Google Analytics —— Meta Pixel

भारत में बढ़ रहा डायबिटीज का खतरा, हर तीसरा मरीज अपनी बीमारी से अनजान, विशेषज्ञों ने नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दी सलाह

Risk of Diabetes Increase: दुनियाभर में डायबिटीज के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और भारत भी इससे अछूता नहीं है। बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान, शारीरिक गतिविधियों में कमी और बढ़ते तनाव के कारण यह बीमारी तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रही है। चिंता की बात यह है कि अब डायबिटीज सिर्फ बुजुर्गों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि कम उम्र के युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसके मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक भारत में करीब 10 करोड़ लोग डायबिटीज से पीड़ित हैं, जबकि लगभग इतनी ही बड़ी आबादी प्री-डायबिटिक श्रेणी में आती है।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के सरकारी अस्पताल खुद बीमार! कहीं गंदगी का अंबार, कहीं डॉक्टरों की कमी तो कहीं मशीनें बंद

प्री-डायबिटिक वह स्थिति होती है, जब व्यक्ति के शरीर में ब्लड शुगर का स्तर सामान्य से ज्यादा होता है, लेकिन अभी वह पूरी तरह डायबिटीज की श्रेणी में नहीं पहुंचा होता। अगर इस अवस्था में सावधानी नहीं बरती जाए तो भविष्य में डायबिटीज होने का खतरा काफी बढ़ जाता है। सबसे गंभीर पहलू यह है कि बड़ी संख्या में लोग अपनी बीमारी से अनजान हैं। अलग-अलग स्वास्थ्य रिपोर्टों के मुताबिक लगभग हर तीसरे व्यक्ति को यह पता ही नहीं होता कि वह डायबिटीज से पीड़ित है। वहीं 50 प्रतिशत से ज्यादा लोग अपनी शुगर की वास्तविक स्थिति से अनजान रहते हैं। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच और जागरूकता बेहद जरूरी हो जाती है।

क्या है डायबिटीज ?

डायबिटीज को मधुमेह भी कहा जाता है। यह एक ऐसी बीमारी है, जिसमें शरीर खाने से मिलने वाले ग्लूकोज का सही तरीके से उपयोग नहीं कर पाता। सामान्य स्थिति में अग्न्याशय (पैंक्रियाज) इंसुलिन नाम के हार्मोन बनाता है, जो शरीर की कोशिकाओं तक ग्लूकोज पहुंचाने का काम करता है, लेकिन जब इंसुलिन पर्याप्त मात्रा में नहीं बनता या शरीर उसका सही उपयोग नहीं कर पाता, तब खून में शुगर का स्तर बढ़ने लगता है और व्यक्ति डायबिटीज का शिकार हो जाता है। (Risk of Diabetes Increase)

डायबिटीज के प्रमुख प्रकार

टाइप-1 डायबिटीज- यह एक ऑटोइम्यून बीमारी है, जिसमें शरीर का प्रतिरक्षा तंत्र इंसुलिन बनाने वाली कोशिकाओं को नुकसान पहुंचा देता है। इसके कारण शरीर में इंसुलिन बनना लगभग बंद हो जाता है। यह बीमारी आमतौर पर बचपन या युवावस्था में देखने को मिलती है।

टाइप-2 डायबिटीज- यह डायबिटीज का सबसे सामान्य रूप है। इसमें शरीर पर्याप्त मात्रा में इंसुलिन नहीं बना पाता या इंसुलिन का प्रभाव कम हो जाता है। इसके चलते रक्त में ग्लूकोज का स्तर बढ़ जाता है। खराब जीवनशैली, मोटापा, शारीरिक निष्क्रियता और अनुवांशिक कारण इसके प्रमुख कारक माने जाते हैं।

गर्भकालीन डायबिटीज- यह गर्भावस्था के दौरान होने वाली स्थिति है, जिसमें हार्मोनल बदलाव के कारण महिलाओं के रक्त में शुगर का स्तर बढ़ जाता है। अधिकांश मामलों में प्रसव के बाद यह स्थिति सामान्य हो जाती है, लेकिन समय पर इलाज और निगरानी बेहद जरूरी होती है।

डायबिटीज के सामान्य लक्षण

डायबिटीज के शुरुआती संकेतों को पहचानना बेहद जरूरी है। इसके प्रमुख लक्षणों में ज्यादा प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना, ज्यादा भूख लगना, अचानक वजन कम होना, लगातार थकान और कमजोरी महसूस होना, धुंधला दिखाई देना और किसी घाव का बहुत धीरे-धीरे भरना शामिल है। अगर ब्लड शुगर का स्तर बहुत ज्यादा बढ़ जाए या लंबे समय तक नियंत्रित न रहे तो मरीज को बेहोशी आ सकती है, दौरे पड़ सकते हैं और व्यवहार में असामान्य परिवर्तन भी देखने को मिल सकते हैं। ऐसी स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता होती है। (Risk of Diabetes Increase)

डायबिटीज से बचाव के लिए क्या करें ?

विशेषज्ञों का कहना है कि डायबिटीज से डरने की नहीं, बल्कि इसे समझने और नियंत्रित करने की जरूरत है। इसके लिए संतुलित आहार लेना, फाइबर युक्त भोजन का सेवन बढ़ाना, नियमित व्यायाम करना, समय-समय पर ब्लड शुगर की जांच कराना और शरीर को पर्याप्त रूप से हाइड्रेटेड रखना जरूरी है। डायबिटीज के मरीजों को मीठे और प्रोसेस्ड फूड से दूरी बनानी चाहिए। मैदा और जंक फूड का सेवन कम करना चाहिए। लंबे समय तक भूखे रहने से बचना चाहिए। तंबाकू और शराब का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसके अलावा अत्यधिक पके हुए और ज्यादा मीठे फलों का सेवन भी सीमित मात्रा में करना चाहिए।

जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार

विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर जांच, सही जानकारी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर डायबिटीज को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। नियमित स्वास्थ्य जांच और जागरूकता के माध्यम से न केवल इस बीमारी की पहचान समय रहते की जा सकती है, बल्कि इससे होने वाली गंभीर जटिलताओं से भी बचा जा सकता है। भारत में बढ़ते डायबिटीज के मामलों को देखते हुए अब जरूरत है कि लोग अपनी सेहत के प्रति ज्यादा सजग और जागरूक बनें। (Risk of Diabetes Increase)

Back to top button
error: Content is protected !!