दिल्ली ब्लास्ट को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री शाह लेंगे हाई लेवल मीटिंग, कार में आतंकी डॉ. मोहम्मद उमर होने का शक

Shah Meeting on Blast: राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए विस्फोट के बाद हालात गंभीर बने हुए हैं। घटना के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक करने का फैसला लिया है।गृहमंत्री अमित शाह सुबह 11 बजे गृह मंत्रालय के कर्तव्य भवन स्थित अपने कार्यालय में सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो (IB) के निदेशक, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के महानिदेशक, दिल्ली पुलिस आयुक्त, विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा) और गृह मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें:- Bihar Election 2025 Phase 2 Voting : बिहार में दूसरे चरण के लिए वोटिंग शुरू – सुबह से मतदान केंद्रों पर लगी लंबी कतारें
बैठक में जम्मू-कश्मीर के डीजीपी भी बैठक में वर्चुअली शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक बैठक में लाल किला विस्फोट की जांच NIA को सौंपी जा सकती है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक सोमवार शाम करीब 6:52 बजे, लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास एक चलती हुई सफेद हुंडई i20 कार में विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज एक किलोमीटर तक सुनी गई। विस्फोट के बाद छह कारें, दो ई-रिक्शा और एक ऑटो रिक्शा जलकर खाक हो गए। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने ट्वीट कर बताया कि सुरक्षा कारणों से लाल किला मेट्रो स्टेशन बंद है। अन्य सभी स्टेशन सामान्य रूप से कार्यरत हैं। (Shah Meeting on Blast)
CCTV फुटेज में बड़ा सुराग
विस्फोट से ठीक पहले का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें एक सफेद i20 कार पार्किंग से निकलती हुई दिख रही है।
पुलिस को शक है कि इस कार में आतंकी डॉ. मोहम्मद उमर मौजूद था। सूत्रों का कहना है कि उमर फरीदाबाद मॉड्यूल का हिस्सा हो सकता है। पुलिस जांच में सामने आया कि डॉ. उमर विस्फोट से पहले करीब ढाई से तीन घंटे तक कार में बैठा रहा और एक पल के लिए भी बाहर नहीं निकला। सूत्रों के मुताबिक वह किसी व्यक्ति या निर्देश का इंतजार कर रहा था।जानकारी के अनुसार पिछले दिनों जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद से लेकर लखनऊ तक अभियान चलाकर करीब 2900 किलो संदिग्ध अमोनियम नाइट्रेट जब्त किया था। (Shah Meeting on Blast)

इस कार्रवाई में डॉ. मुजम्मिल शकील (फरीदाबाद) और महिला डॉक्टर शाहीन शाहिद (लखनऊ) को गिरफ्तार किया गया था। दिल्ली पुलिस ने बताया कि जिस हुंडई i20 कार में विस्फोट हुआ, वह हरियाणा के गुरुग्राम के रहने वाले मोहम्मद सलमान के नाम पर रजिस्टर्ड थी। सलमान को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उसने बताया कि उसने यह कार पुलवामा के रहने वाले तारिक को बेची थी, जिसकी तलाश अब जारी है। विस्फोट को लेकर कोतवाली थाना में UAPA की धारा 16 और 18, विस्फोटक अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है।

FSL टीम और अन्य एजेंसियां सबूत जुटाने में लगी हैं। DCP उत्तरी दिल्ली राजा बांठिया ने बताया कि कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। FSL की टीम घटनास्थल पर मौजूद है और सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। एलएनजेपी अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि मृतकों के शरीर पर छर्रे या स्प्लिंटर के निशान नहीं मिले हैं, जो आम तौर पर आईईडी विस्फोट में पाए जाते हैं। इसके अलावा शवों पर सामान्य बम विस्फोट जैसी कालिख या जलने के गहरे निशान नहीं हैं। इससे जांच एजेंसियां अब आत्मघाती हमले या गैस रिएक्शन जैसे दूसरे एंगल से भी जांच कर रही हैं।
11 राज्यों में हाई अलर्ट
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि इस विस्फोट की जांच तेजी और पारदर्शिता के साथ की जाएगी। उन्होंने सभी एजेंसियों को आपसी समन्वय बढ़ाने और सुरक्षा चौकसी कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। लाल किला और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस, एनएसजी और एनआईए के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। वहीं दिल्ली में हुए धमाके के बाद 11 राज्यों में हाई अलर्ट का ऐलान कर दिया गया है। जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। (Shah Meeting on Blast)



