Google Analytics —— Meta Pixel

प्रयागराज एयरफोर्स स्टेशन के पास पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 11 लोगों की हुई मौत, 8 बच्चे शामिल

Prayagraj Firecracker Factory Blast: उत्तर प्रदेश में सोमवार दोपहर प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में दोपहर करीब 12:30 बजे हुए इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 8 बच्चे शामिल हैं। हादसे में 5 लोग झुलसे हैं, जिन्हें प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि करीब 600 वर्गफीट में बनी एक मंजिला फैक्ट्री पूरी तरह जमींदोज हो गई। धमाके का असर आसपास के मकानों पर भी पड़ा। फैक्ट्री के करीब 100 मीटर के दायरे में बने 8 मकान क्षतिग्रस्त हुए, जबकि 3 मकान पूरी तरह ढह गए। एक तीन मंजिला मकान में भी विस्फोट से जगह-जगह दीवारें और दूसरे हिस्से टूट गए।

यह भी पढ़ें:- झीरम घाटी मामले पर सियासत तेज, CM साय ने भूपेश बघेल पर किया पलटवार

बताया जा रहा है कि मकान की तीसरी मंजिल में करीब 8 फीट का बड़ा छेद हो गया। हादसे वाली जगह कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में है, जो प्रयागराज बॉर्डर से सटा हुआ है। यहां से मनौरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन की दूरी करीब 2 किलोमीटर बताई जा रही है। धमाके की आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। कुछ ही देर में घटनास्थल के आसपास धुएं का घना गुबार छा गया। विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद पुलिस, एयरफोर्स, NDRF और SDRF की टीमें मौके पर पहुंची। करीब 200 जवानों को रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया। मलबा हटाने के लिए 10 बुलडोजर लगाए गए हैं।

पुलिस और राहत दलों को आशंका है कि फैक्ट्री और आसपास ढहे मकानों के मलबे में अभी भी कुछ लोग दबे हो सकते हैं। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक विस्फोट के समय फैक्ट्री में 7 मजदूर काम कर रहे थे। इनमें से 3 की मौत हो गई। बाकी मृतक आसपास के घरों में रहने वाले लोग बताए जा रहे हैं। हादसे की असली वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हालांकि SRN अस्पताल पहुंची हादसे में घायल रानी ने बताया कि बिजली का खंभा गिरने के बाद फैक्ट्री में रखे बारूद में तेज धमाका हुआ। पुलिस फिलहाल इस दावे की भी जांच कर रही है। (Prayagraj Firecracker Factory Blast)

ग्रामीणों ने चारपाई पर पहुंचाया अस्पताल

विस्फोट के तुरंत बाद घटनास्थल पर भयावह स्थिति बन गई। आसपास के ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किए बिना घायलों को मलबे से बाहर निकाला। कई घायलों को चारपाई पर लादकर सड़क तक लाया गया। इसके बाद उन्हें पिकअप वाहन से प्रयागराज के SRN मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। हादसे में एक बच्चा भी बुरी तरह झुलस गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के दौरान स्थानीय लोगों ने हर संभव मदद की। हादसे के बाद घटनास्थल पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। एक महिला ने रोते हुए बताया कि उसकी बेटी, दामाद और नाती-नातिन घर ढहने के बाद मलबे में दब गए हैं। महिला लगातार बचाव दल से उन्हें बाहर निकालने की गुहार लगाती रही। वहीं मेडिकल कॉलेज पहुंचे एक युवक ने रोते हुए अपने परिवार को फोन कर हादसे की जानकारी दी।

हादसे में बची एक लड़की ने बताया कि विस्फोट के समय घर में वह, उसका छोटा भाई और उसकी मां मौजूद थीं। लड़की के मुताबिक वह किसी तरह घर से बाहर निकल आई, लेकिन बाकी लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद राहत दल लगातार ढहे मकानों का मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक जिस जगह पटाखा फैक्ट्री संचालित हो रही थी, उसके आसपास नई बस्ती बस रही थी। ऐसे में फैक्ट्री में हुए विस्फोट का असर सीधे आसपास के घरों पर पड़ा। फैक्ट्री करीब 600 वर्गफीट क्षेत्र में बनी एक मंजिला इमारत में संचालित हो रही थी। पुलिस इसे अवैध फैक्ट्री बता रही है। फैक्ट्री के मालिक का नाम आदिल बताया गया है।

मालिक समेत 5 लोगों पर केस

पुलिस ने मामले में फैक्ट्री मालिक आदिल, उसके पिता नौशाद, चाचा शकील और तीन महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा ने कहा है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से दोषियों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी किए जाने की बात कही गई है। प्रशासन ने हादसे के बाद अवैध निर्माण और पटाखा भंडारण के खिलाफ तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के करीब 8 घंटे के भीतर डीएम और एसपी की मौजूदगी में फैक्ट्री से लगभग 400 मीटर दूर बनाए गए एक गोदाम को बुलडोजर से ढहा दिया गया।

डिप्टी CM मौर्य ने घायलों से की मुलाकात

प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और अवैध तरीके से पटाखा निर्माण या भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज के SRN अस्पताल पहुंचकर हादसे में घायल लोगों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के कई लोगों की मौत बेहद दुखद और हृदयविदारक है। सरकार की पहली प्राथमिकता घायलों की जान बचाना है और उनके इलाज में किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी। डिप्टी CM ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लिया है। DM और SSP को घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी ने किया मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और राहत-बचाव कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन और पुलिस की ओर से सामने आई जानकारी के मुताबिक हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हुई है। मृतकों की सूची में कई छोटे बच्चे भी शामिल हैं। मृतकों में प्रियांजलि (5 साल), प्रवीण सिंह (13 साल), जाह्नवी, आदित्य (12 साल), रवि (12 साल), ज्ञान सिंह (8 साल), आदित्य (40 साल), अंजू (8 साल), विक्रम सरोज (32 साल), अंश (35 साल) और नन्हा (6 साल) शामिल हैं।

लगातार जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन

फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस, एयरफोर्स, NDRF और SDRF की टीमें मौजूद हैं। बुलडोजर और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। राहत दलों का पूरा ध्यान मलबे में दबे संभावित लोगों की तलाश और घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर है। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। एक ओर अस्पताल में घायल जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं, तो दूसरी ओर घटनास्थल पर परिजन अपनों की तलाश में जुटे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री वहां कैसे पहुंची और अवैध तरीके से संचालित हो रही पटाखा फैक्ट्री में सुरक्षा के क्या इंतजाम थे। (Prayagraj Firecracker Factory Blast)

Back to top button
error: Content is protected !!