Google Analytics —— Meta Pixel

मंदिर कब्जे की जिद में दरिंदगी, जेल से छूटे सिरफिरे ने दो साधुओं को उतारा मौत के घाट, बांधकर जिंदा जलाया

Sadhus Murder in Shahjahanpur: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव स्थित शिव मंदिर पर अवैध कब्जा जमाने की नीयत से एक सिरफिरे ने दो बुजुर्ग साधुओं की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के नापाक इरादे से दोनों साधुओं के शवों को आग के हवाले कर दिया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और भारी तनाव का माहौल है। जानकारी के मुताबिक यह खौफनाक घटना 30 सितंबर की रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। सुबह जब ग्रामीण रोजाना की तरह मंदिर पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। मंदिर परिसर से धुआं उठ रहा था और पास ही दोनों साधुओं के अधजले अवशेष पड़े थे। मृत साधुओं की पहचान बाबा गोपाल दास और बाबा बिहारी दास के रूप में हुई है। दोनों शिव मंदिर में ही रहते थे।

यह भी पढ़ें:- ऑनलाइन Vs ऑफलाइन शॉपिंग, बदलते दौर में कौन-सा विकल्प है बेहतर? जानिए फायदे, नुकसान और बदलते ट्रेंड

एक साधु का शव जल रहा था, जबकि दूसरे साधु का शव जलकर पूरी तरह कंकाल में तब्दील हो चुका था। दोनों के शव एक-दूसरे से करीब 10 मीटर की दूरी पर मिले। ग्रामीणों की सूचना पर तुरंत स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।पुलिस के मुताबिक आरोपी सुमित सिंह ने रात के वक्त मंदिर में धावा बोला। उसने दोनों बुजुर्ग साधुओं को पहले लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इसके बाद हैवानियत की हदें पार करते हुए दोनों साधुओं को अलग-अलग लकड़ी के तख्तों से कसकर बांध दिया। आरोपी ने मंदिर परिसर और आसपास से सूखी लकड़ियां इकट्ठा कीं, उन्हें साधुओं के ऊपर डाला और आग लगा दी। इस जघन्य कृत्य का मकसद सिर्फ हत्या करना नहीं, बल्कि इस पूरी वारदात के सबूतों को हमेशा के लिए मिटाना था। (Sadhus Murder in Shahjahanpur)

मंदिर पर कब्जे की थी जिद

पूछताछ में सामने आया है कि मुख्य आरोपी सुमित पिछले कुछ समय से मंदिर पर अपनी नजर गड़ाए हुए था। वह अक्सर ग्रामीणों और साधुओं से कहता था कि इस मंदिर पर सिर्फ और सिर्फ उसका हक है। बताया जा रहा है कि आरोपी सुमित महज दो महीने पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था और जेल से लौटने के बाद से ही वह इस खौफनाक साजिश को अंजाम देने की फिराक में था। घटना की गंभीरता को देखते हुए शाहजहांपुर के SP सौरभ दीक्षित समेत तमाम आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि मुख्य संदिग्ध आरोपी सुमित को हिरासत में ले लिया है। उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस जघन्य हत्याकांड में उसके साथ कोई और भी शामिल था या नहीं।

एक कार में लगा दी थी आग 

पुलिस के मुताबिक वारदात को अंजाम देने वाला 35 साल का आरोपी सुमित सिंह मृत साधु बिहारी दास का भतीजा है, जो बाइपोलर डिसऑर्डर से पीड़ित है, जो बेहद दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति का था। वह दो महीने पहले ही जेल से छूटकर आया था। परिवारवालों और ग्रामीणों के अनुसार उसे आग से बहुत लगाव था और वह पहले भी कई वारदातों को अंजाम दे चुका था, जिससे लोग उससे खौफ खाते थे। वह इलाके में जानवरों और लोगों को पीटकर अपनी दहशत फैलाता था। कुछ समय पहले ही सुमित ने गांव के ही एक व्यक्ति की कार को जला दिया था, इसी मामले में वह जेल गया था और वारदात से महज दो महीने पहले ही जमानत पर छूटकर बाहर आया था। उसने इससे पहले एक पंडे पर हमला कर उसकी आंख फोड़ दी थी।

जानवरों पर करता था क्रूरता

आरोपी अक्सर गांव के जानवरों को बुरी तरह पीटता था और उसने एक बार एक बकरी को भी काट दिया था।  घटना से कुछ समय पहले उसने एक अन्य बाबा को थप्पड़ मारा था। इसके अलावा उसने इन दोनों साधुओं के मोबाइल फोन भी छीन लिए थे और 5-6 दिन तक अपने पास रखकर चला था, हालांकि बाद में फोन वापस कर दिए थे। गांववाले उसके इन कारनामों से बेहद घबराते थे और डर के मारे कई मामलों की पुलिस में शिकायत तक नहीं करते थे। आरोपी सुमित शादीशुदा है, जिसकी पत्नी का नाम नीलम है और उनके दो जुड़वां बच्चे हैं, जिसमें से एक बेटा और एक बेटी हैं, जिनकी उम्र करीब 10 साल है। वारदात के बाद सुमित के परिवारवालों ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात उसने खाना भी नहीं खाया था। रात करीब 10 बजे वह घर से निकला था, जिसके बाद उसने इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी सुमित को गिरफ्तार कर लिया है और फॉरेंसिक टीम के साथ मामले की गहराई से जांच की जा रही है।  ग्रामीणों में भारी आक्रोश और तनाव को देखते हुए सूथा गांव में अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और इलाके में गश्त की जा रही है। इस दोहरे हत्याकांड ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और ग्रामीण इलाकों में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शाहजहांपुर की यह वारदात न सिर्फ इंसानियत को झकझोर देने वाली है, बल्कि ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। एक तरफ जहां एक भतीजे द्वारा अपने ही साधु चाचा और उनके साथी की इस कदर निर्ममता से हत्या करना लोगों को हैरान कर रहा है, वहीं आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि और सनकी स्वभाव के बावजूद समय पर शिकंजा न कसे जाने से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। (Sadhus Murder in Shahjahanpur)

Back to top button
error: Content is protected !!