पुतिन का भारत पर भरोसा, बोले- PM मोदी पर दबाव डालना बेकार, US से नजदीकी के बावजूद मजबूत रहेंगे रिश्ते

Russian President on Modi: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि अमेरिका भारत पर रूस के साथ उसके संबंधों समेत कई मुद्दों को लेकर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन ऐसी कोशिशें सफल नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि भारत अपने राष्ट्रीय हितों के आधार पर फैसले लेता है और किसी भी बाहरी दबाव का विरोध करेगा। रूसी राष्ट्रपति ने PTI समेत दुनिया की प्रमुख न्यूज एजेंसियों के हेड से चर्चा के दौरान भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में अफसर बनाम जनप्रतिनिधि! बढ़ रही सख्ती या गहराता टकराव…? लगातार विवादों ने खड़े किए बड़े सवाल
उन्होंने कहा कि भारत एक महान लोकतांत्रिक देश है, जिसे रूस अपना विश्वसनीय और दीर्घकालिक साझेदार मानता है। रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत अपने राष्ट्रीय हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ भारत के बढ़ते संबंधों का भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा। दोनों देशों के संबंध पहले की तरह मजबूत बने रहेंगे और आने वाले समय में और ज्यादा गहरे होंगे। पुतिन ने कहा कि भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था की प्रमुख ताकतों में शामिल है और वर्तमान में दुनिया की सबसे तेज गति से विकसित होने वाली अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। रूस भारत के साथ व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग को और विस्तार देने का इच्छुक है।

राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि रूस को खुशी है कि भारत उन सभी देशों के साथ संबंध विकसित कर रहा है, जिन्हें वह अपने राष्ट्रीय हितों के लिए आवश्यक मानता है। उन्होंने विश्वास जताया है किया कि आने वाले सालों में भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय व्यापार 100 अरब डॉलर के स्तर तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक उपलब्धियां अचानक हासिल नहीं हुई हैं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार की निरंतर नीतियों, सुधारों और विकास कार्यक्रमों का परिणाम हैं। पुतिए ने भारत की आर्थिक प्रगति को वैश्विक स्तर पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। (Russian President on Modi)
भारत पर दबाव बनाना अंतरराष्ट्रीय संबंधों के लिए नुकसानदायक: पुतिन
पुतिन ने कहा कि कुछ पश्चिमी देशों ने भारत को रूस के साथ सहयोग कम करने के लिए प्रभावित करने की कोशिश की थी, लेकिन समय के साथ यह स्पष्ट हो गया कि भारत पर दबाव डालना व्यावहारिक नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और भारत पर किसी भी प्रकार का दबाव अंतरराष्ट्रीय संबंधों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत एक स्वतंत्र विदेश नीति का पालन करता है और अपने हितों के अनुरूप निर्णय लेने में सक्षम है। राष्ट्रपति पुतिन का यह बयान उनके प्रस्तावित भारत दौरे से पहले आया है। दरअसल, वे 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले BRICS समिट 2026 में हिस्सा लेने भारत आएंगे। इस साल भारत BRICS समूह की अध्यक्षता कर रहा है।
2025 में हुए थे कई महत्वपूर्ण समझौते
एक साल के भीतर यह पुतिन का दूसरा भारत दौरा होगा। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी इसी साल रूस जाने की संभावना है, जिससे दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संवाद और सहयोग को नई गति मिलने की उम्मीद है। राष्ट्रपति पुतिन 4 दिसंबर 2025 को 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने भारत आए थे। यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा था। इससे पहले वे साल 2021 में भारत आए थे। दिसंबर 2025 में भारत और रूस के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर हुए, जिनमें ऊर्जा, उद्योग, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, समुद्री लॉजिस्टिक्स और लोगों की आवाजाही से जुड़े क्षेत्र प्रमुख रहे। रूस ने भारत की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए ईंधन की निर्बाध आपूर्ति जारी रखने का भरोसा दिया।

भारतीय कंपनियों और URALCHEM के बीच रूस में यूरिया संयंत्र स्थापित करने को लेकर समझौता हुआ। भारत की भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण और रूस की उपभोक्ता सुरक्षा एजेंसी के बीच खाद्य सुरक्षा मानकों को मजबूत करने के लिए समझौते किए गए। मेडिकल रिसर्च और स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग बढ़ाने के लिए कई समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर हुए। बंदरगाह विकास और शिपिंग संचालन में सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से दोनों देशों ने समझौता किया। नागरिकों की आवाजाही को सरल और सुगम बनाने के लिए नए सहयोग तंत्र विकसित करने पर सहमति बनी। (Russian President on Modi)

भारत और रूस के बीच रणनीतिक, आर्थिक और ऊर्जा सहयोग लगातार मजबूत होता दिखाई दे रहा है। पुतिन के ताजा बयान ने संकेत दिया है कि वैश्विक दबावों के बावजूद दोनों देशों की साझेदारी भविष्य में और ज्यादा गहरी हो सकती है। वैश्विक भू-राजनीतिक परिस्थितियों और पश्चिमी देशों के दबाव के बावजूद भारत और रूस अपने संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की तैयारी में हैं। आगामी उच्चस्तरीय दौरों और बढ़ते व्यापारिक सहयोग से द्विपक्षीय रिश्तों के और मजबूत होने की उम्मीद है। कुल मिलाकर रूस ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि भारत उसके लिए सिर्फ एक साझेदार नहीं, बल्कि एक भरोसेमंद मित्र है। पुतिन का यह बयान ऐसे समय आया है जब दोनों देश व्यापार, ऊर्जा और रक्षा समेत कई क्षेत्रों में सहयोग को नई दिशा देने की कोशिश कर रहे हैं।



