रजत जयंती महोत्सव में जनसंपर्क विभाग की डिजिटल प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

Chhattisgarh Silver Jubilee Festival: छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 25 सालों की गौरवशाली यात्रा को दर्शाने के लिए नवा रायपुर के राज्योत्सव मैदान में जनसंपर्क विभाग की ओर से लगाई गई डिजिटल प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस प्रदर्शनी में राज्य के निर्माता तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की रचना, छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के लिए किए गए संघर्ष, विकास यात्रा और उपलब्धियों को अत्याधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित की गई है l
यह भी पढ़ें:- राज्योत्सव शिल्पग्राम में लोगों को आकर्षित कर रहा है छत्तीसगढ़ की पारंपरिक ढोकरा शिल्प, ‘आदन झाड़’ बनी रोचकता का विषय
राज्योत्सव के उद्घाटन अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कहा कि इसमें अटल बिहारी वाजपेयी की कृतियों के साथ राज्य के विकास योजनाओं को प्रदर्शित किया गया है, जो सराहनीय है। (Chhattisgarh Silver Jubilee Festival)
डिजिटल प्रदर्शनी में राज्य के 25 सालों की उपलब्धि
डिजिटल प्रदर्शनी में राज्य के 25 वर्षों की उपलब्धियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 सालों की विकास गाथा और राज्य की फ्लैगशिप योजनाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है। अलग-अलग सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक गतिविधियों को आकर्षक साउंड इफेक्ट्स के साथ प्रदर्शित किया गया है, जिससे यह प्रदर्शनी आगंतुकों के लिए अत्यंत रोचक और जानकारी का स्रोत बन गया है।

प्रदर्शनी में भुइंया अभिलेख, एमएसएमई इकाइयों की स्थापना, पारदर्शिता आधारित शासन व्यवस्था, हर दिशा में विकास, हर परिवार को घर, हर गांव का विकास, हर युवा को अवसर, हर जीवन को सुरक्षा, हर नारी का सम्मान और हर घर में समृद्धि जैसी योजनाओं को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में राज्य के विकास और प्रगति के दशक की झलक भी इस प्रदर्शनी में देखने को मिलती है।
अंजोर विजन @2047 परिकल्पना
छत्तीसगढ़ राज्य को विकसित राज्य बनाने की परिकल्पना अंजोर विजन @2047 को भी डिजिटल माध्यम से दर्शाया गया है, जो लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यह प्रदर्शनी न सिर्फ राज्य की उपलब्धियों का सजीव चित्रण करती है, बल्कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के उज्जवल भविष्य की दिशा को भी दर्शाती है। (Chhattisgarh Silver Jubilee Festival)



