दिवाली त्योहार के बीच रायपुर में मां-बेटे का शव मिलने से सनसनी, फर्श पर मां और बिस्तर पर पड़ा था बेटे का शव

Raipur Mother Son Death: राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में एक किराए के मकान में मां और बेटे के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। छोटा अशोक नगर स्थित मकान में महिला का शव फर्श पर पड़ा था, जबकि उसके बेटे की लाश बिस्तर पर मिली। बताया जा रहा है कि कमरे का दरवाजा पिछले तीन से चार दिनों से अंदर से बंद था। मां-बेटे के बाहर नहीं निकलने और कमरे से तेज बदबू आने पर आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां दोनों के शव मिले। मृतकों की पहचान 52 साल की जयश्री देशमुख और उनके 25 साल के बेटे हंसमुख देशमुख के रूप में हुई है। दोनों पिछले करीब चार साल से छोटा अशोक नगर में दिलीप मंडल के मकान में किराए पर रह रहे थे। अचानक मां-बेटे की मौत की खबर से आसपास के लोग भी हैरान हैं।
यह भी पढ़ें:- 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ आएंगे नितिन नबीन, दौरे से पहले BJP-कांग्रेस में जुबानी जंग
जानकारी के मुताबिक पिछले दो से तीन दिनों से मां-बेटे को आसपास के लोगों ने बाहर आते-जाते नहीं देखा था। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। इसी बीच कमरे से तेज बदबू आने लगी। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर दाखिल हुई। अंदर महिला का शव फर्श पर और बेटे का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मकान मालिक से पूछताछ में सामने आया है कि हंसमुख देशमुख लंबे समय से बीमार था और उसका इलाज चल रहा था। वहीं उसकी मां जयश्री देशमुख ऑनलाइन कोचिंग क्लासेज और टीचिंग का काम करती थीं। उरला एसीपी पूर्णिमा लामा के मुताबिक महिला ऑनलाइन क्लासेज लेती थीं और उनका बेटा बीमार रहता था। फिलहाल पुलिस इन परिस्थितियों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। (Raipur Mother Son Death)
आत्महत्या की आशंका, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के साथ फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने कमरे की बारीकी से जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है। उरला एसीपी पूर्णिमा लामा ने शुरुआती तौर पर मामले में आत्महत्या की आशंका जताई है। हालांकि मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या है, यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट समेत पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल गुढ़ियारी थाना पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। त्योहार के माहौल के बीच राजधानी में मां-बेटे की इस संदिग्ध मौत की घटना ने इलाके में शोक और सनसनी फैला दी है, जहां लोग त्योहार की खुशियां मना रहे हैं, वहीं एक ही घर में दो लोगों की मौत से आसपास के लोग स्तब्ध हैं। फिलहाल पुलिस मौत की वजह जानने में जुटी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।




