राजधानी रायपुर में 23 से 25 जनवरी तक होगा रायपुर साहित्य उत्सव–2026
नवीन प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, QR कोड से पंजीयन की सुविधा
बलौदाबाज़ार–भाटापारा : छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त स्वर प्रदान करने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 23, 24 एवं 25 जनवरी 2026 को रायपुर साहित्य उत्सव–2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह त्रि-दिवसीय साहित्यिक उत्सव पुरखौती मुक्तांगन, नवा रायपुर में आयोजित होगा, जिसका केंद्रीय विचार “आदि से अनादि तक” रखा गया है।
यह भी पढ़े :- रायगढ़ के आवारा कुत्तों को मिलेगी बिरयानी-खिचड़ी !, महापौर के निर्देश से मचा बवाल
इस उत्सव का उद्देश्य देश की विभिन्न भाषाओं के साहित्यकारों, चिंतकों, कलाकारों एवं पाठकों को एक साझा मंच प्रदान करना है, ताकि साहित्य, कला और संस्कृति के विविध आयामों पर सार्थक संवाद स्थापित हो सके।
प्रतिभा मंच बना युवाओं का विशेष आकर्षण
रायपुर साहित्य उत्सव–2026 की एक प्रमुख विशेषता “प्रतिभा मंच” है, जिसके माध्यम से नवीन एवं उभरती प्रतिभाओं को अपनी कला के प्रदर्शन का सुनहरा अवसर प्रदान किया जा रहा है। इस मंच पर गायन, कविता पाठ, कहानी, शायरी, रैप, नृत्य, बीट बॉक्सिंग सहित अन्य सजीव प्रस्तुतियाँ दी जा सकेंगी।
ज़िले के इच्छुक युवा कलाकार QR कोड के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त साहित्य उत्सव की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
साहित्य बाज़ार, कार्यशालाएँ और सांस्कृतिक संध्याएँ
उत्सव के दौरान साहित्य बाज़ार में पुस्तक प्रदर्शनी एवं बिक्री की व्यवस्था रहेगी, जहाँ पाठकों को लेखकों से सीधा संवाद करने का अवसर भी मिलेगा। साथ ही चित्रकला प्रदर्शनी एवं कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें युवा कलाकारों की पेंटिंग प्रदर्शनी और लाइव पेंटिंग सेशन शामिल होंगे।
सोशल मीडिया के लिए विशेष रूप से रील एवं सेल्फी स्पॉट तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा परिचर्चा सत्र एवं लेखन कार्यशालाओं के माध्यम से साहित्य, लेखन और रचनात्मक करियर पर गहन संवाद होगा। युवाओं के लिए लेखन कार्यशालाओं में विशेष सत्र रखे गए हैं।
सायंकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोकनृत्य, संगीत एवं रंगमंच प्रस्तुतियाँ दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
रायपुर साहित्य उत्सव–2026 साहित्य, संस्कृति और सृजनात्मकता का एक ऐसा संगम होगा, जो युवाओं और साहित्य प्रेमियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।




