Google Analytics —— Meta Pixel

मध्य प्रदेश से महाराष्ट्र तक रफ्तार का कहर, 14 लोगों की जान गई, कहीं सेल्फी बनी काल, तो कहीं उजड़ गया पूरा परिवार

Road Accident in India: देश में लगातार बढ़ते सड़क हादसे एक बार फिर चिंता का बड़ा कारण बन गए हैं। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर, गुना और महाराष्ट्र के वर्धा में हुए तीन अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में कुल 14 लोगों की मौत हो गई। इनमें छह दोस्तों का ग्रुप, एक पूरा परिवार और पांच अन्य लोगों की जान चली गई। कहीं सड़क किनारे सेल्फी लेना मौत का कारण बन गया तो कहीं तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार परिवार को खत्म कर दिया। इन हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार, लापरवाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे दर्दनाक हादसा मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में रविवार शाम जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर हुआ। यहां हाथीनाला वॉटरफॉल से पिकनिक मनाकर लौट रहे छह दोस्त सड़क किनारे रुककर यादगार तस्वीरें और सेल्फी ले रहे , तभी तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें कुचल दिया।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश, बिलासपुर सबसे ज्यादा भीगा, खेत हुए गुलजार, कई जिलों में जलभराव और बाढ़ का खतरा

हादसा शाम करीब 6 बजे इंदिरा नगर के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायलों ने अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान राजेंद्र पटेल, वीरेंद्र लोधी (20), रामपाल सिंह लोधी (21), जयपाल सिंह लोधी (30), आकाश सिंह लोधी (24) और नीरज सिंह लोधी (25) के रूप में हुई है। सभी जबलपुर जिले के पावला गांव के रहने वाले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक सड़क से करीब दो फीट दूर खड़े होकर फोटो खिंचवा रहे थे। तभी तेज रफ्तार हाईवा कुछ ही सेकंड में उन्हें टक्कर मारते हुए निकल गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मुताबिक, दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सुआतला थाना पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश जारी है। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

गुना में तेज रफ्तार कार ने उजाड़ दिया पूरा परिवार

मध्य प्रदेश के गुना जिले में नेशनल हाईवे-46 पर एक और दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। यहां तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने पीछे से बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक सवार पति, पत्नी और उनका सात साल का बेटा सड़क पर दूर जा गिरे और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मनोज कुशवाह (34), पत्नी मालती कुशवाह (30) और पुत्र कार्तिक (7) के रूप में हुई है। परिवार पिपरौदा गांव का रहने वाला था। परिजनों के मुताबिक हादसा शाम करीब 4:45 बजे भदौरा पुल के पास हुआ। परिवार बाइक से गुना की ओर जा रहा था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों के शव सड़क पर 15 से 20 फीट की दूरी पर अलग-अलग जा गिरे। मौके पर मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। (Road Accident in India)

ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक को मौके से भागने नहीं दिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि चालक किराए की टैक्सी चला रहा था और तेज रफ्तार के कारण वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। म्याना पुलिस ने कार जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। महाराष्ट्र के वर्धा जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर भी भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां एक ट्रक और कार की टक्कर में कार चालक समेत चार लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। ट्रक का क्लीनर गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान चलाकर यातायात सामान्य कराया। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। (Road Accident in India)

लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे चिंता का विषय

तीनों हादसों में एक समान बात सामने आई और वो है तेज रफ्तार और लापरवाही। कहीं सड़क किनारे कुछ पल की सेल्फी मौत बन गई तो कहीं तेज गति ने एक पूरे परिवार की जिंदगी छीन ली। विशेषज्ञों का मानना है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर ओवरस्पीडिंग, भारी वाहनों की लापरवाह ड्राइविंग और यातायात नियमों की अनदेखी ऐसी दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रही है। सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि हाईवे पर बिना सुरक्षित स्थान के रुकना, सड़क किनारे फोटो या सेल्फी लेना और तेज रफ्तार से वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन लगातार लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और हाईवे पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील कर रहा है।इन तीनों हादसों ने कई परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। एक ओर दोस्तों का पूरा ग्रुप कभी घर नहीं लौट सका, दूसरी ओर एक मासूम बच्चे समेत पूरा परिवार खत्म हो गया। वहीं महाराष्ट्र में भी पांच लोगों की जान चली गई। लगातार हो रही ऐसी दुर्घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती, बेहतर निगरानी और लोगों में जागरूकता बढ़ाना अब पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है।

Back to top button
error: Content is protected !!