Israel-Iran War : ईरान में जंग के बीच रायपुर की बेटी ऐमन और परिवार लापता, मां-पिता की सरकार से गुहार: ‘हमारे बच्चों को बचा लो’

Israel-Iran War : ईरान और इजराइल के बीच चल रहे युद्ध के बीच रायपुर के मोमिनपारा निवासी ऐमन जैदी (29) और उनके परिवार से पिछले 24 घंटों से संपर्क टूट गया है। ऐमन, उनके पति एजाज जैदी, और दो छोटे बच्चे (5 और 3 वर्ष) ईरान के कुंद शहर में रहते हैं, जहां एजाज 2017 से धार्मिक शिक्षा (मौलवियत) का कोर्स कर रहे हैं। आखिरी बार 18 जून 2025 को दोपहर 3:01 बजे ऐमन ने अपनी मां शाहीन रजा से बात की थी, जिसमें उन्होंने युद्ध की भयावह स्थिति और घायल छात्रों को तेहरान से कुंद शिफ्ट करने की जानकारी दी थी। इसके बाद उनका फोन बंद है।
ऐमन के पिता कासिम रजा, जो रायपुर सेंट्रल जेल में सिपाही हैं, और मां शाहीन रजा ने केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार से परिवार की सुरक्षित वापसी की भावुक अपील की है। शाहीन ने बताया कि ऐमन को स्वास्थ्य समस्याएं हैं और उन्हें कभी-कभी ऑक्सीजन की जरूरत पड़ती है, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है। कासिम ने कहा कि युद्ध की खबरों ने परिवार को तोड़ दिया है, और उनकी पत्नी खाना तक नहीं खा रही हैं। (Israel-Iran War)
ऐमन ने आखिरी बातचीत में बताया था कि भारतीय दूतावास से कोई मदद नहीं मिली है, हालांकि उन्होंने दूतावास को एक फॉर्म भेजा था। भारत सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंधु’ शुरू किया है, जिसके तहत ईरान में फंसे भारतीयों को निकालने की कोशिश की जा रही है। विदेश मंत्रालय ने आपातकालीन नंबर (+98 91 28 10 91 15, +98 91 28 10 91 09) जारी किए हैं। कासिम और शाहीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से त्वरित कार्रवाई की गुहार लगाई है ताकि उनका परिवार सुरक्षित भारत लौट सके। (Israel-Iran War)



