दिल्ली ब्लास्ट पर शाह का अल्टीमेटम – दोषियों को ऐसी सज़ा देंगे कि दुनिया देखेगी

Delhi Car Blast Case : दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार ब्लास्ट को लेकर केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि इस घटना के दोषियों को ऐसी सज़ा दी जाएगी, जिससे पूरी दुनिया को संदेश जाएगा कि भारत में आतंकवाद को किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़े :- बिहार की सत्ता का फाइनल फैसला कल : NDA या महागठबंधन, किसके सिर सजेगा ताज?
अमित शाह ने कहा, “दोषियों के खिलाफ की गई कार्रवाई दुनिया को दिखाएगी कि भारत आतंकवाद के प्रति किसी भी तरह की नरमी नहीं दिखाएगा। जो भी हमारे देश को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा, उसे कठोरतम सजा दी जाएगी।”
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘शून्य सहिष्णुता’ की नीति
गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आतंकवाद के प्रति “शून्य सहिष्णुता की नीति” पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ-साथ ग्रामीण सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता पर भी समान ध्यान दे रही है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गुजरात के मेहसाणा में श्री मोतीभाई आर. चौधरी सागर सैनिक स्कूल और सागर ऑर्गेनिक प्लांट का उद्घाटन करते हुए शाह ने कहा कि सरकार विस्फोट में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करती है। (Delhi Car Blast Case)
राष्ट्र निर्माण में शिक्षा और रक्षा तैयारियों पर जोर
शाह ने कहा कि देश में शिक्षा और रक्षा तैयारियों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण को नई दिशा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर पीपीपी मॉडल के तहत देशभर में 100 नए सैनिक स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नवनिर्मित मोतीभाई चौधरी सागर सैनिक स्कूल मेहसाणा के युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों में सेवा करने की प्रेरणा देगा और यह क्षेत्र के लिए गौरव का केंद्र बनेगा। (Delhi Car Blast Case)



