राम मंदिर चंदा विवाद पर सियासत तेज, विपक्ष ने सरकार को घेरा, अखिलेश से उद्धव तक बरसे, भाजपा बोली- दोषी नहीं बचें

Ram Mandir Chanda Vivad: अयोध्या राम मंदिर के कथित चंदा चोरी को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी), AIMIM और वाम दलों ने योगी सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर तीखे सवाल उठाए हैं। विपक्ष SIT जांच पर सवाल खड़े करते हुए बड़ी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है। वहीं भाजपा का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है, आठ आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और इस मामले में कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा। आस्था बनाम राजनीति के इस मुद्दे ने अब नया सियासी रूप ले लिया है। इस बीच आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या आस्था का स्थान है। सिर्फ भारतीयों का नहीं, बल्कि दुनिया में जितने सनातनी है या जो भारत की संस्कृति को समझते हैं उनके लिए श्रद्धा का स्थान है। यह जो खबरें आई हैं सरकार को झुककर SIT बनानी पड़ी।
यह भी पढ़ें:- राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद से भड़का संत समाज, कहा- आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
सांसद अखिलेश यादव ने SIT की रिपोर्ट किसे दी गई यह भी एक प्रश्नचिह्न है, जो कार्रवाई हो रही है उससे पूरे देश की जनता दुखी है। यह बहुत निंदनीय है। ये धर्म से ज्यादा धन की ओर ध्यान देते हैं। यह जो हुआ है, वह बहुत चिंतनीय है। यह हमारी आस्था के साथ खिलवाड़ है, जिन लोगों ने आस्था के साथ खिलवाड़ किया है उन्हें प्रभु श्री राम कभी माफ नहीं करेंगे। जो लोग इस माहौल को समझ रहे हैं वे जानते हैं कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को हटाना कितना जरूरी है। उत्तर प्रदेश में अगर भाजपा चुनाव जीत गई तो आप आखिरी बार वोट डाल रहे होंगे, भविष्य में चुनाव नहीं होगा। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि जनमानस में यह संदेश गया है कि सरकार के पास चंदे की चोरी और दूसरे कई मुद्दों पर कोई जवाब नहीं है। SIT की रिपोर्ट में ही कहा गया है कि CCTV फुटेज के साथ छेड़छाड़ की गई थी। ऐसा कैसे हो सकता है कि इतने दौरे करने के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पता नहीं चला कि ऐसी घटनाएं हो रही थीं?
हमें SIT पर भरोसा नहीं है: सपा सांसद डिंपल यादव
समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने कहा कि SIT का गठन हुआ है, लेकिन हमें SIT पर भरोसा नहीं है, क्योंकि यह जो चंदा चोरी चल रही थी यह अभी से नहीं कई सालों से चल रही है। हजारों करोड़ की चोरी हुई है। प्राण प्रतिष्ठा के बाद बहुत लोग आए, लगातार चंदा एकत्रित हुआ और कुछ सालों से जो चोरी की गई है, उसका हम अनुमान भी नहीं लगा सकते, जिस तरह जमीन की धांधली हुई है, इसमें मैं समझती हूं कि SIT से बड़ी कोई जांच होती है तो वह करानी चाहिए। शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि वे इतने अहंकारी हो गए हैं कि अब राम मंदिर को लूटने पर उतर आए हैं। जब बाबरी ढांचा गिराया गया था, तब वे भाग गए थे। भाजपा नेताओं ने खुद तब कहा था कि यह उनका काम नहीं था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जब मंदिर बन गया तो सब उसका श्रेय लेने के लिए दौड़ पड़े। अगर राम मंदिर को लूटने वाले बाबर के वंशज नहीं हैं तो वे कौन हैं? यह धोखा सिर्फ शिवसेना के साथ नहीं, बल्कि हिंदुओं और उनकी भावनाओं के साथ भी है। क्या इन गद्दारों में संसद में यह मुद्दा उठाने की हिम्मत है?
आस्था पर चोट वो कर रहे हैं, जिन्होंने चंदा चोरी की: मसूद
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि पूरे देश से लोगों ने, जो मानते हैं, और जिनकी आस्था है, उन्होंने चंदा दिया, और अब वह चंदा चोरी हो गया है। यह दुखद है। यह शर्मनाक है। यह सिर्फ बड़े कॉरपोरेट्स द्वारा दिया गया फंड नहीं है। यह वह फंड है जो हर नागरिक से इकट्ठा किया गया है। इसे इकट्ठा करने के लिए एक मुहिम चलाई गई थी। तो कौन जिम्मेदार है? अगर आपने इसे इकट्ठा किया है, तो इसे सुरक्षित रखना आपकी जिम्मेदारी है। कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने कहा कि आस्था पर चोट वो कर रहे हैं, जिन्होंने चंदा चोरी की और जो आरोपियों को बचा रहे हैं, जो राम के नाम के पर लूट कर रहे हैं…दूध तो रहा ही नहीं सिर्फ पानी ही पानी रह गया। SIT क्यों गठित की, जब SIR गठित की तो FIR SIT ने क्यों नहीं कराई। ऐसा घोटाल हो गया है कि अब इन्हें समझ नहीं आ रहा है कि करें तो करें क्या? इन्हें बचने का रास्ता नहीं मिल रहा है। (Ram Mandir Chanda Vivad)
सभी तरफ हम चोरी देख रहे हैं: कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने SIT रिपोर्ट पर कहा कि सभी तरफ हम चोरी देख रहे हैं वोट चोरी, सदन चोरी और अयोध्या में चंदा चोरी हो रहा है। असम में तो गाय की चोरी हुई थी तो इस माहौल में हम सबको समझना पड़ेगा कि अगर हमें अपने देश को बचाना है और हम सुविधा चाहते हैं कि हम सरकार के खिलाफ अपनी आवाज उठाएं तो लोकतंत्र को बचाने के लिए सबसे पहले विरोधी शक्ति को ताकतवर बनाना पड़ेगा। नहीं तो ये भाजपा एक समय कांग्रेस मुक्त भारत कहती थी अब तो ये विरोधी मुक्त भारत करना चाहती है। ये लोकतंत्र, सदन मुक्त भारत करना चाहती है। अगर हमें लोकतंत्र को बचाना है तो दोबारा कांग्रेस पार्टी सभी को साथ लेते हुए संग्राम के द्वारा देश को आगे लेकर जाना पड़ेगा…बहुत दुख की बात है कि जिस मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में पीएम मोदी शामिल हुए, जिस मंदिर को लेकर ये राजनीति करते हैं, जिस भगवान को लेकर भाजपा वोट मांगती है आज उसी मंदिर में चंदा चोरी, उसी भगवान के नाम पर गरीबों के पैसों की चोरी तो बहुत ये शर्मनाक की बात है कि आज भी मूल्य अपराधियों को भाजपा और RSS के नेतृत्व बचाने की कोशिश कर रही है।
देश में न्याय व्यवस्था गुलाम: अरविंद सावंत
शिवसेना (UBT) के सांसद अरविंद सावंत ने कहा कि इस देश का सबसे बड़ा दुर्भाग्य यह है कि देश में न्याय व्यवस्था गुलाम है। संविधान की रक्षा कौन कर सकता है? न्याय व्यवस्था करती है, लेकिन क्या यह अपना काम करती है? सुप्रीम कोर्ट भी नहीं कर रहा है। वे गुलाम बनकर बैठे हैं। क्या आपको इन SIT पर भी भरोसा है? SIT वही तय करेगी जो उन्हें इशारा करके बताया जाएगा, लेकिन अच्छा हुआ कि रामलला ने न्याय किया – वे जय श्री राम बोलते हैं और भ्रष्टाचार करते हैं, लेकिन उन्होंने उनके मुंह पर तमाचा मारा है। AIMIM नेता वारिस पठान ने कहा कि इतना बड़ा घोटाला कर दिया। आपने पहले SIT बनाई और फिर FIR कर दी। आपने 8 लोगों के नाम FIR में डाल दिए। अब बुलडोजर कहां है? जो घोटाला हुआ है, उसकी जांच-पड़ताल होनी चाहिए। CPI महासचिव डी राजा ने कहा कि हमारी पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने जब चंदे में गड़बड़ी का मामला पब्लिक में आया था तो बहुत हाई लेवल ज्यूडिशियल जांच की मांग की थी। अब 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। VHP और ट्रस्ट के 2 टॉप नेताओं ने इस्तीफा दे दिया है। हम जानते हैं कि यह तो बस शुरुआत है। पूरे मामले की जांच होनी चाहिए, जो भी लोग चंदे की लूट में शामिल हैं, उन्हें सजा मिलनी चाहिए। उत्तर प्रदेश सरकार ने जो कुछ भी किया है, वह काफी नहीं है। इसकी पूरी जांच होनी चाहिए।
योगी सरकार किसी दोषी को नहीं छोड़ेगी: सांसद राहुल सिन्हा
भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि जो राम मंदिर में चोरी करने की हिम्मत रखता है, उसकी हिम्मत को तोड़ देना और ऐसी मिसाल देना, ताकि आगे चलकर कोई राम मंदिर को कुदृष्टि से देखने की हिम्मत ना करे इसलिए योगी सरकार किसी दोषी को नहीं छोड़ेगी। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने कहा कि मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया और SIT का गठन किया गया और दोषियों को जेल भेजा गया है। आगे भी जो इसमें दोषी पाया जाएगा, उसको जेल भेजा जाएगा। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस इस पर कार्रवाई कर रही है, जो घटना हुई है, वह अच्छी नहीं है। केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि SIT ने जांच की है। जांच के आधार पर कार्रवाई हो रही है। कोई भी दोषी बचने वाला नहीं है। योगी राज में कानून व्यवस्था दुरुस्त है। कोई भी दोषी बचने वाला नहीं है। योगी राज में कानून-व्यवस्था चुस्त और दुरुस्त है, दोषी बख्शा नहीं जाएगा।
विरोध करने वालों को कब से राम मंदिर की चिंता हो गई?: केंद्रीय मंत्री वर्मा
केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने आगे कहा कि जिन पार्टियों ने लगातार राम मंदिर का विरोध किया हो, मुझे लगता है कि उनको कब से राम मंदिर की चिंता हो गई? और उन्हें इसपर टिप्पणी करने का अधिकार भी नहीं है। यह योगी सरकार है जो कानून-व्यवस्था के लिए जानी जाती है और इस मामले की SIT ने जांच की है और जांच के आधार पर कार्रवाई हो रही है, जो भी इसमें दोषी होगा, उसको निश्चित रूप से बख्शा नहीं जाएगा। केंद्रीय मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि बहुत ही गंभीर विषय है। इस पर SIT अपना काम कर रही है। इसमें जितने भी दोषी शामिल हैं, उसमें से कोई भी नहीं बख्शा जाएगा। इस मामले को केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार, बहुत गंभीरता से ले रही है। भगवान राम के ऊपर जो करोड़ों लोगों की आस्था है, उसके साथ हम किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने देंगे। उत्तर प्रदेश के डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा कि 2027 में प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी। अयोध्या राम मंदिर चंदे मामले पर कहा कि यह सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी। (Ram Mandir Chanda Vivad)
श्रद्धालुओं के चंदे पर उठे सवाल
भाजपा राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि 22 जनवरी 2024 को प्राण प्रतिष्ठा हुई, तब तक या उससे पहले तक किसी को अयोध्या की सुध नहीं आई। अयोध्या में जब श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण की बात होती थी तो कांग्रेस, समाजवादी पार्टी के लोग उसे विवादित स्थल कहते थे। अब वे सनातन के मान की बात कर रहे हैं। भाजपा संकल्प करती है और जो कहती है वह करके दिखाती है। समाजवादी पार्टी के समय क्या हुआ वह बताएं। अचानक क्या हो गया? बंगाल में सनातन का अपमान करने के बाद TMC से सनातनियों ने जो बदला लिया है उससे क्या विपक्ष डर गया है? जिन लोगों ने मंदिर के दर्शन नहीं किए, वे अब वहां की बात कर रहे हैं। रामलला के दरबार में चढ़े श्रद्धालुओं के चंदे पर उठे सवाल अब सिर्फ जांच तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देश की सियासत का बड़ा मुद्दा बन चुके हैं। एक तरफ विपक्ष SIT की निष्पक्षता पर सवाल उठाकर बड़ी जांच की मांग कर रहा है, तो दूसरी ओर सरकार का दावा है कि दोषियों पर कार्रवाई शुरू हो चुकी है और किसी को बख्शा नहीं जाएगा। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या जांच सिर्फ गिरफ्तार आठ आरोपियों तक सीमित रहेगी या फिर इस मामले में और बड़े चेहरे भी कानून के दायरे में आएंगे? जवाब आने वाले दिनों की जांच और कार्रवाई तय करेगी।



