आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगी राष्ट्रपति मुर्मू, जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में होंगी शामिल

President Murmu Chhattisgarh Tour: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगी। आठ महीनों के भीतर यह उनका दूसरा छत्तीसगढ़ दौरा है। राष्ट्रपति अंबिकापुर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शिरकत करेंगी।राष्ट्रपति वायुसेना के हेलिकॉप्टर से सुबह 11 बजे अंबिकापुर पहुंचेंगी। आगमन के बाद वे पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होंगी। कार्यक्रम में उनकी उपस्थिति 11.15 बजे से 12.25 बजे तक निर्धारित है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में आज से लागू होंगी जमीन की नई गाइडलाइन दरें, विभाग ने आदेश जारी किया

समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरांव, राज्यमंत्री दुर्गा दास उइके और तोखन साहू भी मौजूद रहेंगे। सरगुजा दौरे के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू प्रदेश सरकार की जनजातीय कल्याण से जुड़ी दो महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन कर सकती हैं। इनमें से एक योजना परंपरागत इलाज करने वाले वैद्यों के लिए समर्पित है। राष्ट्रपति इस दौरान राज्य सरकार की मुख्यमंत्री जनजातीय ग्राम अखरा विकास योजना की भी शुरुआत करेंगी। (President Murmu Chhattisgarh Tour)

बंसत पंडो से भी मिलेंगी राष्ट्रपति

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के गोद लिए गए पंडो समुदाय के बच्चे बसंत पंडो से मुलाकात करेंगी, जिनकी उम्र अब 80 साल है। 1952 में डॉ. राजेंद्र प्रसाद अविभाजित सरगुजा के दौरे पर आए थे और तब से अब तक यह अवसर सरगुजा के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है। जनजातीय गौरव दिवस के पहले दिन अंबिकापुर में जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेशभर से आए नर्तक दलों ने पारंपरिक प्रस्तुतियां दी। (President Murmu Chhattisgarh Tour)

सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था

महोत्सव के विजेता दलों को राष्ट्रपति अपने हाथों सम्मानित करेंगी। साथ ही जनजातीय विद्रोहों के नायकों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का भी सम्मान प्रस्तावित है। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए अंबिकापुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसपीजी ने हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली है। डीजीपी खुद अंबिकापुर में सुरक्षा की निगरानी कर रहे हैं। एडीजी, 6 आईपीएस अधिकारियों और करीब 2000 जवानों को सुरक्षा में तैनात किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर सुबह 6 बजे से दोपहर 3 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। शहर में 12 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं और कई प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। इसके कारण पीजी कॉलेज, होलीक्रॉस कॉलेज समेत शहर के दर्जनभर से ज्यादा शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित की गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!