भारत में आतंकी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, हिरासत में 14 राज्यों के 253 लोग, शहजाद भट्टी नेटवर्क ध्वस्त

Shahzad Bhatti Network: स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान स्थित ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क (SBN) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मुताबिक 12 अगस्त को 14 राज्यों में एक साथ अभियान चलाया गया, जिसमें 253 लोगों को हिरासत में लिया गया। एजेंसियों के मुताबिक इस नेटवर्क के खिलाफ अब तक 80 से ज्यादा FIR दर्ज की जा चुकी हैं और 200 से ज्यादा गिरफ्तारियां हुई हैं। गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने इस नेटवर्क के खिलाफ समन्वित अभियान चलाकर उसके हमले के मंसूबों को नाकाम किया।
यह भी पढ़ें:- BJP की नई टीम पर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान, कांग्रेस बोली- मेन बॉडी से छत्तीसगढ़ गायब
सुरक्षा एजेंसियों और राज्य पुलिस के बीच साझा की गई खुफिया जानकारी के आधार पर 12 अगस्त को अलग-अलग राज्यों में एक साथ कार्रवाई की गई। इस दौरान उत्तर प्रदेश में 62, हरियाणा में 52, दिल्ली में 51 और पंजाब में 44 लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा राजस्थान में 15, महाराष्ट्र में 8, उत्तराखंड में 5, जबकि कर्नाटक, गुजरात और बिहार में 3-3 लोगों को हिरासत में लिया गया। तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केरल में 2-2 लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी गई है। इस कार्रवाई के दौरान दिल्ली और कर्नाटक में नई FIR भी दर्ज की गई हैं। (Shahzad Bhatti Network)
80 से ज्यादा FIR, 200 से ज्यादा गिरफ्तार
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ अब तक 80 से ज्यादा FIR दर्ज की गई हैं और 200 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ये मामले UAPA, BNS, आर्म्स एक्ट, NDPS एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम जैसी धाराओं के तहत दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने IED, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री की मार्किंग वाले ग्रेनेड, पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए जाने का दावा किया है। इसके अलावा निगरानी और रेकी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले CCTV कैमरे भी मिलने की बात कही गई है। एजेंसियों के मुताबिक नेटवर्क के सदस्य स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस, सुरक्षा प्रतिष्ठानों और धार्मिक स्थलों की रेकी करवाते थे। आरोप है कि इसके लिए स्थानीय सहयोगियों को पैसे भी दिए जाते थे। (Shahzad Bhatti Network)
क्या है शहजाद भट्टी नेटवर्क ?
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक शहजाद भट्टी नेटवर्क पाकिस्तान से संचालित और ISI समर्थित एक आतंकी नेटवर्क है। एजेंसियों का आरोप है कि यह नेटवर्क भारत में ग्रेनेड, IED और पेट्रोल बम हमलों के साथ-साथ टारगेट किलिंग जैसी गतिविधियों की साजिश में शामिल रहा है। बताया गया है कि नेटवर्क स्थानीय स्तर पर लोगों को जोड़कर उनसे रेकी और दूसरी मदद करवाता था। स्वतंत्रता दिवस के आसपास किसी संभावित आतंकी गतिविधि को रोकने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने इस नेटवर्क पर विशेष कार्रवाई की। गृहमंत्री अमित शाह ने इस कार्रवाई को आतंकवाद के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का उदाहरण बताया है। सरकार का कहना है कि सीमा-पार आतंकवाद से जुड़े नेटवर्क को खत्म करने के लिए केंद्रीय और राज्य एजेंसियों के बीच समन्वय के साथ कार्रवाई जारी रहेगी।
सीमा-पार कनेक्शन की जांच
सुरक्षा एजेंसियां अब गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ के जरिए नेटवर्क के दूसरे सदस्यों, फंडिंग चैनल और सीमा-पार संपर्कों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां और बरामदगी होने की संभावना जताई गई है। यानी भारत में आतंकी नेटवर्क के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। शाहजाद भट्टी नेटवर्क पर हुई इस कार्रवाई में 14 राज्यों से 253 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि 200 से ज्यादा गिरफ्तारियां और 80 से ज्यादा FIR सामने आ चुकी हैं। अब जांच एजेंसियों की नजर इस नेटवर्क की फंडिंग, सीमा-पार कनेक्शन और इसके बाकी सदस्यों तक पहुंचने पर है। सवाल सिर्फ एक नेटवर्क को पकड़ने का नहीं, बल्कि भारत की सुरक्षा के खिलाफ तैयार की जा रही हर साजिश को समय रहते नाकाम करने का है। (Shahzad Bhatti Network)



