया। साथ ही आतंकवादी घटनाओं और सुरक्षा खतरों का लगातार विश्लेषण कर भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप रणनीति को अपडेट करने की आवश्यकता बताई। इस सम्मेलन के जरिए केंद्र सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ मौजूदा व्यवस्था को अगले दशक की चुनौतियों के अनुरूप और मजबूत करने और प्रहार रणनीति को नीति से लेकर पुलिस स्टेशन स्तर तक प्रभावी तरीके से लागू करने पर जोर दिया। (Prahar CT Conference)



