जशपुर में आंधी-तूफान से चलती कार में गिरा पेड़, एक की मौत, दो लोगों की हालत गंभीर, सरगुजा में गाज गिरने से शिक्षक की मौत

Rain in Chhattisgarh: जशपुर के महुआटोली में आंधी-तूफान से चलती कार में पेड़ गिर गया, जिसमें कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए कुनकुरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों सूरजपुर से रांची जा रहे थे। वहीं जशपुर जिले में ही आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पत्थलगांव सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। तीनों युवक जलाशय घूमने गए थे, जो बारिश होने के दौरान डैम के किनारे खड़े थे। घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र के बालाझर गांव की है।
यह भी पढ़ें:- सुशासन तिहार: सीएम विष्णु देव साय ने दी रजिस्ट्री के 10 क्रांतिकारी नवाचारों की सौगात
सरगुजा जिले में भी बिजली गिरने से शिक्षक की मौत हो गई है। दरअसल, पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है, जिसके चलते सरगुजा जिले के कई इलाकों में तेज आंधी तूफान के साथ झमाझम बारिश हुई। बीते चार-पांच दिनों से दोपहर के बाद मौसम का मिजाज बदल जाता है। धूल भरी आंधी, तेज हवाओं के साथ बारिश होती है। अरब सागर से आ रही नमी और हिमालयीन क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर छत्तीसगढ़ में मौसम बदल रहा है। शनिवार को तेज आंधी तूफान के साथ हुई बारिश ने शहर के बिजली व्यवस्था को ठप कर दिया। हालांकि लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। (Rain in Chhattisgarh)
मंत्री के कार्यक्रम का उड़ा टेंट
सूरजपुर में भी तेज आंधी तूफान ने जमकर तबाही मचाई है। जिले के कई इलाकों में जोरदार बारिश के चलते आम जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। इसी दौरान जरही इलाके में SECL के कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंची कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भाषण दे रही थी, तभी अचानक मौसम बदला और आंधी तूफान शुरू हो गया, जिसकी वजह से टेंट पूरी तरह से नष्ट हो गया और कार्यक्रम में शामिल लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। साथ ही कैबिनेट मंत्री भी भाषण को बीच में छोड़कर अपने काफिले के साथ कार्यक्रम स्थल से चली गई। राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ। बिलासपुर में दोपहर में मौसम ने अचानक अपना रुख बदला, जिससे शहर में अफरातफरी मच गई। (Rain in Chhattisgarh)
कई इमारतों को उड़े होर्डिंग्स
तेज आंधी और मूसलधार बारिश ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। कई दुकानों और इमारतों पर लगे होर्डिंग्स और शेट्स भरभराकर गिर गए। नूतन चौक के पास जलाराम मिक्सर की दुकान भी इसकी चपेट में आ गई। इसी जगह टीवीएस शो रुम के ऊपर छत में लगा टीन का शेड नीचे जा गिरा। हालांकि किसी तरह का कोई जानमाल की हानि नहीं हुई, लेकिन खतरा बना रहा। तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। राजधानी रायपुर में भी मौसम ने अचानक करवट ली। रायपुर में दोपहर तक धूप खिली थी और तेज गर्मी थी। वहीं दोपहर बीतते-बीतते अचानक मौसम ने करवट लेकर राजधानी को भिगा दिया। (Rain in Chhattisgarh)
राजधानी रायपुर में भी हुई बारिश
राजधानी रायपुर में तेज हवा के साथ जोरदार बारिश हुई। न सिर्फ रायपुर बल्कि प्रदेश के कई जिलों में भी झमाझम बारिश हुई। बता दें कि मौसम विभाग ने रायपुर के साथ ही बालोद, कोरबा, जशपुर, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, मुंगेली, बेमेतरा, राजनांदगांव समेत 20 से ज्यादा जिलों के लिए अलर्ट जारी किया था। अलर्ट में कहा गया था कि कई जिलों में 80 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चलेगी। तेज बारिश और हवा की वजह से फिर से कई इलाके में ब्लैक आउट के हालात बन गए। सारंगढ़ जिले में तेज आंधी के साथ कई पेड़-पौधे गिर गए। तेज हवा के साथ बारिश होने के चलते दिन में ही राहगीरों को वाहन के लाइट जलाने पड़े। (Rain in Chhattisgarh)



