कंटेनर ने ट्रैक्टर और ट्रॉली को मारी जोरदार टक्कर, 9 श्रद्धालुओं की मौत, 42 घायल

Road Accident in Bulandshahr: उत्तरप्रदेश में सड़क हादसों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। ताजा मामला बुलंदशहर का है, जहां श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को कंटेनर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में मां और बेटे समेत 9 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। जबकि 42 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से 3 की हालत नाजुक बताई जा रही है। मृतकों में 6 साल का बच्चा, 5 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। हादसा नेशनल हाईवे 34 पर अरनिया क्षेत्र के घटाल गांव के पास हुआ। श्रद्धालु कासगंज से जाहरबीर यानी गोगाजी के दर्शन के लिए राजस्थान के गोगामेड़ी जा रहे थे।
यह भी पढ़ें:- Tija Pora Ke Tihar : ‘विष्णु भइया’ के नेवता पर तीजा-पोरा का भव्य आयोजन, महिलाओं की उमड़ी भीड़
पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं ने ट्रॉली को डबल डेकर बना दिया था। ट्रॉली के बीच में लकड़ी लगाकर उसे दो हिस्सों में बांट दिया गया था, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग बैठ सकें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतक के परिवारों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर श्रुति और SSP दिनेश कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। SSP ने बताया कि 10 घायलों को बुलंदशहर जिला अस्पताल और 23 को खुर्जा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 10 घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। कंटेनर का ड्राइवर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। (Road Accident in Bulandshahr)

जानकारी के मुताबिक कंटेनर में धान की भूसी भरी थी। हाईवे से ट्रैक्टर को हटाकर यातायात फिर से चालू करा दिया गया है। मृतकों की पहचान कासगंज के रहने वाले ईपू बाबू (उम्र 40) रामबेटी (उम्र 65), चांदनी (उम्र 12) धनीराम (उम्र 40), मोक्षी (उम्र 40) शिवांश (उम्र 6), योगेश (उम्र 50), लेखराज (उम्र 40) और विनोद (उम्र 45) के रूप में हुई है। घायल ने बताया कि ट्रैक्टर बहुत धीरे-धीरे चल रहा था। सभी नींद में थे। बच्चे भी सब सो गए थे, तभी अचानक पीछे से कंटेनर ने टक्कर मार दी, जहां हादसा हुआ, वहां कोई मोड़ नहीं था। मृतक धनीराम के बेटे अर्जुन ने बताया कि वे चार बहन और दो भाई हैं। एक बहन की शादी हुई है। बाकी अभी किसी की नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि हमारे पिता मजदूरी करने का काम करते थे। घर में मां हैं। पापा के भरोसे ही घर चलता था। हादसे में उनकी मौत हो गई। (Road Accident in Bulandshahr)



