बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा, सम्राट चौधरी होंगे नए CM

Samrat Bihar New CM: बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वे डिप्टी CM सम्राट चौधरी और विजय चौधरी के साथ एक ही गाड़ी में राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा। इस्तीफे के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- अब नई सरकार यहां का काम देखेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग रहेगा। आगे भी बहुत अच्छा काम होगा, बिहार बहुत आगे बढ़ेगा। इस बीच BJP विधायक दल ने सम्राट चौधरी को अपना नया नेता चुन लिया है, जिसके बाद उनके बिहार के नए मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है।
यह भी पढ़ें:- सक्ती के वेदांता पावर प्लांट में फटा बॉयलर, 9 मजदूरों की मौत, 50 से ज्यादा गंभीर रूप से घायल
एनडीए की औपचारिक बैठक के बाद इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी। 15 अप्रैल को लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। बता दें कि बिहार में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री बनने जा रहा है। सुबह से बिहार में हलचल तेज थी। सुबह 9 बजे जदयू के वरिष्ठ नेता संजय झा, ललन सिंह और विजय चौधरी मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और नीतीश कुमार से मुलाकात की। सुबह 11 बजे नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक हुई, जिसमें CM के धन्यवाद प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। दोपहर 2:30 बजे इस्तीफे से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन समेत कई वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री आवास पहुंचे।

दोपहर 3:15 बजे नीतीश कुमार राजभवन पहुंचे और राज्यपाल को इस्तीफा सौंपा। 3:24 बजे नीतीश कुमार ने X पर इस्तीफे की जानकारी दी। 3:30 बजे इस्तीफे के बाद भाजपा नेता सम्राट चौधरी और अन्य वरिष्ठ नेता पार्टी कार्यालय पहुंचे और विधायक दल की बैठक में शामिल हुए। शाम 4:00 बजे भाजपा विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को नेता चुना गया। कैबिनेट की आखिरी बैठक में नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 में मैं सरकार में आया, जहां तक मुझसे हो सका मैंने काम किया। नई सरकार को मेरा मार्गदर्शन मिलता रहेगा। (Samrat Bihar New CM)
जानिए कौन हैं बिहार के नए CM
- नाम: सम्राट चौधरी
- उम्र: 56 साल
- पार्टी: भारतीय जनता पार्टी
- शिक्षा: D-Litt (USA)
- पिता: शकुनी चौधरी (7 बार विधायक/सांसद)
- माता: पार्वती देवी (पूर्व विधायक, तारापुर)
सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर
- 1990: सम्राट चौधरी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत छात्र और युवा राजनीति से की और शुरुआती दौर में सक्रिय भूमिका निभाई।
- 1990 के दशक में उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के साथ अपनी राजनीतिक पहचान बनानी शुरू की और संगठन में काम करते हुए तेजी से आगे बढ़े।
- 1999: युवा उम्र में ही उन्हें राबड़ी देवी की सरकार में कृषि मंत्री बनाया गया, जिससे वे राज्य की सबसे कम उम्र के मंत्रियों में चर्चा में आ गए।
- RJD से अलग होकर उन्होंने जनता दल यूनाइटेड (JDU) का दामन थामा और नीतीश कुमार के साथ मिलकर राजनीतिक सफर आगे बढ़ाया।
- 2014: जीतन राम मांझी की सरकार में उन्हें शहरी विकास विभाग की जिम्मेदारी मिली, जहां उन्होंने नगर विकास से जुड़े कई फैसलों में भूमिका निभाई।
- 2017 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी जॉइन की और राज्य की मुख्यधारा की राजनीति में एक नई पहचान बनाई।
- 2018 में पार्टी संगठन में उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया, जहां उन्होंने संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति पर काम किया।
- 2021 में बिहार सरकार में उन्हें पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी मिली।
- मार्च 2023 में उन्हें बिहार भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया, जहां उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति में अहम भूमिका निभाई।
- जनवरी 2024 में बिहार सरकार में वे डिप्टी CM बने। (Samrat Bihar New CM)
- नवंबर 2025 में उन्हें फिर से डिप्टी CM बनाया गया और साथ ही गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी भी दी गई।
सम्राट चौधरी का राजनीतिक सफर तीन दशकों से ज्यादा का रहा है, जिसमें उन्होंने RJD, JDU और BJP यानी तीनों प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ काम करते हुए अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाली हैं। युवा अवस्था में मंत्री बनने से लेकर संगठन में महत्वपूर्ण पदों और सरकार में डिप्टी CM-गृह मंत्री तक का उनका सफर यह दर्शाता है कि वे बिहार की राजनीति में लगातार मजबूत होते गए हैं। वहीं बिहार की राजनीति में यह बदलाव एक बड़े सत्ता परिवर्तन के रूप में देखा जा रहा है। एनडीए नेतृत्व में नई सरकार बनने जा रही है, जिसकी कमान अब सम्राट चौधरी के हाथों में होगी। वहीं नीतीश कुमार के इस्तीफे के साथ एक लंबे राजनीतिक अध्याय का अंत माना जा रहा है और अब नई राजनीतिक दिशा की शुरुआत होने जा रही है।



