लिव-इन रिश्तों में जिम्मेदारी नहीं, शादी जीवन में अनुशासन लाता है: RSS प्रमुख मोहन भागवत

Bhagwat on Live in: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी RSS के प्रमुख मोहन भागवत ने लिव-इन रिलेशनशिप, शादी संस्था, नई पीढ़ी, परिवार, मोबाइल के बढ़ते प्रभाव और LGBTQ समुदाय जैसे कई सामाजिक विषयों पर अपनी बात रखी। हैदराबाद में विश्व मांगल्य सभा की ओर से आयोजित समकालीन मातृत्व कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शादी व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, धर्म और जिम्मेदारी का भाव पैदा करता है, जबकि लिव-इन रिलेशनशिप में अक्सर जिम्मेदारी से बचने की प्रवृत्ति दिखाई देती है। भागवत ने कहा कि आज कई लोग जिम्मेदारियां निभाने के बजाय सिर्फ सुख और सुविधा चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक मन करे साथ रहो और जब मन न करे तो अलग हो जाओ, इस तरह के रिश्तों में कोई जिम्मेदारी नहीं होती। उन्होंने कहा कि ऐसे रिश्तों के परिणाम पूरी दुनिया देख रही है।
यह भी पढ़ें:- परीक्षा संशोधन बिल लोकसभा में पेश, विपक्ष के हंगामे के चलते बिना चर्चा के दोनों सदनों की कार्यवाही कल तक स्थगित
RSS प्रमुख ने कहा कि समय के साथ बदलना भारतीय संस्कृति और परंपरा का हिस्सा रहा है, लेकिन बदलाव के साथ मूल्यों और जिम्मेदारियों को भी बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज को आधुनिकता अपनाने के साथ-साथ अपने सांस्कृतिक आधार को भी मजबूत रखना चाहिए। मोहन भागवत ने नई पीढ़ी यानी जेन-जी का जिक्र करते हुए कहा कि यह पीढ़ी काफी भावुक है और कई बार बिना गहराई से विचार किए दूसरों की नकल करने लगती है। उन्होंने कहा कि युवा जिस चीज को सही समझते हैं, उसी की ओर आकर्षित हो जाते हैं, इसलिए उन्हें सही दिशा देने की जिम्मेदारी परिवार और समाज दोनों की है। भागवत ने LGBTQ समुदाय पर भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि LGBTQ समुदाय के लोग भी समाज का ही हिस्सा हैं और उन्हें हीन भावना से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जन्म से ही ऐसे होते हैं, जो प्रकृति द्वारा निर्धारित होता है और इसमें किसी का कोई दोष नहीं होता। वहीं कुछ मामलों में मानसिकता या शारीरिक झुकाव के कारण यह स्थिति बाद में सामने आती है।
पहले खुद अपनाने होंगे संस्कार: भागवत
उन्होंने कहा कि जब दुनिया भर में ऐसे लोग मौजूद हैं तो यह मानना गलत होगा कि भारत में ऐसा कभी नहीं था। भारतीय समाज और परंपरा में भी ऐसे लोगों के अस्तित्व को पहले से स्वीकार किया गया है। मोहन भागवत ने कहा कि अगर समाज नई पीढ़ी में अच्छे संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदारी देखना चाहता है तो सबसे पहले बड़ों को खुद अपने जीवन में इन मूल्यों को अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि बच्चे वही सीखते हैं, जो अपने घर और परिवार में देखते हैं। भागवत ने परिवारों में संवाद की कमी पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि माता-पिता को बच्चों के साथ खुलकर बातचीत करनी चाहिए और उनके सवालों का धैर्यपूर्वक जवाब देना चाहिए। उन्होंने मोबाइल फोन के इस्तेमाल में अनुशासन बरतने की सलाह देते हुए कहा कि परिवार के सदस्यों के बीच नियमित संवाद से कई समस्याओं का समाधान हो सकता है। (Bhagwat on Live in)
मोबाइल के इस्तेमाल पर अनुशासन जरूरी: मोहन
उन्होंने माता-पिता से अपील की कि बच्चों को डांटने या डराने के बजाय उन्हें समझें, प्यार से बात करें और विश्वास का माहौल बनाएं। बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने के लिए समझदारी, संवेदनशीलता और सकारात्मक संवाद सबसे महत्वपूर्ण माध्यम हैं। मोहन भागवत के इस बयान ने एक बार फिर विवाह संस्था, लिव-इन रिलेशनशिप, नई पीढ़ी और सामाजिक मूल्यों पर बहस को हवा दे दी है। साथ ही LGBTQ समुदाय और पारिवारिक संवाद जैसे मुद्दों पर भी उनके विचार चर्चा का विषय बने हुए हैं। बदलते दौर में बदलते रिश्ते, नई पीढ़ी की नई सोच और परंपरा के साथ आधुनिकता का संतुलन। इन्हीं सवालों के बीच मोहन भागवत का यह संदेश सामने आया कि मजबूत समाज की नींव जिम्मेदार परिवार और संस्कारित पीढ़ी से ही रखी जा सकती है। अब देखना होगा कि उनके इन विचारों पर समाज में कैसी बहस और प्रतिक्रियाएं देखने को मिलती हैं, क्योंकि उनके बयानों ने एक बार फिर बदलते सामाजिक मूल्यों और पारिवारिक व्यवस्था पर नई चर्चा छेड़ दी है।




