केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने बस्तर पंडुम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का लिया संकल्प, पढ़ें पूरी खबर

Shah on Bastar Pandum: जनजातीय परंपराओं, लोक कला और सांस्कृतिक वैभव का प्रतीक बस्तर पंडुम 2025 दंतेवाड़ा में भव्य समापन समारोह के साथ संपन्न हुआ, जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल हुए, जिन्होंने बस्तर पंडुम को अगले साल से राष्ट्रीय महोत्सव के रूप में मनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि देशभर के आदिवासी जिलों के कलाकारों को इस महोत्सव में आमंत्रित किया जाएगा और बस्तर की संस्कृति को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई जाएगी। केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने जनजातीय आराध्य देवताओं को नमन किया। साथ ही महाराजा प्रवीर चंद भंजदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उन्होंने जल, जंगल, जमीन और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया।
यह भी पढ़ें:- श्रीलंका दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति दिसानायके ने मित्र विभूषण पुरस्कार से किया सम्मानित
केंद्रीय गृहमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी और सामाजिक न्याय के प्रतीक बाबू जगजीवन राम को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी और कहा कि उन्होंने दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि बस्तर पंडुम में 1850 ग्राम पंचायतों, 12 नगर पंचायतों, 8 नगर परिषदों, और एक नगर पालिका के कुल 47000 कलाकारों ने भाग लिया। यह उत्सव 12 मार्च से 5 अप्रैल तक चला और इस साल 7 श्रेणियों में आयोजित किया गया। अगले साल इसे 12 श्रेणियों में विस्तारित किया जाएगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि बस्तर की बोलियां, वाद्य यंत्र, भजन और परंपराएं सिर्फ छत्तीसगढ़ ही नहीं, पूरे भारत की सांस्कृतिक विरासत हैं। उन्होंने कहा कि इन्हें संरक्षित रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। (Shah on Bastar Pandum)

केंद्रीय गृहमंत्री ने घोषणा की कि जो गांव नक्सलियों के आत्मसमर्पण में सहयोग करेंगे, उन्हें “नक्सली मुक्त गांव” घोषित कर 1 करोड़ रुपये की विकास निधि दी जाएगी। उन्होंने अपील की कि ग्राम सभा कर गांवों को सरेंडर की प्रक्रिया में आगे लाएं। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि अब तेंदूपत्ता 5500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से सीधे सरकार खरीद रही है और राशि सीधे आदिवासियों के खाते में जा रही है। इससे लाल आतंक से जुड़े लोगों का नियंत्रण समाप्त होगा। केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने स्पष्ट किया कि जो नक्सली हथियार छोड़ देंगे, उन्हें पूरी सुरक्षा और सम्मान के साथ मुख्यधारा में लाया जाएगा, लेकिन जो हथियार नहीं डालेंगे, उनके खिलाफ सुरक्षाबल कड़ी कार्रवाई करेगी। (Shah on Bastar Pandum)

हर गांव में स्कूल, दवाखाना की होगी व्यवस्था: शाह
गृहमंत्री शाह ने बताया कि हर गांव में शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए छोटे अस्पताल, स्कूल, आधार कार्ड, राशन कार्ड और स्वास्थ्य बीमा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि बस्तर के बेल मेटल, टेराकोटा, लकड़ी शिल्प, गोदना और चित्रकला को वैश्विक मंच देने की योजना बताई। ‘वोकल फॉर लोकल’ के तहत इन उत्पादों को दिल्ली तक के बाजारों में पहुंचाया जाएगा। शाह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया गया है। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि भारत के इतिहास में पहली बार एक आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाकर आदिवासी समाज को ऐतिहासिक सम्मान देने का कार्य हमारी सरकार में किया गया है। (Shah on Bastar Pandum)

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने 10 साल में 4 करोड़ से ज्यादा घर बनाए, 11 करोड़ को गैस सिलेंडर, 12 करोड़ घरों में शौचालय, 15 करोड़ घरों में नल से जल, और 70 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और 5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा दिया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि असली विकास तब होगा जब बस्तर से डॉक्टर, कलेक्टर, बैरिस्टर और प्रशासनिक अधिकारी निकलेंगे। उन्होंने आह्वान किया कि अब बस्तर को हथियार नहीं, कलम और कंप्यूटर की शक्ति से आगे ले जाना है। इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षाबल के जवानों और जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। साथ ही कई मुद्दों को लेकर चर्चा की। (Shah on Bastar Pandum)




