राम मंदिर में PM मोदी के ध्वजारोहण पर पाकिस्तान ने जताई आपत्ति, भारत ने कहा- अल्पसंख्यकों पर हमें ज्ञान न दें

Ram Mandir Flag Hoisting: अयोध्या में राम मंदिर के शिखर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ध्वजारोहण करने को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच नया विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान ने इस आयोजन पर आपत्ति जताई। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय का कहना है कि यह भारत में धार्मिक अल्पसंख्यकों पर बढ़ते दबाव और मुस्लिम विरासत को मिटाने की कोशिश का हिस्सा है। पाकिस्तान ने दावा किया कि जहां आज राम मंदिर खड़ा है, वहां पहले कई सदियों पुरानी बाबरी मस्जिद थी, जिसे 6 दिसंबर 1992 को गिरा दिया गया। पाकिस्तान ने भारतीय अदालतों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बाबरी मस्जिद से जुड़े आरोपियों को बरी किया गया और उसी जमीन पर मंदिर निर्माण की अनुमति दे दी गई, जो अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव का उदाहरण है।
मामला क्या है ?
25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर के 161 फीट ऊंचे शिखर पर अभिजीत मुहूर्त में 2 किलो की केसरिया ध्वजा फहराई। यह पूरा आयोजन मंदिर निर्माण के बाद पहली बार हुआ, जिसे करोड़ों लोगों ने ऐतिहासिक पल बताया। इसी समारोह को लेकर पाकिस्तान ने आपत्ति जताई है। साथ ही कहा है कि यह भारत में धार्मिक अल्पसंख्यकों पर बढ़ते दबाव का संकेत है। मुस्लिम विरासत को मिटाने की कोशिश की जा रही है। पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय और UN से भी भारत के खिलाफ दखल देने की अपील की। (Ram Mandir Flag Hoisting)
यह भी पढ़ें:- फेफड़ों और दिल को चीरकर घुसी गोली, डॉक्टरों ने 4 घंटे की सर्जरी में बचाई जान
भारत ने पाकिस्तान के आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान हमें अल्पसंख्यकों पर ज्ञान न दे। पाकिस्तान का इतिहास अल्पसंख्यकों पर अत्याचार और कट्टरता से भरा है। उन्हें किसी दूसरे देश को नसीहत देने का कोई अधिकार नहीं है। भारत ने यह भी कहा कि पाकिस्तान में हिंदुओं, ईसाइयों और अन्य समुदायों पर हमले, जबरन धर्म परिवर्तन, धार्मिक स्थलों पर हिंसा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने जैसी घटनाएं आम हैं। अमेरिकी रिपोर्ट का हवाला देते हुए भारत ने याद दिलाया कि 2025 की शुरुआत में पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर कई हमले हुए, लेकिन कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई। (Ram Mandir Flag Hoisting)

इसी बीच इजराइल के भारत में राजदूत रूवेन अजार ने अयोध्या में ध्वजारोहण पर भारत को बधाई दी और इसे सभ्यता के लिए महत्वपूर्ण क्षण बताया। बता दें कि भारत पर लगातार आरोप लगाने वाले पाकिस्तान के भीतर ही अल्पसंख्यक समुदाय लगातार हिंसा और भेदभाव का सामना कर रहा है। अमेरिका की एक रिपोर्ट के मुताबिक 2025 की पहली छमाही में पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर हमले, धमकियों और जबरन धर्मांतरण की कई घटनाएं दर्ज की गई हैं। रिपोर्ट में कहा गया कि पाकिस्तान सरकार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की। (Ram Mandir Flag Hoisting)

अपनी जमीन देखें, हमारी नहीं: भारत
साल 2023 में चर्च जलाने के आरोप में पकड़े गए 10 आरोपियों को भी हाल ही में कोर्ट ने बरी कर दिया। सिंध और पंजाब में हिंदू और ईसाई लड़कियों के जबरन धर्म परिवर्तन और शादी के मामले लगातार सामने आते रहे हैं। यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान ने राम मंदिर पर आपत्ति जताई है। करीब दो साल पहले 22 जनवरी 2024 को हुए प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम पर भी पाकिस्तान ने निंदा व्यक्त की थी। तब पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा था कि यह मंदिर बाबरी मस्जिद को तोड़कर बनाया गया है और यह भारत में बढ़ती हिंदुत्व विचारधारा का प्रतीक है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान को भारत पर ज्ञान देने से पहले अपने यहां अल्पसंख्यकों पर होने वाले अत्याचारों पर नजर डालनी चाहिए। भारत ने साफ संकेत दिया है कि वह पाकिस्तान के ऐसे बयानों को न तो स्वीकार करेगा और न ही उन्हें गंभीरता से लेगा।



