आयुर्वेद सिर्फ इलाज प्रक्रिया नहीं, स्वस्थ व्यक्ति को बीमार नहीं होने देने की व्यवस्था है: विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह

Raman Singh on Ayurveda: छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह राजनांदगांव के मोतीपुर में आयोजित जिला स्तरीय निशुल्क आयुष स्वास्थ्य मेला, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन और गुरू घासीदास भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 75 लाख रुपए की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन और 10 लाख रुपए की लागत से गुरू घासीदास भवन निर्माण के लिए भूमिपूजन किया। इसके साथ ही 37.17 लाख रुपए की लागत से बने हमर अस्पताल शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर के उन्नयन कार्य का लोकार्पण किया।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आयुर्वेद में सिर्फ इलाज प्रक्रिया नहीं है, बल्कि स्वस्थ व्यक्ति बीमार नहीं पड़े, इसकी व्यवस्था है। इसमें सभी प्रकार की दिनचर्या या ऋतुचर्या, योग, प्राणायाम भी शामिल है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं आयुर्वेद के चिकित्सक है और जनसेवा की शुरुआत चिकित्सक के रूप में की। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने कार्यकाल में आयुष विभाग का गठन किया और आज छोटे-छोटे स्थानों में इस प्रकार के शिविर लग रहे हैं। आयुर्वेद के तहत शत-प्रतिशत गारंटी के साथ बिना किसी रिएक्शन और एलर्जी के इलाज होता है। (Raman Singh on Ayurveda)

विधानसभा अध्यक्ष ने इन कार्यों के लिए दी स्वीकृति
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि 25 लाख रुपए की लागत से मोतीपुर रेलवे क्रॉसिंग से लेकर मुक्तिधाम तक डामरीकरण, वार्ड नंबर 3 में मंगल भवन के लिए 25 लाख रुपए, बड़े तालाब के किनारे नाली निर्माण के लिए 15 लाख रुपए, सड़क किनारे पेवर ब्लॉक के लिए 11 लाख 50 हजार रुपए, फुलवारी पारा में नाली निर्माण के लिए 5 लाख रुपए, वार्ड नंबर 8 की गलियों में सीसीरोड निर्माण के लिए 15 लाख रुपए, मुक्तिधान में नाली निर्माण के लिए 38 लाख रुपए, मुक्तिधाम में बाउंड्री निर्माण के लिए 18 लाख रुपए और वार्ड नंबर 3 में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 7 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है। पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित किया। वहीं जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. शिल्पा मिश्रा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। (Raman Singh on Ayurveda)



