Google Analytics —— Meta Pixel

गर्लफ्रेंड को पार्क बुलाकर बॉयफ्रेंड ने गले में घोंपा चाकू, इलाज के दौरान मौत, दूसरे युवक से अफेयर के शक में मर्डर

Girlfriend Murder in Surajpur: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां नेहरू पार्क में एक युवक ने अपनी 19 साल की गर्लफ्रेंड को बातचीत के बहाने बुलाया और उसके गले पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को रेलवे ट्रैक के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में हत्या करना स्वीकार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक राधिका राजवाड़े रविवार शाम करीब 8 बजे सूरजपुर के नेहरू पार्क पहुंची थी, जहां उसका बॉयफ्रेंड रितेश राजवाड़े बाइक से आया। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, लेकिन इसी दौरान दूसरे युवक से संबंध होने के शक को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

यह भी पढ़ें:- लिव-इन रिश्तों में जिम्मेदारी नहीं, शादी जीवन में अनुशासन लाता है: RSS प्रमुख मोहन भागवत

आरोप है कि गुस्से में रितेश ने अपने पास छिपाकर रखा धारदार चाकू निकाला और राधिका के गले पर वार कर दिया। वार इतना जोरदार था कि चाकू गले के आर-पार हो गया। हमला करने के बाद आरोपी चाकू निकालकर मौके से बाइक पर फरार हो गया। हमले के बाद गंभीर रूप से घायल राधिका किसी तरह अपनी जान बचाने के लिए कुछ दूर तक दौड़ी, लेकिन ज्यादा खून बहने के कारण पार्क में ही गिर पड़ी। इस दौरान आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। गले पर गंभीर चोट लगने के कारण राधिका बोलने की स्थिति में नहीं थी। प्राथमिक इलाज के बाद उसे गंभीर हालत में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अस्पताल में पुलिस ने उससे पूछताछ की कोशिश की, लेकिन वह बोल नहीं सकी।

पार्क में मिला पर्चा, हत्या की जिम्मेदारी ली

इस दौरान उसने इशारे से पुलिसकर्मी का मोबाइल और फिर कागज-पेन मांगा। मरने से पहले उसने लिखकर आरोपी रितेश राजवाड़े का नाम बताया। रात करीब 10:30 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस को नेहरू पार्क से एक पर्चा भी मिला, जिसमें आरोपी ने हत्या की जिम्मेदारी ली थी। वारदात के बाद वह आत्महत्या करने के इरादे से रेलवे ट्रैक पहुंच गया था, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे पकड़ लिया। घटना के बाद पुलिस ने पार्क और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रत्यक्षदर्शी हमलावर की स्पष्ट पहचान नहीं कर सके, लेकिन फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने रेलवे ट्रैक के पास घेराबंदी कर रितेश राजवाड़े को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

प्रेम संबंध और शक बना हत्या की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रितेश और राधिका के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। आरोपी को शक था कि राधिका का किसी दूसरे युवक से भी संबंध है। इसी शक के चलते उसने हत्या की पूरी साजिश रची और बातचीत के बहाने पार्क बुलाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। DSP अविनाश पैकरा के मुताबिक प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग और दूसरे अफेयर के शक में हत्या की बात सामने आई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। (Girlfriend Murder in Surajpur)

Back to top button
error: Content is protected !!